Chhattisgarh Vidhan Sabha winter Session 2025: औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षक और प्राचार्य के रिक्त पदों की मंत्री ने दी जानकारी, भर्ती के संबंध में यह कहा
Chhattisgarh Vidhan Sabha winter Session 2025: औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्राचार्य और प्रशिक्षक के रिक्त पदों और भर्ती के संबंध में आज कौशल विकास मंत्री ने सदन को जानकारी दी। इसके अलावा प्रदेश में पंजीकृत बेरोजगारों के संबंध में भी जानकारी मंत्री ने दी।

Chhattisgarh Vidhan Sabha winter Session 2025: रायपुर। आज से विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आगाज हो चुका है। आज पहले ही दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अलावा मंत्री रामविचार नेताम, लखन लाल देवांगन,लक्ष्मी राजवाड़े,खुशवंत साहेब अपने–अपने भारसाधक विभागों के सवालों का सदन में जवाब प्रस्तुत कर रहे हैं।
मंत्रिमंडल के पुर्नगठन में नवनियुक्त मंत्री खुशवंत साहेब के कौशल विकास विभाग से संबंधित आईटीआई में रिक्त पदों की जानकारी आज विधानसभा में मांगी गई। जिसकी लिखित जानकारी मंत्री ने दी हैं। विधायक जनक प्रसाद ध्रुव ने कौशल विकास मंत्री खुशवंत साहेब से पूछा कि राज्य ने संचालित प्राचार्य वर्ग दो और प्रशिक्षण अधीक्षक के कुल कितने पद स्वीकृत हैं? स्वीकृत पदों के विरुद्ध कुल कितने पद रिक्त हैं और कुल कितने पद भरे हैं? रिक्त पदों पर भर्ती कब तक कर ली जाएगी?
सवाल के लिखित जवाब में कौशल विकास मंत्री खुशवंत साहेब ने बताया है कि राज्य में संचालित आईटीआई में प्राचार्य वर्ग दो के 150 और प्रशिक्षक के 278 पद स्वीकृत हैं। प्राचार्य वर्ग दो के स्वीकृत पद के विरुद्ध 89 पद भरे हैं एवं 61 पद रिक्त हैं। प्रशिक्षण अधीक्षक के स्वीकृत पद के विरुद्ध 70 पद भरे और 208 पद रिक्त हैं। रिक्त पदों पर भर्ती के संबंध में मंत्री ने बताया कि भर्ती के विषय में समय सीमा बताया जाना संभव नहीं है।
इसी तरह विधायक अंबिका मरकाम ने 2025 की स्थिति में प्रदेश में पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या पूछी है। जिसके जवाब में कौशल विकास मंत्री खुशवंत साहेब ने बताया है कि राज्य में 30 नवंबर 2025 की स्थिति में पंजीकृत रोजगार इच्छुकों की संख्या 15,47,857 हैं।
