CG Weather Update: गर्मी से मिली बड़ी राहत! छत्तीसगढ़ में बादलों की दस्तक और बारिश

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ है. एक ओर जहां तेज गर्मी और लू चलने की आशंका थी, वहीं अब आंधी, बारिश और ओलों ने मौसम को ठंडा कर दिया है. इसका कारण वेस्टर्न डिस्टरबेंस और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के साथ-साथ ट्रफ लाइन को माना जा रहा है. आइये जानते हैं कैसा(CG Weather Update) रहेगा छत्तीसगढ़ में मौसम का हाल.
मौसम विभाग के अनुसार, इन बदलावों के चलते राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और गरज-चमक के साथ बौछारें देखी जा रही हैं. इस बदलाव ने लोगों को गर्मी से राहत दी है.
5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को बलौदाबाजार, कोरबा, रायगढ़, जशपुर और सरगुजा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसका मतलब है कि इन जिलों में तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि के साथ भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.
इसके अलावा रायपुर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद जैसे जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की चेतावनी दी गई है.
राजधानी रायपुर में मौसम का उतार-चढ़ाव
रायपुर में रविवार सुबह से ही बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली. दोपहर में तेज धूप ने फिर से गर्मी का एहसास कराया, लेकिन शाम को मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई.
रात लगभग 8 बजे के आसपास करीब आधे घंटे तक चली बारिश में 5 मिमी से ज्यादा पानी गिरा. इस दौरान कई इलाकों में बिजली गुल हो गई, जिससे लोगों को असुविधा हुई. हालांकि इस बारिश से शहरवासियों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली है. रायपुर का अधिकतम तापमान रविवार को 39.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम था. आज यानी सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है.
बिलासपुर और पेंड्रा में भी गर्मी से राहत
बिलासपुर में भी रविवार को मौसम बदला-बदला नजर आया. यहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री कम था. वहीं न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री रहा. मौसम विभाग ने कोरबा और रायगढ़ के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है. पेंड्रा में भी हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलीं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई. इससे लोगों को तपती गर्मी से काफी राहत मिली.
दुर्ग बना सबसे गर्म जिला
हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर अब भी बना हुआ है. दुर्ग रविवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यहां की गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया, हालांकि शाम को मौसम थोड़ा ठंडा हुआ.
जगदलपुर में रिकॉर्ड 9 डिग्री की गिरावट
बस्तर संभाग में समुद्री नमी का प्रभाव सबसे ज्यादा देखने को मिला. जगदलपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से पूरे 9 डिग्री कम है. यह तापमान गर्मियों में किसी सर्द दिन जैसा एहसास दे रहा था. न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2 डिग्री कम यानी 21.1 डिग्री सेल्सियस रहा. इस क्षेत्र में बारिश और ठंडी हवाओं की वजह से जनजीवन प्रभावित जरूर हुआ, लेकिन किसानों और आम नागरिकों को राहत भी मिली है.
सरगुजा संभाग
सरगुजा संभाग के अंबिकापुर सहित अन्य जिलों में भी मौसम ठंडा हुआ. अंबिकापुर में दिन का तापमान 36.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा. यहां भी शाम के समय बादल छाए रहे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को तपिश से राहत मिली.
मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग वैज्ञानिकों कि मानें तो वेस्टर्न डिस्टरबेंस और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण यह मौसम बदलाव हो रहा है. एक ट्रफ लाइन छत्तीसगढ़ होते हुए झारखंड तक फैली हुई है, जिससे ज्यादातर हिस्सों में मौसम अस्थिर बना हुआ है. अगले 48 घंटों तक यही स्थिति बनी रह सकती है और प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. खासकर दोपहर और शाम के समय मौसम में तेजी से बदलाव देखा जा सकता है.
छत्तीसगढ़ में इन दिनों जहां एक ओर तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर तेज हवाएं, ओले और बारिश से कुछ इलाकों में नुकसान की आशंका भी बनी हुई है.

अंजली वैष्णव मैंने छत्तीसगढ़ के कल्याण कॉलेज भिलाई से बैचलर ऑफ जर्नलिज्म करने के बाद रायपुर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में M.sc Electronic Media की पढ़ाई की. इस दौरान मैने 2021 से TCP News, फिर TV 24 MPCG में बतौर कंटेट राइटर और बुलेटिन प्रोड्यूसर का कार्य किया, वर्तमान में मैं NPG.NEWS में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं, कंटेंट राइटिंग के साथ मुझे रिपोर्टिंग करना पसंद है.
Tags
-
Home
-
Menu
