Begin typing your search above and press return to search.

Mahatari Vandan Scheme: छत्तीसगढ़ में नारी शक्ति का सम्मान, CM विष्मणुदेव की महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 12 हजार 376 करो़ड़ की राशि खाते में पहुंची

Mahatari Vandan Scheme: छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना से सूबे की महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर हो रही बल्कि नारी सशक्तिकरण की दिशा में यह योजना मील का पत्थर साबित हो रहा।

Mahtari Vandan Yojna:
X

Mahtari Vandan Yojna

By Sandeep Kumar

रायपुर। छत्तीसगढ़ में महिलाओं की सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बन चुकी महतारी वंदन योजना ने अब तक लाखों महिलाओं के जीवन में नई रोशनी ला दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में संचालित यह योजना न केवल आर्थिक सहारा बनी है, बल्कि महिलाओं की आत्मनिर्भर और आत्मसम्मान से परिपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा भी दे रही है। पहले महिलाओं को रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करना भी चुनौती था, लेकिन अब वे घरेलू खर्चों में राहत मिली है और वे अपने बच्चों की पढ़ाई तथा स्वास्थ्य जैसे जरूरी विषयों पर भी ध्यान दे पा रही हैं। राज्य सरकार द्वारा 10 मार्च 2024 को शुरू की गई महतारी वंदन योजना के अंतर्गत एक हजार रुपए की राशि सीधे महिलाओं के खातों में हर महीने ट्रांसफर की जा रही है।

21 से 60 वर्ष की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा एवं परित्यक्ता महिलाओं को यह सहायता हर माह प्रदान की जा रही है। यह योजना सिर्फ आर्थिक मदद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की एक ठोस बुनियाद बन चुकी है।महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ की उन लाखों महिलाओं के लिए आशा की किरण बनकर उभरी है, जो कभी अभाव और असमानता के बीच जीवन बिता रही थीं। अब वे आत्मनिर्भर, सम्मानित और सशक्त नागरिक के रूप में समाज में अपनी भूमिका निभा रही हैं। यह योजना सामाजिक बदलाव का एक अद्वितीय उदाहरण बन चुकी है, जो आर्थिक सहायता के माध्यम से आत्मसम्मान की ओर का मार्ग प्रशस्त कर रही है।

हर घर आई खुशहाली

महतारी वंदन योजना से प्राप्त आर्थिक सहायता ने बालोद जिले के सोहागपुर निवासी कुंती देवी बताती हैं कि उनके कठिन जीवन में स्थायित्व और आशा की किरण जगी है। खेती और मजदूरी के सहारे जीवन यापन करने वाले इस परिवार के लिए योजना की एक हजार रुपये की मासिक सहायता जीवन में परिवर्तनकारी साबित हुई है। कुंती अब स्वयं को आत्मनिर्भर और सम्मानित नागरिक के रूप में महसूस करती हैं। जांजगीर जिले के मुनुंद गांव की महिलाओं ने योजना को लेकर कहा कहा कि योजना से प्राप्त वित्तीय सहायता ने न सिर्फ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त किया है, बल्कि समाज में उनकी पहचान को भी मजबूत किया है। आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी की भावना से ओत-प्रोत ये महिलाएं अब अपने परिवार की खुशहाली की दिशा में भी सक्रिय योगदान दे रही हैं।

69,15,994 महिलाओं को 19वीं किस्त का भुगतान

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए इस योजना की शुरुआत मार्च 2024 में की गई थी। अब तक लगातार योजना के अंतर्गत 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा एवं परित्यक्ता महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रूपए की सहायता राशि प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ जिले के खरसिया में आयोजित कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 19वीं किस्त का भुगतान किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की 69,15,994 महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 1000-1000 रुपये की राशि अंतरित की। कुल 647.13 करोड़ रुपये की यह राशि एक क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित की गई।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उनके आत्मसम्मान को सशक्त करने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आर्थिक सहयोग न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा, बल्कि परिवार की आर्थिक मजबूती और सामाजिक सुरक्षा में भी सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी है और उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कदम उठाती रहेगी।

