Begin typing your search above and press return to search.

खल्लारी रोपवे हादसे में शिक्षिका की मौत, अंतिम संस्कार की रस्में निभाते दर्द से कराह उठा पति, परिवार और नर्स की आंखों से छलके आंसू

Khallari Ropeway Accident: शिक्षिका आयुषी धावरे के अंतिम संस्कार से पहले एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब उनके पति ऋषभ धावरे उन्हें अंतिम विदाई तक नहीं दे सके। इस दौरान परिवार के साथ ही नर्स की भी आंखें नम हो गई।

Khallari Ropeway Accident
X

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news

By Chitrsen Sahu

महासमुंद 25 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में 22 मार्च को श्रद्धालुओं से भरी रोपवे ट्रॉली टूटकर गिर गई। इस हादसे में रायपुर की रहने वाली शिक्षिका आयुषी धावरे की मौत हो गई और उनके पति ऋषभ धावरे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आयुषी के अंतिम संस्कार से पहले एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब उनके पति उन्हें अंतिम विदाई तक नहीं दे सके। इस दौरान परिवार के साथ ही नर्स की भी आंखें नम हो गई।

परिवार के साथ देवी दर्शन के लिए गई थी शिक्षिका

बता दें कि आयुषी धावरे (28) की शादी चार महीने पहले 23 नवंबर 2025 में रायपुर के राजातालाब में रहने वाले ऋषभ धावरे के साथ हुई थी। आयुषी पाटन के आत्मानंद स्कूल में शिक्षिका के पद पर पदस्थ थी। आयुषी 22 मार्च को पति ऋषभ धावरे, देवर शुभ धावरे और ननद शुभी सहित अन्य सदस्यों के साथ देवी दर्शन के लिए खल्लारी माता मंदिर गई थी।

शिक्षिका की मौके पर मौत

माता का दर्शन कर सभी रोपवे से नीचे उतर रहे थे, तभी केबल टूटने से सभी ट्रॉली के साथ 20 फीट नीचे गिर गए। इस हादसे में मौके पर ही आयुषी धावरे की मौत हो गई। वहीं पति, देवर और ननद गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों को हल्की चोटें आई। ऋषभ धावरे के कमर की हड्डी टूट गई है और उन्हें उठने-बैठने में दिक्कत हो रही है, जिसके चलते उन्हें कौशल्या विहार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



परिवार और नर्स के छलके आंसू

अंतिम दर्शन और रस्में निभाने के लिए आयुषी के शव को अस्पताल लाया गया, जहां ऋषभ भर्ती है। इस दौरान जब ऋषभ ने आयुषी को सुहागन की तरह विदाई देने के लिए सिंदूर से मांग भरने की कोशिश की तो दर्द से उनकी चीख निकल पड़ी और वे बिस्तर पर ही रोने लगे। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद परिवार के सदस्य के साथ ही नर्स की आंखें भी नम हो गई। इसके बाद आयुषी का अंतिम संस्कार महादेव घाट में स्थित मणिकार्णिका घाट में किया गया।

बढ़ा मौत का आंकड़ा

बता दें कि खल्लारी माता मंदिर में 22 मार्च को हुए रोपवे हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। रायपुर की शिक्षिका आयुषी धावरे की मौत के बाद महासमुंद के रहने वाले गोविंद गोस्वामी (47) की भी मौत हो गई है। गोविंद गोस्वामी को रायपुर के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया था, जिन्होंने मंगलवार रात में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं 15 घायलों में से 8 के डिस्चार्ज होने की खबर है।

रोप वे संचालक कंपनी और कर्मचारियों पर FIR दर्ज

जिला प्रशासन ने हादसे की जांच के बाद लापरवाही सामने आने पर मां खल्लारी देवी ट्रस्ट को FIR दर्ज कराने निर्देश दिए। ट्रस्ट ने रोप-वे संचालक कंपनी ‘रोप वे एवं रिसॉर्ट प्राइवेट लिमिटेड, कोलकाता’ और रोपवे संचालन में लगे स्थानीय कर्मचारी बीरबल जंघेल, रामेश्वर यादव के खिलाफ खल्लारी थाने में FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 173 के अंतर्गत सेक्शन 289 एवं 125 (a) के तहत प्रकरण कायम किया है। दोष सिद्ध होने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Chitrsen Sahu

मेरा नाम चित्रसेन साहू है, मै साल 2017 से जर्नलिज्म के फील्ड पर हूं। मैने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता यूनिवर्सिटी से बैचलर डिग्री (BJMC) के बाद पोस्ट ग्रेजुएशन (M.SC EM) किया है। MY NEWS 36, JUST 36 NEWS, RPL NEWS, INH24x7 NEWS, TV24 NEWS के बाद NPG NEWS में डेस्क एडिटर्स पर अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे क्राइम-राजनीतिक और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों पर खास इंटरेस्ट है।

Read MoreRead Less

Next Story