CG Transport Service: प्रदेश में परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में सरकार लगातार अग्रसर, जगह-जगह खोले जा रहे हैं परिवहन सुविधा केंद्र
CG Transport Service: छत्तीसगढ़ में परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए विष्णुदेव साय सरकार लगातार अग्रसर है। परिवहन विभाग से संबंधित कार्यों जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, टैक्स पटाना आदि कामों के लिए अनाधिकृत एजेंट पहले जनता से मोटी रकम वसूलते थे पर अब राज्य भर में जगह-जगह परिवहन सुविधा केंद्र खोले गए हैं। राज्य सरकार की योजना प्रदेश में एक हजार परिवहन सुविधा केंद्र खोलने की है। यहां जनता को आसानी से घर के पास और किफायती शुल्क में परिवहन सेवाएं उपलब्ध हो जा रही है। तथा परिवहन सुविधा केंद्रों के संचालन के लिए फ्रेंचाईसी देने से बेरोजगारों को रोजगार भी उपलब्ध हो रहा है.

CG Transport Service: रायपुर। छत्तीसगढ़ में परिवहन संबंधी सेवाओं को बढ़ाने और जनता को सहूलियतें उपलब्ध करवाने के लिए विष्णुदेव साय सरकार लगातार अग्रसर है। इसी कड़ी में अनाधिकृत एजेंटों से जनता को बचाने और आसानी से घर के निकट परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार राज्यभर में परिवहन सुविधा केंद्र खोल रहा है। परिवहन संबंधी सेवाओं के लिए राज्य सरकार एक हजार परिवहन सुविधा केंद्र शुरू कर रहा है। जिसमें 500 से अधिक परिवहन सेवा केंद्र खुल चुके है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनता को परिवहन संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश भर में परिवहन सुविधा केंद्र बनाने की योजना बनाई है। इस सुविधा के बाद लोगों को दलालों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। लोग अपने घरों के पास ही परिवहन सुविधा केंद्र से अपने काम के लिए संपर्क कर सुविधा उठा सकते हैं। यहां अनाधिकृत दलालों से बचाव होने के साथ ही सस्ते में सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। परिवहन सुविधा केंद्र के लागू होने से परिवहन सुविधाओं के लिए लोगों की पहुंच आसान हो जाएगी। हर जिले में परिवहन सुविधा केंद्रों की स्थापना की गई है।
राज्य में परिवहन सुविधा केंद्रों की स्थापना का लाभ अब आम जनता को सीधे-सीधे मिल रहा है। जानकारी के अभाव में बड़ी संख्या में लोग दलालों के चक्कर में पड़ते थे और उनके माध्यम से परिवहन संबंधी सेवाओं के लिए आवेदन करते थे। जानकारी के अभाव में दलाल उनसे परिवहन संबंधी सेवाओं के लिए मोटी रकम वसूल करते थे जिससे जनता को आर्थिक बोझ उठाना पड़ता था। अब शासन द्वारा बनाए गए परिवहन सेवा केंद्रों में संपर्क कर जनता किफायती शुल्कों में इसका लाभ उठा सकती है।
परिवहन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत सरकार के राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के तहत लर्निंग लाइसेंस बनाने के लिए परिवहन सुविधा केंद्र को अधिकृत किया जा सकता है। मार्गदर्शिका में परिवहन सुविधा केंद्रों में विभिन्न सेवाओं के लिए शुल्क निर्धारित किया गया। जिसके अनुसार ऑनलाइन आवेदन के लिए 100 रुपए सेवा शुल्क, ऑनलाइन फीस और टैक्स भुगतान के लिए ( प्रत्येक एक हजार या उसके भाग के लिए) 50 रुपए, लर्निंग लाइसेंस के लिए 50 रुपए, आवेदन पत्र के लिए आवश्यक दस्तावेजों की स्कैनिंग, कंप्रेसिंग एवं अपलोड प्रति पेज पांच रुपए तथा ऑनलाइन आवेदन पूर्ति के संपूर्ण दस्तावेजों का प्रिंट आउट शुल्क 5 रुपए प्रतिपेज निर्धारित किया गया है।
रोजगार भी होगा उपलब्ध
परिवहन सुविधा केंद्रों की स्थापना से बेरोजगारों को रोजगार भी उपलब्ध होगा। 5000 बेरोजगारों को इस योजना के तहत रोजगार उपलब्ध करवाने की प्लानिंग की गई है। कोई भी छत्तीसगढ़ का नागरिक, संगठन, संघ, सहकारी समिति या कोई भी विधिक इकाई सुविधा केंद्र के संचालन के लिए पात्र होंगे। केंद्र के संचालन के लिए 100 वर्ग फीट का स्वयं का भवन या किराया अनुबंध भवन उपलब्ध होना आवश्यक है। इसमें लर्निंग लाइसेंस के लिए अलग से विभाजित कक्ष होना आवश्यक है। आवेदकों के लिए प्रतीक्षालय, तकनीकी कक्ष,सीसीटीवी कैमरा भी होना चाहिए। परिवहन सुविधा केंद्र की फ्रेंचाइजी लेने के लिए आवेदक को उच्चतर माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण होनी चाहिए। कंप्यूटर में डिप्लोमा या फिर पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा को इसमें प्राथमिकता दी जाएगी। फ्रेंचाइजी लेने वालों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होना चाहिए। इसके अलावा उन्हें नगरीय निकाय द्वारा जारी गुमाश्ता प्रमाण पत्र और जीएसटी प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
