Raipur News: कृषि संचालक राहुल देव उतरे फील्ड पर,गेहूं-चना बीजों का निरीक्षण, दलहन-तिलहन फसलों की किसानों को दी जानकारी...
Raipur News: कृषि संचालक राहुल देव दफ्तर छोड़कर फील्ड में उतरे और उन्होंने रायपुर तथा धमतरी जिले के गांवों में पहुंच कर विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने दलहन तिलहन फसलों की उपयोगिता के संबंध में किसानों को जानकारी दी तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी नहीं होने पर कृषि विस्तार अधिकारियों को नोटिस जारी किए।

Raipur News: रायपुर। कृषि संचालक राहुल देव विभाग की योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए फील्ड पर उतरे। दफ्तर छोड़ राहुल देव ने रायपुर के अभनपुर विकासखंड और धमतरी के गांवों का निरीक्षण किया। इस दौरान सेवा सहकारी समितियों के अलावा खेतों का निरीक्षण कर फसलों की जानकारी ली। ग्रीष्मकाल में धान के अलावा अन्य फसल लेने हेतु किसानों को प्रेरित भी किया। विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध नहीं होने पर कृषि विस्तार अधिकारियों को नोटिस भी जारी करने के निर्देश कृषि संचालक राहुल देव ने दिए।
संचालक कृषि राहुल देव (आईएएस) द्वारा विकासखंड-अभनपुर के ग्राम-मानिकचौरी के सेवा सहकारी समिति का भ्रमण के दौरान निरीक्षण किया गया एवं समिति में रखे गेहूं, चना, बीज का निरीक्षण किया एवं कृषकों से समक्ष में चर्चा करते हुए दलहन तिलहन फसल की उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई एवं रबी में भूमिगत जल के अपव्यय को रोकने हेतु ग्रीष्मकालीन धान नहीं लेने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि ग्रीष्मकालीन धान लेने से भूमिगत जल स्तर लगातार गिरते जा रहा है जिसके कारण रोजमर्रा की जिन्दगी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक की पशुओं को पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि भूमि में अलग-अलग फसल लगाने से भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ती है। पी.एम. आशा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत राज्य शासन द्वारा अरहर, मूंग, उड़द, मंगफली, सोयाबीन, चना, मसूर एवं सरसों की खरीदी समर्थन मूल्य पर कर रही है। संचालक महोदय द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजनांतर्गत कृषकों को मसूर मिनीकीट का वितरण किया।
भ्रमण के दौरान विकासखंड के ग्राम-डोगीतराई क्षेत्र में कृषक के खेत में सरसों के उतेरा फसल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के पास क्षेत्र की आधारभूत एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी नहीं होने एवं संतोषप्रद जवाब नहीं देने कारण नाराजगी व्यक्त करते हुए राजेन्द्र देवांगन प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अभनपुर, रवीन्द्र सोनारे ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी कुर्रा वि.ख. अभनपुर एवं टुना गांगुली ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी पिपरौद वि.ख. अभनपुर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने उप संचालक कृषि रायपुर को निर्देशित किया गया। भ्रमण के दौरान चिरंजीव सरकार, उप संचालक कृषि संचालनालय कृषि, ममता पाटिल, प्रभारी उप संचालक कृषि रायपुर, राजेन्द्र देवांगन प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी वि.खं.-अभनपुर उपस्थित रहें।
धमतरी जिले का भी किया निरीक्षण
संचालक कृषि द्वारा रायपुर जिले के अलावा धमतरी जिले का भी निरीक्षण किया गया। बीज प्रक्रिया केन्द्र मरौद, जिला धमतरी का कृषि संचालक द्वारा निरीक्षण किया गया। संचालक राहुल देव द्वारा जिले में आयोजित फसल प्रदर्शन एवं विभागीय गतिविधियों के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए जानकारी लिया गया एवं आवश्यक निर्देश दिया गया।
बीज उत्पादक कृषक दिनेश कश्यप, ग्राम-कुण्डेल, बाबुलाल साहू ग्राम-मेघा एवं डेमुराम साहू, ग्राम-मोतिमपुर से बीज उत्पादन, उर्पाजन, प्रमाणीकरण, भुगतान के संबंध में जानकारी लिया गया। संचालक महोदय द्वारा समय पर कृषकों को बीज उपलब्ध कराने एवं प्रक्षेत्र के खाली पड़े कृषि भूमि धान के स्थान पर दलहन-तिलहन फसलों की बुवाई करने का निर्देश दिया गया एवं भण्डारित सरसो बीज को विभागीय योजनान्तर्गत वितरित करने हेतु निर्देशित किया गया। भ्रमण में चिरंजीव सरकार, उप संचालक कृषि, संचालनालय कृषि रायपुर एवं मनोज सागर, अनुविभागीय कृषि अधिकारी धमतरी के साथ विभागीय मैदानी अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
