Jashpur News: अवैध धान का जखीरा बरामद, झारखंड से छत्तीसगढ़ बेचने ला रहे धान से भरी पिकअप और ट्रक...
Jashpur News: छत्तीसगढ़ में अवैध धान के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 342 क्विंटल धान जब्त किया गया है।

Jashpur News: जशपुर। धान को लेकर छत्तीसगढ़ में ताबड़तोड़ कार्रवाई हो रही है। जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुये 580 बोरी में 342 क्विंटल धान जब्त किया है। आरोपी झारखंड से छत्तीसगढ़ धान की तस्करी कर रहे थे। जब्त धान की कीमत 7,86,600 रूपये है।
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के सीजन में जहां धान कोचियों के द्वारा अवैध रूप से सरहदी राज्यों से धान को छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश की जा रही है, वहीं अवैध धान के आमद पर रोक लगाने जशपुर पुलिस व प्रशासन सजग है। एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में लगातार जिले में अवैध धान पर नजर रखी हुई है। साथ ही लगातार कार्रवाई भी की जा रही है।
जशपुर पुलिस के द्वारा अब तक सरहदी राज्यों से अवैध रूप से धान ला रहे कुल 6 ट्रक,19 पिकअप व 1 ट्रैक्टर से 1500 क्विंटल से अधिक धान को जब्त कर कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंपा गया। इसी क्रम में जशपुर पुलिस को फिर थाना लोदाम क्षेत्र से एक ट्रक व एक पिकअप तथा थाना बागबहार क्षेत्र से एक ट्रैक्टर से कुल 58 बोरी में 342 क्विंटल धान को पकड़ने में सफलता मिली है। जब्त धान की कीमत लगभग 7 लाख 86 हजार 600रु है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, 17 दिसम्बर को शाम करीब 9 बजे लोदाम पुलिस नेशनल हाइवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी पुलिस के द्वारा एक संदिग्ध ट्रक क्रमांक CG-14-MD-5550 को रोका गया। पुलिस के द्वारा जब उक्त संदिग्ध ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें 440 बोरी में कुल 300 क्विंटल धान मिला।
ट्रक के ड्राइवर से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम एकुल अंसारी 24 वर्ष निवासी पंडरी थाना चान्हे जिला रांची झारखंड का निवासी होना बताया। धान को बक्सिडीपा, लोहरदगा झारखंड से लेकर लाना बताये। पुलिस के द्वारा धान के संबंध में वैध दस्तावेजों की मांग किए जाने पर उसके द्वारा कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखाया गया। पुलिस के द्वारा संदिग्ध ट्रक को धान सहित जब्त कर कार्रवाई हेतू जिला प्रशासन को सौंपा गया।
इसी क्रम में आज सुबह 7 बजे थाना लोदाम पुलिस पेट्रोलिंग में थी, उसी दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना लोदाम क्षेत्र ग्राम जकबा में एक संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक JH 03-AR-6813 को पकड़ा गया, जिसमें 40 बोरी में 02 क्विंटल धान लोड था। पूछताछ पर पिकअप के ड्राईवर अनुज बखला 23 वर्ष निवासी ग्राम जूरगुम जशपुर का बताया।
धान को आरा क्षेत्र के ग्राम साल्हेकेरा से लेकर आ रहा था और उसके द्वारा भी धान से संबंधित कोई दस्तावेज पेश नहीं किया गया। पुलिस के द्वारा उक्त धान को झारखंड से लेकर आने की अंदेशा पर पिकअप सहित धान को पकड़ कर कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया।
16 दिसम्बर की शाम करीब सात बजे के लगभग थाना बागबहार पुलिस की पेट्रोलिंग टीम के द्वारा भी ग्राम बिरिमडेगा के पास एक ट्रैक्टर वाहन क्रमांक CG-13-AM-6642 को भी संदिग्ध रूप से धान परिवहन करते पकड़ा गया। ट्रैक्टर में 100 बोरी में 40 क्विंटल धान लोड था। पूछताछ पर ट्रेक्टर के मालिक कृष्णा नाग 30 वर्ष निवासी कुकरगांव का होना बताये। पुलिस के द्वारा धान के संबंध में दस्तावेज व बिक्री टोकन की मांग किए जाने पर उसके द्वारा कोई दस्तावेज नहीं दिखाया गया।
आरोपी उक्त धान को अपने रिश्तेदार के यहां से लेकर जा रहा था। पुलिस को संदेह होने पर धान सहित ट्रैक्टर को पकड़ कर कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया।
इस प्रकार जशपुर पुलिस के द्वारा एक ट्रक पिकअप व ट्रैक्टर से कुल 580 बोरी में 342 क्विंटल संदिग्ध धान को पकड़ कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया।
इस कार्रवाई व धान को पकड़ने में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, लव चौहान, अरविंद पैंकरा,आरक्षक लक्ष्मण करशाम, मोहन मरकाम, जयताप यादव व घनश्याम प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस सरहदी क्षेत्रों से अवैध धान परिवहन पर निरंतर निगाह रखी हुई है। लोदाम व बागबहार क्षेत्र से एक ट्रक पिकअप व ट्रैक्टर से पुलिस ने 342 क्विंटल अवैध धान को पकड़ कर कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंपा है। अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की कार्रवाई जारी है।
