Dinner Diplomacy: CM विष्णुदेव के बाद केंद्रीय मंत्री तोखन साहू दे रहे दिल्ली में रात्रि भोज, बड़े नेता रवाना...
Dinner Diplomacy: राजनीति में भोज का महत्व अलग होता है और फिर भोज देश की राजधानी दिल्ली में हो तो उसका मतलब निकाला जाने लगता है। सीएम विष्णु देव साय के बाद अब केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी भोज दे रहे हैं। क्या है इसका अर्थ? इस बीच शुक्रवार को भाजपा की एक बड़ी बैठक होने वाली है, जिसमें प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष किरण सिंहदेव और अजय जामवाल, पवन साय सहित सभी बड़े पदाधिकारी शामिल होंगे।

Dinner Diplomacy: रायपुर। दिल्ली में संसद सत्र के दौरान अब भोज देने की परंपरा शुरू हो चुकी है। बीते संसद सत्र में राजनांदगांव के सांसद संतोष पांडेय ने सभी सांसदों को भोज दिया था। अब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी सांसदों को भोज देकर चौंका दिया है। छत्तीसगढ़ भवन में सांसदों के अलावा भाजपा के महत्वपूर्ण नेता भी शामिल हुए। इस भोज के साथ ही सांसदों को एक- एक फोल्डर दिया गया, बस पूरी कहानी इसी में छिपी हुई है।
केवल छत्तीसगढ़ राज्य के भाजपा सांसदों के साथ भोज की राजनीति हो रही है, ऐसी बात नहीं है। मध्यप्रदेश के सांसदों को भी ऐसे ही भोज का आमंत्रण मिला था। पार्टी सूत्रों का कहना है कि भाजपा ने भाजपा शासित राज्यों को केेंद्र के साथ समन्वय बढ़ाने का आदेश दिया है। भोज इसी की एक कड़ी है। कई मामले ऐसे होते हैं, जो राज्यों से संबंधित होते हैं, मगर उसका निराकरण या उस पर चर्चा केंद्र में भी होनी चाहिए। इससे मामलों की पारदर्शिता बनी रहती है और हल निकालने में आसानी होती है। राज्यों के विकास के बड़े प्रस्ताव केंद्र को भेजे जाते हैं, यदि ऐसे प्रस्तावों की जानकारी सांसद को भी हो तो उस पर फैसला जल्दी होने से राज्य सरकार को सुविधा हो जाती है। साथ ही राज्यों में चल रहे विकास कार्य या अन्य विषयों की जानकारी सांसद को हो तो वे इसे संसद सत्र में उठा सकते हैं, राज्य की बात रख सकते हैं। अभी ताजा मामला धर्मांतरण का ही था, यह विषय रायपुर से दिल्ली तक गूंजा और कांग्रेस ने संसद में दो ननों की गिरफ्तारी को राष्ट्रीय मुद्दा बनाने का प्रयास किया। इसे राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने संसद में उठाया और घटना को राज्य की आदिवासी महिलाओं की सुरक्षा से जोड़ कर बताया। श्री पांडेय ने भी बीते संसद सत्र के दौरान सभी को भोज पर बुलाया था।
अब तोखन देंगे भोज
केंद्रीय राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू भी कल शुक्रवार को दिल्ली में भोज देने जा रहे हैं। इसमें मुख्यमंत्री श्री साय सहित सभी सांसद शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री के नाते छत्तीसगढ़ में शहरी आवास की कई योजनाओं की जानकारी उन्हें है और लगभग सभी संसदीय क्षेत्रों के लिए योजनाएं मंजूर हुई हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री और सांसद योजना को सुचारु रूप से लागू करने के विषय में उनसे चर्चा कर सकते हैं।
सीएम का दिल्ली दौरा महत्वपूर्ण
सूत्रों का कहना है कि यदि समय मिल गया तो मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं। फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इसके अतिरिक्त सीएम वहां राज्य के विकास से संबंधित मामलों में अन्य नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।
