Begin typing your search above and press return to search.

भरोसे का जनदर्शनः जनदर्शन में लोगों के बीच पहुंचकर सीएम विष्णुदेव कर रहे समस्याओं का समाधान

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित सीएम हाउस में हर हफ्ते होने वाले जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सीधे सुन रहे हैं और उनका तत्काल समाधान भी किया जा रहा है...

भरोसे का जनदर्शनः जनदर्शन में लोगों के बीच पहुंचकर सीएम विष्णुदेव कर रहे समस्याओं का समाधान
X
By Sandeep Kumar

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित सीएम हाउस में हर हफ्ते होने वाले जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सीधे सुन रहे हैं और उनका तत्काल समाधान भी किया जा रहा है। जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संवेदनशील पहल और त्वरित निर्णयों से लोगों के मन में एक नई आशा का संचार कर दिया है। प्रदेश के सभी कोने से लोग मुख्यमंत्री के जनदर्शन में जुट रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पूरे धैर्य के साथ लोगों की समस्याओं को सुनकर मौके पर ही इनका निराकरण करने के निर्देश देते हैं। जब तक आखरी आवेदक कतार में होता है, मुख्यमंत्री भी अपनी कुर्सी से हिलते नहीं हैं। पूरे समय तक तन्मयता से लोगों को सुनते रहते हैं। जनदर्शन में बड़ी संख्या में भीड़ महिलाओं की होती है। जनदर्शन के तुरंत पश्चात आये सभी आवेदनों के प्रभावी निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया। इसकी मानिटरिंग भी आरंभ कर दी गई है। सुशासन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने की सबसे अहम कड़ी जनता से प्रत्यक्ष संवाद है। जनदर्शन के माध्यम से छत्तीसगढ़ में सुशासन को और भी प्रभावी बनाने में ठोस मदद मिलेगी। महतारी वंदन योजना की संवेदनशील पहल को साकार कर मुख्यमंत्री ने माताओं-बहनों के जीवन में जो उजाला फैलाया, उससे इनके सपनों में पंख लग गये हैं। एक युवा लड़की आयुषी आई और उसने प्रदेश के मुखिया से कहा कि मुझे यूपीएससी की तैयारी करनी है। मेरे पिता कोविड में नहीं रहे, उनका सपना था कि मैं यूपीएससी करूं और मेरा भी यही सपना है। मुख्यमंत्री ने आयुषी बिटिया को भरोसा दिलाया। जब प्रदेश के मुखिया का आशीर्वाद किसी बिटिया को मिले तो निश्चित ही उसके सपनों को पर लग जाते हैं। मुख्यमंत्री न केवल इनके सपनों को पूरा करने मदद कर रहे हैं अपितु उनका हौसला भी बढ़ा रहे हैं।

तुरंत बने दिव्यांग प्रमाणपत्र

जनदर्शन की खास बात यह है कि मुख्यमंत्री न केवल लोगों के आवेदन पर कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं अपितु पूरी संवेदनशीलता से उनकी तकलीफ भी सुन रहे हैं। मुख्यमंत्री की ख्याति प्रदेश में इस बात को लेकर भी है कि केंद्र में राज्य मंत्री रहने के दौरान और अपने लंबे संसदीय जीवन में उन्होंने छत्तीसगढ़ के कई मरीजों का एम्स में इलाज करवाया। इस ख्याति को देखते हुए लोग अपनी स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें लेकर भी पहुंचे और मुख्यमंत्री ने इसका समाधान किया। एक दिव्यांग बालक के इलाज के लिए उन्होंने जनदर्शन में ही निर्देश दिए और बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाकर एडमिट कर दिया गया। पहले जनदर्शन के दौरान सबसे दिल छूने वाला पल वो रहा जब मुख्यमंत्री सीधे दिव्यांगजनों के पास पहुंचे। दिव्यांगजनों को किसी तरह की तकलीफ न हो, इस बात का जनदर्शन में खास ध्यान रखा गया था। जिन दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाने में दिक्कत आ रही थी, उनके दिव्यांग प्रमाणपत्र उसी दिन बनाकर दे दिये गये।

श्रमवीरों के मेधावी बच्चों को दो-दो लाख दिए

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निवास पर 4 जुलाई को दूसरे हफ्ते के जनदर्शन कार्यक्रम में भी नागरिकों में जबरदस्त उत्साह रहा। मुख्यमंत्री साय से मुलाकात करने और अपने आग्रह-अनुरोध के लिए प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग आए। जनदर्शन कार्यक्रम में ’मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना’ के अंतर्गत 13 बच्चों को दो-दो लाख रुपये के चेक दिए गए। इसमें से एक लाख रुपये प्रोत्साहन के रूप में और एक लाख रुपये स्कूटी खरीदने के लिए दिए गए। दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में 2023-24 के टॉप-10 लिस्ट में स्थान बनाने वाले सभी श्रमवीरों के बच्चे हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्रमवीरों के मेधावी बच्चों को दो-दो लाख रुपये के चेक भी दिए।

हेल्थ चेकअप कैंप भी

जनदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री निवास में हेल्थ चेकअप कैंप भी लगाया गया था, जिसका नागरिकों ने लाभ उठाया। स्वास्थ्य शिविर में लोगों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया. खून जांच, बीपी की जांच, शुगर और अन्य आम बीमारियों की जांच की सुविधा शिविर में उपलब्ध कराई गई। इस कार्यक्रम में अनेक ऐसे लोग मुख्यमंत्री को धन्यवाद कहने आए थे, जो पिछले जनदर्शन में आए थे और उनके अनुरोधों का तुरंत निराकरण भी हो गया था।