यहां से देखें सारी डिटेल

योजना से होने वाले भुगतान एवं अन्य जानकारी से अवगत होने के लिए महतारी वंदन योजना के पोर्टल अथवा महतारी वंदन योजना का मोबाईल ऐप भी है जिसे हितग्राही प्लेस्टोर से डाउनलोड कर अपनी जानकारी देख सकते हैं। महतारी वंदन योजनांतर्गत सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। जिन हितग्राहियों का खाता डीबीटी इनेबल नहीं है वे तत्काल बैंक जाकर आधार सीडिंग करवायें क्योंकि उनको भुगतान किये जाने पर राशि वापस हो जा रही है तथा इस हेतु उन्हें एसएमएस के माध्यम से सूचित भी किया गया है। यदि किसी हितग्राही को किसी प्रकार की शिकायत हो तो इस पोर्टल में शिकायत करें ऑप्शन में जाकर अपनी समस्या ऑनलाईन दर्ज कर सकती है।

आर्थिक स्वावलंबन की क्रांति

1 मार्च 2024 से लागू महतारी वंदन नाम की महत्वाकांक्षी योजना ने राज्य की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में क्रांति ला दी है। विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपए सीधे बैंक खाते में हस्तांतरित किए जा रहे हैं।मार्च 2024 से सितम्बर 2025 तक 69.15 लाख से अधिक महिलाओं को 12,376.19 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है।यह राशि महिलाओं की आत्मनिर्भरता, पोषण और मूलभूत जरूरतों की पूर्ति में सहायक है।चालू वित्तीय वर्ष में इस योजना के लिए 5, 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

4 अक्टूबर को माई दंतेश्वरी की धरती से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दी महतारी वंदन की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मोदी की गारंटी’ के तहत शुरू की गई महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ की बहनों के जीवन में नई रोशनी लाई है। यह योजना केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ाने वाला ऐतिहासिक कदम है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 4 अक्टूबर को जगदलपुर में बस्तर दशहरा एवं मुरिया दरबार के अवसर पर माई दंतेश्वरी की धरती से राज्य की 64 लाख 94 हजार 768 हितग्राही महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त के रूप में 606 करोड़ 94 लाख रुपये की राशि अंतरित करते हुए यह बात कही।केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि हर महिला सशक्त और आत्मनिर्भर बने तथा देश के सामाजिक और आर्थिक विकास में बराबरी की भागीदारी निभाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने जिस पारदर्शिता और प्रतिबद्धता से इस योजना को लागू किया है, वह पूरे देश के लिए एक आदर्श है।

यह योजना आने वाले वर्षों में प्रदेश के सतत विकास और महिला सशक्तिकरण की मजबूत नींव साबित होगी।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ की बहनों के जीवन में आत्मविश्वास और सम्मान की नई ऊर्जा का संचार कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मोदी की गारंटी’ के रूप में मिली यह सौगात हमारे प्रदेश की महिलाओं को न केवल आर्थिक सहयोग दे रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज और परिवार में एक नई पहचान भी दिला रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि छत्तीसगढ़ की हर महिला सशक्त बने और विकास की यात्रा में बराबरी की भागीदार बने। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ सरकार की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनाने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। महतारी वंदन योजना ने प्रदेश की महिलाओं को न केवल घरेलू जरूरतों को पूरा करने का साधन दिया है, बल्कि उन्हें समाज में आत्मसम्मान और आर्थिक स्वतंत्रता के साथ जीने का अवसर भी प्रदान किया है।

Sandeep Kumar

संदीप कुमार कडुकार: रायपुर के छत्तीसगढ़ कॉलेज से बीकॉम और पंडित रवि शंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी से MA पॉलिटिकल साइंस में पीजी करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं। पिछले 10 सालों से विभिन्न रीजनल चैनल में काम करने के बाद पिछले सात सालों से NPG.NEWS में रिपोर्टिंग कर रहे हैं।

Read MoreRead Less

Next Story