EX IAS KR Pisda: पीएससी के पूर्व चेयरमैन और रिटायर आईएएस केआर पिस्दा नहीं रहे, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
EX IAS KR Pisda: छत्तीसगढ़ कैडर के रिटायर आईएएस और छत्तीसगढ़ पीएससी के पूर्व अध्यक्ष केआर पिस्दा का आज देहावसान हो गया। 2020 वे पीएससी चेयरमैन से रिटायर हुए थे। उनके बाद टामन सिंह सोनवानी को कांग्रेस सरकार में पीएससी चेयरमैन बनाया था। पिस्दा का बेटा हितेष पिस्दा इस समय दुर्ग में डिप्टी कलेक्टर हैं।

EX IAS KR Pisda: रायपुर। पूर्व आईएएस केआर पिस्दा के रिटायरमेंट के बाद इतने कम समय में देहावसान से लोग हैरान हैं। आईएएस के सोशल मीडिया ग्रुपों में आज दिन भर श्रद्धांजलि का दौर चला। पीएसस के पूर्व चेयरमैन होने के नाते राज्य सरकार ने राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार करने का निर्देश जारी किया था। सीएम सचिवालय ने मैसेज डालकर कलेक्टर, कमिश्नर को इस मौके पर मौजूद रहने कहा था।
बताते हैं, गृह नगर बालोद में केआर पिस्दा को दिल का दौरा पड़ा और फिर उन्हें बचाया नहीं जा सका। पिस्दा की हार्ट की सर्जरी हुई थी, इसके बाद उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था। उनकी उम्र करीब 66-67 वर्ष होगी।
दंतेवाड़ा में कलेक्टरी का रिकार्ड
बालोद के रहने वाले केआर पिस्दा मध्यप्रदेश के समय राज्य प्रशासनिक सेवा में सलेक्ट हुए थे। वे खरसिया में एसडीएम रहे। फिर जबलपुर में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त। इसके बाद छत्तीसगढ़ बनने के बाद रायगढ़ जिला पंचायत में सीईओ की जिम्मेदारी संभाली। वहां से फिर उन्हें कलेक्टर बनाकर दंतेवाड़ा भेजा गया।
दंतेवाड़ा में उन्होंने पोस्टिंग का रिकार्ड बनाया। वे तीन साल से अधिक समय तक वहां कलेक्टर रहे। सल्वा-जुडूम के दौरान वे दंतेवाड़ा कलेक्टर थे, तब वे काफी चर्चाओं में रहते थे। रमन सरकार ने उनके अनुभवों का लाभ लेने के लिए राजस्व सचिव बनाया। पीएससी चेयरमैन बनते तक वे राजस्व सिकरेट्री रहे। वे सिस्टम की समझ रखने वाले काफी मेहनती अफसर माने जाते थे।