मां के नाम पर लगाएं पौधा

जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आवास पर अपनी मां के नाम दहीमन का जो पौधा रोपा वह अपने औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है। यह पौधा सरगुजा अंचल में पाया जाता है। मुख्यमंत्री ने लोगों से भी मां के नाम अपने-अपने निवास या गांव में पौधा रोपने की अपील की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल के मन की बात कार्यक्रम में लोगों से एक पेड़ मां के नाम मुहिम में शामिल होने की अपील की थी।

विश्वास और संवाद का सेतु है जनदर्शन

जनदर्शन कार्यक्रम महज जनता से भेंट करने का माध्यम ही नहीं है, यह एक ऐसा विश्वास का सेतु है, जिसमें संवाद भी है और समस्याओं के समाधान के साथ प्रदेश का विकास भी समाहित है। अरसे बाद एक बार फिर मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन कार्यक्रम प्रारंभ हुआ है। इस जनदर्शन कार्यक्रम का लोगों को बेसब्री से इंतजार भी था। वे अपने मुखिया से मिलकर अपना सुख-दुख साझा तो करते ही है, इसके साथ ही संवाद के माध्यम से प्रदेश के विकास की अवधारणा को लेकर अपना मंतव्य प्रकट करते हैं। आदिवासी मुख्यमंत्री होने के साथ ही सरलता, सहजता का पर्याय विष्णुदेव साय अपने मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं।

जरुरतमंद जनता से मुलाकात की सरहानीय पहल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से जनता से सीधे जुड़ने का प्रयास उनके धरातल से जुड़े रहने का अहसास कराता है। साधारण से ग्रामीण परिवार वाले पृष्ठभूमि से आए मुख्यमंत्री गरीबों के साथ जरूरतमंदों के लिए अब आसानी से उपलब्ध रहते हैं। मुख्यमंत्री जैसे पद पर जहां निरन्तर व्यस्तताएं होती है और सभी लोगों तक पहुंच पाना और उनकी समस्याओं को, उनकी बातों को सुन और समझ पाना चुनौती है, ऐसे में जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन करके प्रदेश भर की जरूरतमंद जनता से मुलाकात करने का निर्णय साहसिक और सराहनीय भी है।

हमेशा उपलब्ध रहते हैं सहज और सरल मुख्यमंत्री

वैसे तो प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय राजधानी स्थित अपने निवास में और जिलों के कार्यक्रमों में आम जनता से निरन्तर मुलाकात करते रहते हैं और उनकी समस्याएं भी सुनते रहते हैं। उन्होंने अपने गृहग्राम बगिया में आम जनता की समस्याओं को सुनने और निराकृत करने अलग से कैम्प भी बनवाया है। वे जब अपने गृहग्राम जाते हैं तो भी बड़ी सहजता से आमजनों से मुलाकात कर समस्या का निराकरण करते नजर आते हैं। वे जब नहीं होते हैं तो उनके मार्गदर्शन में उनकी पत्नी द्वारा भी आमजनों से मुलाकात की जाती है। जरूरतमंदों को मार्गदर्शन किया जाता हैं। गृहग्राम बगिया में जनदर्शन के माध्यम से मुख्यमंत्री ने अनेक लोगों की समस्याओं का निराकरण किया है। एम्बुलेंस भेजकर गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीज को अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार भी कराए हैं।

सुकांति बाई का कराया इलाज

जशपुर जिले की निवासी सुकांति बाई चौहान है, जिनका पैर खाना बनाते समय आग में झुलस गया था। वह चलने में असहाय थी। जनदर्शन के माध्यम से जब मुख्यमंत्री के संज्ञान में यह बात आई तो उन्होंने रायपुर में सुकांति बाई का उपचार करवाया। उपचार के बाद स्वस्थ हुई सुकांति बाई जब अपने पैरों में खड़ी हो गई तो मुख्यमंत्री श्री साय ने उनसे फोन पर बात कर हालचाल भी जाना। आर्थिक तंगी झेल रही सुकांति बाई के लिए मुख्यमंत्री के गृहग्राम बगिया का जनदर्शन कितना लाभदायक साबित हुआ यह तो वह ही जानती है, लेकिन असहाय और जरूरतमंद महिला के प्रति मुख्यमंत्री ने जो किया, यह उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।

समस्याओं के समाधान में आएगी तेजी

सरगुजा से लेकर बस्तर तक के आमजनों की समस्याएं-शिकायतें मुख्यमंत्री द्वारा आसानी से सुनी जाएगी और जाहिर है कि प्रदेश के मुखिया तक बात पहुंचने से उनकी समस्याओं के समाधान में गतिशीलता नजर आयेगी। आम जनता की मुख्यमंत्री तक पहुंच, एक ओर शासन-प्रशासन में सुशासन के वातावरण को और प्रकाशमान करेगा, वहीं जनमानस का विश्वास सरकार के प्रति मजबूत होकर निखरेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा सप्ताह में गुरूवार के दिन जनदर्शन कार्यक्रम करने का यह निर्णय आम जनता के प्रति उनकी निकटता, उनके समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और जनता के प्रति एक जिम्मेदार मुख्यमंत्री होने का फर्ज निभाने जैसा है और निःसंदेह इस कार्यक्रम से समस्याओं के समाधान और जनता से संवाद आसान होगा।

Sandeep Kumar

संदीप कुमार कडुकार: रायपुर के छत्तीसगढ़ कॉलेज से बीकॉम और पंडित रवि शंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी से MA पॉलिटिकल साइंस में पीजी करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं। पिछले 10 सालों से विभिन्न रीजनल चैनल में काम करने के बाद पिछले सात सालों से NPG.NEWS में रिपोर्टिंग कर रहे हैं।

Read MoreRead Less

Next Story