CG: अटैचमेंट पर हंगामा: सदन में गरमाया शिक्षकों के अटैचमेंट का मुद्दा, विधायक राजेश मूणत ने मंत्री से पूछे दोटूक सवाल...
CG Vidhansabha Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ के स्कूलों और शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण का मुद्दा प्रश्नकाल के दौरान पूरे समय छाया रहा। सत्ता पक्ष के विधायकों ने इस मुद्दे पर गंभीर सवाल किए। विधायक राजेश मूणत ने राजधानी के स्कूलों का मुद्दा उठाया, विधायक मूणत ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से पूछा...

इमेज सोर्स- NPG News
रायपुर। 18 मार्च 2026|छत्तीसगढ़ के स्कूलों और शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण का मुद्दा प्रश्नकाल के दौरान पूरे समय छाया रहा। सत्ता पक्ष के विधायकों ने इस मुद्दे पर गंभीर सवाल किए। विधायक राजेश मूणत ने राजधानी के स्कूलों का मुद्दा उठाया, विधायक मूणत ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से पूछा, जब पूरे प्रदेश में स्कूलों और शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण कर दिया गया है, इसके बाद भी अटैचमेंट का खेला क्यों? विधायक मूणत से मंत्री से सीधे पूछा, क्या स्कूल शिक्षा विभाग में अटैचमेंट का खेल खत्म होगा। अटैचमेंट खत्म करेंगे क्या?
स्कूलों के युक्तियुक्तकरण को लेकर पहला सवाल विधायक सुनील सोनी ने पूछा। उन्होंने स्कूलों के युक्तियुक्तकरण का मुद्दा उठाते हुए मंत्री से पूछा, स्कूलों के युक्तियुक्तकरण के बाद जो भवन खाली हुए एक साल में उन भवनों का क्या उपयोग किया गया है या किया जा रहा है। विधायक के सवाल के जवाब में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया, स्कूलों के युक्तियुक्तकरण के बाद 166 स्कूल भवन ऐसे हैं जिसका फिलहाल उपयोग नहीं हो रहा है। कोई स्कूल भवन दो कक्ष का है कोई चार कक्ष का है। आने वाले शैक्षणिक सत्र में इन भवनों का उपयोग किया जाएगा। विधायक सुनील सोनी ने कहा, युक्तियुक्तकरण के बाद भी राजधानी की स्कूलें जर्जर हालत में है। उन्होंने स्कूलों का नाम गिनाते हुए कहा, मठपुरैना, गणपत हिंदी आरडी तिवारी स्कूल आजाद चौक। फिर कहा, आप जाकर देखिए किस हालत में है ये स्कूलें। इन स्कूलों की हालत बेहद जर्जर है। नवीनीकरण कराएंगे क्या।
विधायक राजेश मूणत ने अटैचमेंट का उठाया मुद्दा
विधायक सुनील सोनी के सवालों को आगे बढ़ाते हुए विधायक राजेश मूणत ने कहा, रायपुर जिले में 167 स्कूल ऐसे हैं, जिसका युक्तियुक्तकरण किया गया है। मंत्री से पूछा, युक्तियुक्तकरण से पहले इन स्कूलों और बच्चों की दर्ज संख्या को लेकर सर्वे किया गया था। विधायक ने कहा, इन स्कूलों में सेटअप है, भरपूर स्टाफ है, भवन है, फिर युक्तियुक्तकरण की जरुरत क्यों पड़ गई।
जिस भवन में लग रही है क्लास, बैठने के लिए दरी तक नहीं
विधायक राजेश मूणत ने नए भवन के बारे में बताते हुए कहा, स्कूलों का युक्तियुक्तकरण कर बंद कर दिया गया है, जिस भवन में स्कूल लगाई जा रही है वहां बच्चों के बैठने के लिए चेयर तो छोड़िए दरी की भी व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा, जब इस बात की जानकारी उनको लगी तब बच्चों के बैठने के लिए उन्होंने दरी खरीद कर दिया है। विधायक मूणत ने कहा, जब राजधानी में ऐसे हालात हैं तो फिर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में क्या स्थिति होगी, सहज रूप से समझिए।
अटैचमेंट के सवाल पर जवाब नहीं दे पाए मंत्री यादव
विधायक राजेश मूणत ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से कहा, जब शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया पूरे प्रदेश में पूरी कर ली गई है,तब अटैचमेंट का खेल शिक्षा विभाग में अब भी क्यों चल रहा है। विधायक मूणत ने साफ पूछा, क्या शिक्षकों का अटैचमेंट खत्म करेंगे। मंत्री यादव सीधेतौर पर मूणत के इस सवाल का जवाब नहीं दे पाए।
