CG में दो दिन में दो प्रेमी जोड़ों ने किया सुसाइड: पेड़ पर फांसी से लटकी मिली लाश, इलाके में फैली सनसनी
Mahasamund News: प्रेमी जोड़े की लाश पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकी मिली। युवती के हाथ में अंकिता नाम का टैटू भी गुदवाया गया है।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
महासमुंद 30 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ के महासमुंद में दो दिनों के अंदर दो प्रेमी जोड़े ने आत्महत्या कर ली है। ताजा मामला पिथौरा थाना क्षेत्र का है, जहां सोमवार सुबह प्रेमी जोड़े की लाश पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकी मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच शुरु कर दी है।
कब और कहां मिली प्रेमी जोड़े की लाश ?
शुरुआती जांच में सामने आया कि युवती नाबालिग थी और वो खल्लारी थाना क्षेत्र के धरमपुरा गांव की रहने वाली थी। युवती के हाथ में अंकिता नाम का टैटू भी गुदवाया गया है। वहीं युवक पटेवा थाना के बनपचरी गांव का रहने वाला था। लोगों ने जब सोमवार सुबह पिथौरा थाना क्षेत्र के पोटापारा में दोनों की लाश को पेड़ पर लटके देखा, तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद घटना स्थल को घेरकर जांच और तलाशी ऑपरेशन चलाया गया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शव को फांसी के फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरु कर दी गई है।
एक दिन पहले एक और जोड़े ने की थी आत्महत्या
बता दें कि इससे पहले रविवार सुबह भंवरपुर थाना क्षेत्र में प्रेमी जोड़े की लाश पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकी मिली थी। मृतक की पहचान मुड़ीडीह गांव में रहने वाले सूरज सेन (28) के रूप में हुई थी। वहीं 21 वर्षीय युवती बिलाईगढ़ के एक गांव की रहने वाली थी। दोनों के घर वाले उनके रिश्ते से नाराज थे, जिसके चलते वे 25 मार्च को घर से लापता हो गए थे और 29 मार्च की सुबह दोनों की लाश मुड़ीडीह गांव में पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटकी मिली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
विशेष नोट- खुदकुशी करना किसी समस्या का समाधान नहीं है। अगर आपके या आपके किसी जान-पहचान वाले के मन में आत्महत्या का ख्याल आता है तो यह बेहद गंभीर है। इस इमरजेंसी की स्थिति में आप तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें। इसके अलावा टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल किया जा सकता है। यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे। क्योंकि, जान है तो जहान है।
