Begin typing your search above and press return to search.

CG में खाई में गिरी पिकअप: दो की मौत, 20 से ज्यादा घायल, मातम में बदली सगाई की खुशियां

Road Accident: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार रात तेज रफ्तार पिकअप बेकाबू होकर खाई में गिर गई। हादसे में पिकअप में सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। पिकअप सवार सभी सगाई से लौट रहे थे। ब्रेक फेल होने के कारण एक्सीडेंट होना बताया जा रहा है।

road accident
X

npg.news

By Radhakishan Sharma

रायगढ़ 26 फरवरी 2026, छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार रात तेज रफ्तार पिकअप बेकाबू होकर खाई में गिर गई। हादसे में पिकअप में सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। पिकअप सवार सभी सगाई से लौट रहे थे। ब्रेक फेल होने के कारण एक्सीडेंट होना बताया जा रहा है। घटना कापू थाना क्षेत्र की है।

हादसे में घायल कालाराम राठिया (60) और छतरसिंह राठिया (60) की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाकी घायलों का इलाज जारी है। सभी बंगुरसुता गांव के रहने वाले हैं, राठिया समाज हैं। पिकअप में करीब 25 से 30 लोग सवार थे।

हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों बुजुर्गों के शव का पंचनामा तैयार कर उन्हें मॉर्चुरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कैसे हुआ हादसा ?

बुधवार सुबह छाल थाना क्षेत्र के बंगुरसुता गांव से राठिया समाज के करीब 25-30 लोग पिकअप में सवार होकर कापू थाना क्षेत्र के गोसाईपोड़ी गांव पहुंचे थे। सभी लोग रणविजय राठिया के घर सगाई कार्यक्रम में फलदान करने पहुंचे थे।

दिनभर कार्यक्रम में शामिल रहने के बाद शाम करीब 7 बजे सभी लोग पिकअप से वापस लौट रहे थे। रात तकरीबन 8 बजे मड़वाताल-जमरगा मार्ग पर पहुंचते ही तेज रफ्तार पिकअप अचानक बेकाबू हो गई और खाई में पलट गई।

पिकअप के पलटते ही चीख-पुकार मच गई और सभी ग्रामीण घायल हो गए। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर घटनास्थल पर पहुंचकर मदद शुरू की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत कार्य शुरू किया।

इलाज के दौरान दो की मौत

एंबुलेंस से घायलों को कापू अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान बंगुरसुता निवासी कालाराम राठिया और छतरसिंह राठिया की मौत हो गई। हादसे में नीरज राठिया, देवेंद्र, बालसिंह, रामकुमार, गाढ़ाराम राठिया, विपल राम राठिया, राशीराम राठिया, सुमेंद्र राठिया, विजय राठिया सहित करीब 20 लोग घायल हुए हैं।

धर्मजयगढ़ और रायगढ़ में चल रहा इलाज

कुछ घायलों के हाथ-पैर टूट गए हैं, जबकि कुछ के सिर में गंभीर चोट आई है। सभी घायलों को पहले धर्मजयगढ़ अस्पताल ले जाया गया। करीब 8 से 10 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है। घटना के बाद पिकअप ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि पिकअप सवार सभी लोग राठिया समाज हैं। सगाई कार्यक्रम में फलदान कर लौट रहे थे। इस दौरान पिकअप पलट गई। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story