रायपुर के लकड़ी फैक्ट्री में लगी भीषण आग, ट्रैक्टर और मशीनें जलकर खाक, दो कर्मचारियों को...
उरला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित लकड़ी फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर ट्रैक्टर और कई मशीनें जलकर खाक हो गई।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
रायपुर 14 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित लकड़ी फैक्ट्री में शुक्रवार रात भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि इसकी चपेट में आने से ट्रैक्टर और कई मशीनें जलकर खाक हो गई। फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी की जान तो नहीं गई है, लेकिन माल की हानि जरूर हुई है। यह घटना उरला थाना क्षेत्र की है।
पढ़िए पूरी खबर
उरला थाना क्षेत्र के भीम सरिया मिनरल प्रा लि लकड़ी फैक्ट्री में शुक्रवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस आग की चपेट में आकर ट्रैक्टर और कई मशीनें जलकर खाक हो गई। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
कैसे बची दो कर्मचारियों की जान ?
जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात अचानक से आग लग गई और इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया और इसकी सूचना फायर ब्रिगेड की टीम को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंची और दमकल विभाग के कर्मचारियों ने फैक्ट्री के अंदर फंसे दो कर्मचारियों को बाहर निकाला।
कैसे लगी आग ?
दमकल विभाग की टीम ने जब तक आग पर काबू पाया तब तक वहां की कई मशीनें और एक ट्रैक्टर भी जलकर खाक हो गई। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फैक्ट्री में यह आग कैसे लगी अभी इसका खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।
