रायपुर में डेढ़ साल के मासूम की मौत: खेलते-खेलते पानी टंकी में गिरा, जानिए कैसे हुई घटना

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
रायपुर 23 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां डेढ़ साल का एक मासूम खेलते-खेलते अपने घर के पानी टंकी में गिर गया, जिसमें डूबने से उसकी मौत हो गई। यह घटना राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में हुई है।
कब और कैसे हुई घटना ?
जानकारी के मुताबिक, रोहित साहू अपने परिवार के साथ अमलीडीही स्थित महात्मा गांधी नगर गली नंबर 1 में रहता है। रविवार को वो और उसकी पत्नी काम पर गए थे। रोहित का डेढ़ साल का बेटा अपनी दादी के साथ घर पर अकेला था। नहलाने के बाद दादी पोता को तैयार कर रही थी और जब वह किसी काम से घर के अंदर गई, तो मासूम गायब हो गया।
कैसे हुआ घटना का खुलासा ?
पोता दिखाई नहीं देने पर दादी ने उसकी तलाश शुरु की और पड़ोसियों से पूछताछ की। खोजबीन के बाद भी जब मासूम कहीं दिखाई नहीं दिया, तो उसने बच्चा चोरी के शक में डायल 112 को इसकी जानकारी दी और बच्चे की तलाश शुरु की, जिसके बाद एक पड़ोसी ने शक के आधार पर घर के पोर्च में बने 7 फीट के पानी टंकी में बच्चे की तलाश की तो वह मिल गया। इसके बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की दादी ने क्या कहा ?
मृत बच्चे की दादी ने कहा कि उनका घर अभी बन रहा है इसलिए टंकी पूरी तरह से बंद नहीं थी। आमतौर पर टंकी को पाटे से ढककर उस पर ईंट रख देते थे। घटना वाले दिन बाहर पेंटिंग का काम चल रहा था और पेंटरों ने पानी निकालने के लिए ढक्कन हटाकर उसे खुला छोड़ दिया था। इसी वजह से ये हादसा हुआ।
पुलिस ने क्या कहा ?
घटना की जानकारी मिलते ही राजेंद्र नगर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही मामले की जांच शुरु कर दी है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि बच्चे की मौत घर के पोर्च में बने 7 फीट के पानी टंकी में गिरकर हुई है। शुरुआती जांच में लापरवाही सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

मेरा नाम चित्रसेन साहू है, मै साल 2017 से जर्नलिज्म के फील्ड पर हूं। मैने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता यूनिवर्सिटी से बैचलर डिग्री (BJMC) के बाद पोस्ट ग्रेजुएशन (M.SC EM) किया है। MY NEWS 36, JUST 36 NEWS, RPL NEWS, INH24x7 NEWS, TV24 NEWS के बाद NPG NEWS में डेस्क एडिटर्स पर अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे क्राइम-राजनीतिक और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों पर खास इंटरेस्ट है।
-
Home
-
Menu
