Begin typing your search above and press return to search.

Bilaspur High Court: हाई कोर्ट का महत्वपूर्ण फैसला: कहा- पत्नी की WhatsApp चैट और कॉल रिकॉर्डिंग फैमिली कोर्ट में होंगी मान्य

Bilaspur High Court: हाई कोर्ट ने अपने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है, पत्नी के वाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्डिंग को फैमिली कोर्ट मान सकता है पुख्ता सबूत। कोर्ट ने कहा,अगर प्राइवेसी के नाम पर सबूतों को रोका गया, तो फैमिली कोर्ट का उद्देश्य ही खत्म हो जाएगा।

Bilaspur High Court
X

सोर्स- इंटरनेट, एडिट- npg.news

By Radhakishan Sharma

High Court ka Faisla: बिलासपुर। हाई कोर्ट ने अपने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है, पत्नी के वाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्डिंग को फैमिली कोर्ट मान सकता है पुख्ता सबूत। कोर्ट ने कहा,अगर प्राइवेसी के नाम पर सबूतों को रोका गया, तो फैमिली कोर्ट का उद्देश्य ही खत्म हो जाएगा।

हाई कोर्ट ने वैवाहिक विवादों में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मंजूर करने को लेकर महत्वपूर्ण व्यवस्था दी है। जस्टिस सचिन सिंह राजपूत की सिंगल बेंच ने कहा कि फैमिली कोर्ट के पास यह विशेष शक्ति है कि वह मामले के प्रभावी निपटारे के लिए किसी भी दस्तावेज या जानकारी को सबूत के तौर पर स्वीकार कर सकता है, भले ही वह एविडेंस एक्ट के तहत सामान्य रूप से स्वीकार्य न हो। हाई कोर्ट ने पत्नी की याचिका खारिज कर दी है।

रायपुर निवासी व्यक्ति ने फैमिली कोर्ट में पत्नी से तलाक की मांग करते हुए याचिका लगाई थी। पति ने पत्नी की अन्य लोगों के साथ हुए वाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्डिंग को रिकॉर्ड पर लेने के लिए आवेदन दिया। पत्नी ने इसका विरोध करते हुए आरोप लगाया कि पति ने उसका मोबाइल हैक कर अवैध तरीके से ये सबूत जुटाए हैं, जो उसकी प्राइवेसी यानी निजता के अधिकार का उल्लंघन है। हालांकि फैमिली कोर्ट ने पति की अर्जी स्वीकार कर ली थी, जिसके खिलाफ पत्नी ने हाई कोर्ट में मामला प्रस्तुत किया।

मामले पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत निजता का अधिकार पूर्ण नहीं है। फेयर ट्रायल यानी निष्पक्ष सुनवाई का अधिकार सार्वजनिक न्याय से जुड़ा है और यह प्राइवेसी के व्यक्तिगत अधिकार से ऊपर है। अगर प्राइवेसी के नाम पर सबूतों को रोका गया, तो फैमिली कोर्ट का उद्देश्य ही खत्म हो जाएगा।

फैमिली कोर्ट को यह विशेष अधिकार

हाई कोर्ट ने कहा कि फैमिली कोर्ट एक्ट की धारा 14 यह शक्ति देती है कि वह किसी भी ऐसी सामग्री को सबूत मान सकती है जो विवाद सुलझाने में सहायक हो। सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि यदि सबूत प्रासंगिक है, तो इससे फर्क नहीं पड़ता कि उसे किस तरह हासिल किया गया है।कोर्ट ने कहा कि अदालतों को दो पक्षों के हितों के बीच संतुलन बनाना होता है। पति को अपनी बात साबित करने के लिए प्रासंगिक सबूत पेश करने का मौका मिलना चाहिए।

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story