Begin typing your search above and press return to search.

Korba News: ट्रिपल मर्डर: आईजी ने किया घटना स्थल का निरीक्षण, दिए महत्वपूर्ण निर्देश...

Korba News: कोरबा में तांत्रिक क्रिया के दौरान स्क्रैप कबाड़ी सहित तीन की मौत के मामले में आईजी संजीव शुक्ला ने आज घटनास्थल का कोरबा पहुंच कर निरीक्षण किया। मामले में उन्होंने विभिन्न बिंदुओं में जांच के दिशा निर्देश दिए।

Korba News: ट्रिपल मर्डर: आईजी ने किया घटना स्थल का निरीक्षण, दिए महत्वपूर्ण निर्देश...
X
By Radhakishan Sharma

Korba News: कोरबा। कोरबा जिले के कुदरी क्षेत्र में स्थित स्क्रैप कारोबारी अशरफ मेमन के फार्म हाउस में बुधवार की शाम से रात तक तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे शहर को हिला दिया। मृतकों में अशरफ मेमन, सुरेश साहू और नीतीश कुमार शामिल हैं। शुरुआती खबरों में यह घटना “तंत्र-मंत्र” क्रिया से जोड़कर देखी जा रही है, लेकिन जिन लोगों ने अशरफ को करीब से जाना, उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि वह खुद ऐसे जाल में फंस सकता था। घटना के बाद आईजी संजीव शुक्ला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए। मामला उरगा थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, इस क्रिया के लिए बिलासपुर जिले से राजेंद्र नामक बैगा अपने चार साथियों और एक वृद्ध के साथ आया था। उनका उद्देश्य फार्म हाउस में झरन विधि करना था। कमरे के भीतर बैगा ने एक-एक कर तीनों पीड़ितों को 10-10 मिनट के अंतराल पर बुलाया।

शाम 7 बजे तक जब कमरे से जब कोई बाहर नहीं निकला, तो बाहर खड़े बैगा के साथियों ने पूछताछ शुरू की। लेकिन बैगा लगातार जवाब टालता रहा और पीड़ितों को अस्पताल ले जाने से इंकार करता रहा। इसके बाद भी बैगा कहता रहा कि मंत्र क्रिया चल रही है। तीनों को अंततः रात 10 बजे अस्पताल ले जाया गया, तब तक उनकी जान जा चुकी थी।

झरन विधि करने की आशंका

सूत्रों के मुताबिक, झरन विधि के दौरान नींबू और नायलॉन की रस्सी का इस्तेमाल किया गया। मृतकों को यह भरोसा दिलाया गया कि गले में नींबू फंसाकर रस्सी खींचने से उन्हें आर्थिक लाभ मिलेगा। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि इसी दौरान सांस की नली पर दबाव पड़ने से तीनों की मृत्यु हुई।

संदेह और जांच के एंगल

पुलिस यह भी देख रही है कि कहीं यह किसी बाहरी साजिश या रंजिश का हिस्सा तो नहीं था। विषाक्त पदार्थ देने का भी संदेह जताया जा रहा है, क्योंकि क्रिया में शामिल बैगा स्वयं सुरक्षित रहा। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और मृतकों के आपसी संबंध व रंजिश के पहलुओं को भी जांच का हिस्सा बनाया है।

आईजी पहुंचे कोरबा

बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला ने कोरबा पहुंचकर फार्म हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने एसपी सिद्धार्थ तिवारी को जांच की दिशा में आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है,जल्द ही घटना का खुलासा होगा।

शहर में मचा हड़कंप

मृतक अशरफ मेनन की गिनती बड़े स्क्रैप कारोबारियों में होती थी। इसके अलावा दो अन्य सुरेश साहू और नीतीश कुमार की भी मौत हुई है। मृतकों के परिवार और शहरवासी इस रहस्य से पर्दा उठने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लोगों को अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह तंत्र-मंत्र के चलते घटी घटना है या कोई जानबूझकर की गई साजिश।

Next Story