Begin typing your search above and press return to search.

Raigarh News: डीजल चोर गैंग का भंडाफोड़, हाइवा से करते थे चोरी, ड्राइवर से मारपीट व लूट की घटना को दिए थे अंजाम

Raigarh News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में डीजल चोरी गैंग पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की टीम ने डीजल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पकड़ा है।

Raigarh News: डीजल चोर गैंग का भंडाफोड़, हाइवा से करते थे चोरी, ड्राइवर से मारपीट व लूट की घटना को दिए थे अंजाम
X
By Sandeep Kumar

Raigarh News: रायगढ़। तमनार क्षेत्र में हाईवा वाहनों से डीजल चोरी कर चालक से मारपीट कर नगदी लूटने वाले गिरोह पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन, करीब 170 लीटर डीजल, नगदी 500 रुपये तथा अपराध में प्रयुक्त लोहे का रॉड, डंडा और पाइप जब्त किया।

घटना के संबंध में हाईवा चालक मुकेश यादव निवासी उमरिया मध्यप्रदेश ने 3 मार्च को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह वर्तमान में भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में हाईवा चालक का कार्य करता है। 2 मार्च की रात वह अपने हाईवा क्रमांक CG 10 BK 9082 को भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में खड़ा कर वाहन में ही सोया हुआ था। साइडिंग में अन्य पांच हाईवा भी खड़े थे, जिनके चालक होली मनाने अपने-अपने घर चले गए थे।

रात करीब 3 से 3.30 बजे के बीच उसे वाहन से आवाज सुनाई दी, जिस पर नीचे उतरकर देखने पर तीन अज्ञात व्यक्ति उसके हाईवा से डीजल चोरी करते मिले। चालक के चिल्लाने पर आरोपी डीजल का डिब्बा लेकर भागने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर दो आरोपी वापस आए और मोबाइल व पैसे की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडे से मारपीट कर चालक की जेब में रखे 200 और 100 रुपये के कुल 500 रुपये लूट लिए तथा वहां खड़े अन्य हाईवा वाहनों से भी डीजल चोरी करने लगे। चालक वहां से भागकर मोबाइल के माध्यम से वाहन मालिक को घटना की जानकारी दिए। आरोपियों द्वारा लगभग 175 लीटर डीजल चोरी कर सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन से सराईडीपा की ओर भागने की जानकारी दी गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16,500 रुपये बताई गई।

मामले में थाना तमनार में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 48/2026 धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। थाना प्रभारी ने पीड़ित चालक, आसपास के ग्रामीणों और मुखबिरों से जानकारी एकत्र कर संदिग्धों की तलाश तेज की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों कैलाश दास मंहत, गोविन्द सिदार और सुनील यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुनील यादव के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन सीजी 13 AZ 2647 तथा एक प्लास्टिक गैलन में 50 लीटर डीजल और चार प्लास्टिक गैलन में 30-30 लीटर कुल 170 लीटर डीजल, आरोपी कैलाश दास मंहत से नगदी 500 रुपये और बांस का डंडा तथा आरोपी गोविन्द सिदार से लोहे का रॉड और प्लास्टिक पाइप जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में (1) कैलाश दास मंहत पिता स्व. पुनीदास मंहत उम्र 30 वर्ष (2) गोविन्द सिदार पिता स्व. महेत्तर सिदार उम्र 24 वर्ष (3) सुनील यादव पिता मेघनाथ यादव उम्र 28 वर्ष तीनों निवासी ग्राम चितवाही थाना तमनार जिला रायगढ़ शामिल हैं। तीनों आरोपियों को लूट के अपराध में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरममजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन पर संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव, सहायक उप निरीक्षक सुरीत सिंदार, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद राठिया, आरक्षक पुरूषोत्तम सिदार, पुष्पेन्द्र सिदार, शशिभूषण उरांव व अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही है ।

आरोपियों से जब्त

स्कॉर्पियो वाहन सीजी 13 AZ 2647, लूट की रकम 500 रूपये तथा 170 लीटर डीजल, जुमला कीमती 10 लाख 15 हजार 980 रूपये

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “रायगढ़ जिले में चोरी, लूटपाट और डीजल चोरी जैसी संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। औद्योगिक क्षेत्रों और परिवहन से जुड़े स्थानों पर ऐसे अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

Sandeep Kumar

संदीप कुमार कडुकार: रायपुर के छत्तीसगढ़ कॉलेज से बीकॉम और पंडित रवि शंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी से MA पॉलिटिकल साइंस में पीजी करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं। पिछले 10 सालों से विभिन्न रीजनल चैनल में काम करने के बाद पिछले सात सालों से NPG.NEWS में रिपोर्टिंग कर रहे हैं।

Read MoreRead Less

Next Story