Begin typing your search above and press return to search.

CG Assembly Monsoon Session 2024 Today: प्रश्नकाल में CM विष्णुदेव समेत 3 मंत्री करेंगे सवालों का सामना, संविदा कर्मियों, स्कूल शिक्षा, शराब, DMF और किसान की मौत पर लगेंगी प्रश्नों की झड़ी

chhattisgarh Assembly Monsoon Session 2024 Today: आज से विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। किसान की मौत पर ध्यानाकर्षण के अलावा मुख्यमंत्री साय, मंत्री केदार कश्यप व टंकराम वर्मा सवालों के जवाब देंगे। संविदा कर्मियों के नियमितीकरण, राज्य के हवाई यात्रियों को सब्सिडी के बारे में भी प्रश्न पूछा गया हैं। वित्त मंत्री अनुपूरक अनुमान पेश करेंगे.

CG Assembly Monsoon Session 2024 Today: प्रश्नकाल में CM विष्णुदेव समेत 3 मंत्री करेंगे सवालों का सामना, संविदा कर्मियों, स्कूल शिक्षा, शराब, DMF और किसान की मौत पर लगेंगी प्रश्नों की झड़ी
X
By Neha Yadav

रायपुर। आज से विधानसभा के मानसून सत्र का आगाज हो रहा है। जिसमें चार पूर्व सदस्यों के निधन का उल्लेख करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। फरवरी–मार्च के सत्र के समय पूर्व अवसान होने के चलते पूर्व निर्धारित तिथियों की मुद्रित प्रश्नोत्तरी को पटल पर रखा जाएगा। साथ ही उस सत्र के अपूर्ण उत्तरों के पूर्ण उत्तरों के संकलन को पटल पर रखा जाएगा। राज्यपाल की अनुमति प्राप्त विधेयकों की सूचना व सभापति तालिका की घोषणा की जाएगी। विधायक भावना बोहरा और विधायक अजय चंद्राकर के द्वारा जिला कबीरधाम के थाना पिपरिया क्षेत्र के ग्राम बिरकोना अंतर्गत एक किसान की हत्या की ओर गृहमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा।

इसके अलावा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के अलावा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा अपने भारसाधक विभागों के सवालों का जवाब देंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विभागों के सर्वाधिक सवाल लगे हैं। वे सर्वाधिक सवालों की बौछार का सामना करेंगे। और जवाब प्रस्तुत करेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, लोक सेवा सुधार आयोग के गठन, उसकी बैठकों, की गई अनुशंसा की प्रगति के बारे में प्रश्न पूछा गया है। इसके अलावा शिक्षकों की नियुक्ति, प्रतिनियुक्ति, प्रदेश के विभिन्न विभागों में अनुकंपा नियुक्ति के लंबित आवेदनों की स्थिति व उस पर की गई कार्यवाही, प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से अधिकारी कर्मचारियों की नियुक्ति, इसके नियम व शर्त, तथा वित्त विभाग से स्वीकृति की जानकारी मांगी गई हैं। सरकारी शराब दुकानों में मानव संसाधन उपलब्ध करवाने वाली फर्मों का नाम व नियम शर्ते मांगी गई हैं। इसके अलावा बिलासपुर के बिलासा बाई केंवटिन एयरपोर्ट को 4 सी श्रेणी में अपग्रेड करने की योजना, इसके लिए किए गए प्रयास व भूमि की व्यवस्थाओं की जानकारी मांगी गई है। राज्य के बाहर वाणिज्यिक वाहनों के पंजीयन, नागालैंड व अरुणाचल से छत्तीसगढ़ में वाहन ट्रांसफर, डीएमएफ मद की प्राप्तियां एवं इससे होने वाले कार्यों की जानकारी, रेत उत्खनन से प्राप्त रायल्टी मांगी गई है।

प्रदेश में काड़ा नाली निर्माण हेतु स्वीकृत राशि, मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत स्वीकृत राशि, इस योजना के तहत स्कूलों के मरम्मत हेतु तय गई निर्माण एजेंसी की जानकारी, बस्तर संभाग के एकल शिक्षक और शिक्षक विहीन स्कूलों की जानकारी, बस्तर संभाग के जिन स्कूलों को आहरण व संवितरण अधिकार नहीं है उसकी जानकारी, पीएम श्री स्कूलों की जानकारी,राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित विद्युत कंपनी के डिपो में आग से हुए नुकसान की जानकारी, मत्स्य कृषकों को दिए गए अनुदान, परिवहन विभाग द्वारा विभिन्न जिलों में स्थापित फिटनेस सेंटरों के संचालन एजेंसी की जानकारी, प्रदेश के शासकीय भवनों, सड़कों,चौक– चौराहों, स्कूलों व विश्वविद्यालयों के नाम परिवर्तन की जानकारी मांगी गई हैं।

मंत्री केदार कश्यप से हाथियों के द्वारा हुए नुकसान सहकारी समितियां के माध्यम से धान खरीदी, अपेक्स बैंक के नवीन शाखों के खुलने की जानकारी फर्जी ऋण की प्राप्त शिकायतों की जानकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में दैनिक वेतन भोगियों को सेवा से पृथक करने की जानकारी हाथियों के हमले से मृत ग्रामीणों को मुआवजे की जानकारी, वन ग्रामों में तालाब के निर्माण की जानकारी, वन विभाग द्वारा पौधारोपण की जानकारी, कैंपा मद द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी, राज्य वन्य जीव बोर्ड की गठन की जानकारी मांगी गई है।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा से प्राकृतिक आपदा में फसलों के नुकसान पर मुआवजा की जानकारी, पटवारी से आ रही पदोन्नति परीक्षा में धांधली की जानकारी, भुइयां सॉफ्टवेयर के नए वर्जन की उपयोगिता एवं विसंगतियों की जानकारी, प्रदेश में निजी व्यक्ति सामाजिक संस्थाओं को भूमि आवंटन की जानकारी मांगी गई है। राज्य में भू अर्जन से प्राप्त सेवा शुल्क के उपयोग की जानकारी, भू स्वामित्व नियमों की जानकारी, राजीव युवा मितान क्लब को आबंटित राशि की जानकारी, भू अभिलेख पोर्टल के माध्यम से शासकीय राजस्व रिकार्ड में फर्जी प्रविष्टियों की जानकारी मांगी गई हैं। राजस्व विभाग में विभिन्न पदों पर पदोन्नति हेतु विभागीय पदोन्नति परीक्षा के आयोजन की भी जानकारी मांगी गई है।

Neha Yadav

नेहा यादव रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे यूनिवर्सिटी से बीएससी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएट करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। पिछले 6 सालों से विभिन्न मीडिया संस्थानों में रिपोर्टिंग करने के बाद NPG.NEWS में रिपोर्टिंग कर रहीं है।

Read MoreRead Less

Next Story