Kabirdham News: डांस टीचर की हत्या, पहले अप्राकृतिक संबंध, फिर ब्लैकमेलिंग, तंग आकर नाबालिग बालक ने चाकू से गला रेतकर उतार दिया मौत के घाट
Kabirdham News: छत्तीसगढ़ में डांस शिक्षक की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। मर्डर करने वाले नाबालिग बालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बालक ने ही चाकू से गला रेतकर हत्या की थी।

Kabirdham News: कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम में चर्चित सत्यमदास मानिकपुरी हत्याकांड को पुलिस ने सुलझा लिया है। हत्या के 56 दिन बाद आरोपी नाबालिग बालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में पता चला कि अप्राकृतिक संबंध और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर बालक ने हत्या की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी बालक ने चाकू से गला रेतकर डांस शिक्षक की हत्या कर दी थी और उसके मोबाइल व सिम को अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया था।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, 17 जनवरी 2026 को थाना कवर्धा क्षेत्र के लालपुर नर्सरी के पीछे सड़क पर एक युवक की लाश मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान युवक की मौत गले में धारदार हथियार से हमला करने से होने की पुष्टि की गई।
पुलिस ने मृतक की पहचान सत्यमदास मानिकपुरी पिता नामदास मानिकपुरी 27 वर्ष निवासी वार्ड न 26 घोठिया रोड कवर्धा के रूप में की गई। मृतक पांडातराई क्षेत्र के एक निजी स्कूल में बच्चों को डांस सिखाता था।
पुलिस ने मामले में धारा 103 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए राजनांदगांव रेंज आईजी बालाजी राव खुद पूरे मामले की निगरानी रख रहे थे। एसपी धमेंद्र सिंह के निर्देश पर अलग-अलग विशेष टीमें गठित कर करीब 56 दिनों तक घटना की जांच चली।
50 हजार मोबाइल नंबर, 500 से अधिक सीसीटीवी
इस दौरान 50 हजार से अधिक मोबाइल नंबरों के काॅल डाटा को खंगाला गया। 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई और 100 से ज्यादा संदिग्ध लोगों से भी लगातार पूछताछ की गई। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही थी। पुलिस ने आरोपी के संबंध में जानकारी देने वाले के लिए 10000 हजार का इनाम भी घोषित कर रखा था।
अप्राकृतिक शारीरिक संबंध
लगातार जांच के दौरान एक नाबालिग बालक और मृतक के बीच बातचीत के सबूत मिले। दोनों के बीच पिछले 3 माह से जान पहचान थी और दोनों के बीच अप्राकृतिक शारीरिक संबंध भी बने। बाद में इसी संबंध को लेकर दोनों के बीच में विवाद भी होता था। जांच में यह बात भी सामने आई कि मृतक डांस टीचर आरोपी नाबालिग बालक को बार बार संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल कर रहा था।
ब्लैकमेलिंग से तंग आकर हत्या
इस जानकारी के बाद पुलिस ने नाबालिग बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि ब्लैकमेलिंग और अप्राकृतिक संबंध के दबाव से परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई थी।
चाकू से रेता गला
घटना वाले दिन उसने व्हाट्सएप काॅल करके डांस टीचर को अपने पास बुलाया था। इसके बाद दोनों स्कूटी से घटना स्थल लालपुर नर्सरी के पीछे पहुंचे। आरोपी बालक घर से ही अपने साथ एक चाकू लेकर आया था। जैसे ही घटना स्थल पर पहुंचे तो उसने डांस टीचर के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में डांस टीचर की मौके पर ही मौत हो गई।
वरदात के बाद आरोपी ने मृतक के मोबाइल और सिम को नदी में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी बालक के कब्जे से स्कूटी और खून से सने कपड़ों को उसके पैतृक गांव से जब्त कर लिया है। पूछताछ के बाद बालक को अभिरक्षा में लेकर घटना के संबंध में आगे की जांच कार्रवाई की जा रही है।
इंटरनेट पर सर्च किए बचने के तरीके
आरोपी बालक ने घटना के बाद इंटरनेट पर सर्च कर घटना के बाद कैसे छुपा जाए, मोबाइल ट्रैकिंग से कैसे बचें, साइकाॅलोजिकल थ्रिलर, लड़कियों से बातचीत के तरीके, साउंड प्रूफ कमरे से संबंधित जानकारी सर्च किया था।
