Begin typing your search above and press return to search.

CG Teacher Recruitment: 5000 शिक्षकों की भर्तीः व्यापम लेगा परीक्षा, स्कूल शिक्षा विभाग ने भर्ती की फाइल दौड़ाई, अगस्त में खुल सकता है ऑनलाइन आवेदन का विंडो...

CG Teacher Recruitment: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा पर स्कूल शिक्षा विभाग ने अमल प्रारंभ कर दिया है। विभाग ने 5000 शिक्षकों की नई भर्ती के लिए नोटशीट चला दी है। फायनेंस से होते हुए फाइल मुख्यमंत्री तक जाएगी।

CG Teacher Recruitment: 5000 शिक्षकों की भर्तीः व्यापम लेगा परीक्षा, स्कूल शिक्षा विभाग ने भर्ती की फाइल दौड़ाई, अगस्त में खुल सकता है ऑनलाइन आवेदन का विंडो...
X
By Gopal Rao

CG Teacher Recruitment: रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग ने 5000 शिक्षकों की नई भर्ती करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के दौरान धमतरी में शिक्षकों की नई भर्ती का ऐलान किया था। सीएम के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग ने नई भर्ती के लिए नोटशीट चला दी है। सब कुछ ठीक रहा तो अगले महीने 15 अगस्त तक परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा की जा सकती है।

30 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप छत्तीसगढ़ में पांच हजार शिक्षकों की नई भर्ती होगी। हालांकि, सरकार ने कहा है कि पूरे प्रदेश में 30 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। मगर पहले चरण में पांच हजार नए शिक्षक भर्ती किए जाएंगे। इसके बाद फिर शिक्षकों की चरणबद्ध भर्तियां होंगी।

व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक

स्कूल शिक्षा विभाग के सीनियर अधिकारियों की मानें तो छत्तीसगढ़ में पहले चरण में जिन पांच हजार शिक्षकों की भर्ती होगी, उनमें व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक याने तीनों केटेगरी के शिक्षक शामिल होंगे। विभाग ने इसका ड्राफ्ट तैयार कर दिया है कि 5000 में से कितने व्याख्याता होंगे और कितने शिक्षक और सहायक शिक्षक। इस ड्राफ्ट को मुख्यमंत्री के पास भेजा गया है। मुख्यमंत्री ही स्कूल शिक्षा विभाग के भारसाधक मंत्री हैं। सीएम का अनुमोदन के बाद स्कूल शिक्षा विभाग भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा।

व्यापम लेगा परीक्षा

स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारिक सूत्रों के अनुसार पांच हजार शिक्षकों की भर्ती परीक्षा व्यापम लेगा। इसके लिए व्यापम से बात हो चुकी है। जाहिर है, शिक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। इसके लिए व्यापम सहमत है। सरकार लेवल पर औपचारिकताएं पूरी होते ही व्यापम परीक्षा कार्यक्रम का ऐलान कर देगा। इसके बाद निर्धारित डेट से आवदेन भरने का काम शुरू हो जाएगा।

मापदंड का ड्राफ्ट

स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिक्षकों की भर्ती का मापदंड इस बार व्यवहारिक रखा जाएगा। जरूरत के हिसाब से पिछली भर्तियों के मापदंड से इस बार बदलाव किया जाएगा। मुख्यमंत्री को भर्ती की फाइल भेजी गई है, उसमें मापदंड भी शामिल हैं। दरअसल, मुख्यमंत्री के पास स्कूल शिक्षा विभाग है। सो, बिना विभागीय मंत्री के अनुमोदन भर्ती प्रक्रिया या मापदंड फायनलाइज नहीं हो सकता।

तीन साल बाद भर्ती

छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की भर्ती तीन साल बाद होने जा रही है। पिछली सरकार में 14 हजार शिक्षकों की भर्ती करने की घोषणा की गई थी। हालांकि, इतनी हो नहीं पाई। दस हजार के आसपास नए शिक्षक भर्ती किए गए। ये भर्तियां 2021 से लेकर 2023 तक चलती रहीं। इस तरह देखा जाए, तो करीब ढाई-तीन साल बाद सूबे में फिर शिक्षकों की भर्तियां होने जा रही हैं।

पिछली बार जैसी गल्तियां नहीं

पिछली भर्ती में सुप्रीम कोर्ट की स्पष्ट रोक के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने बीएड डिग्री वालों को भी सहायक शिक्षकों के लिए आवेदन करने की छूट दे दी थी। इसके लिए सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में स्पेशल लीव पिटिशन दायर कर दिया था। बीएड वाले शिक्षकों की नियुक्ति में यह लिख दिया गया कि उनकी भर्ती सुप्रीम कोर्ट के आदेश के दायरे में रहेगी। और, जिसका डर था, वहीं हुआ। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की पुनर्विचार करने की पिटिशन खारिज कर दी। इसका नतीजा हुआ कि 2800 से अधिक सहायक शिक्षक सड़क पर आ गए। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के चलते सभी को नौकरी से बाहर करना पड़ा। इसके बाद बीएड डिग्री वाले शिक्षकों का लंबा आंदोलन चला। थक-हार कर सरकार को फिर उनके लिए कैबिनेट में प्रस्ताव लाकर फिर से भर्ती करनी पड़ी। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों की इस बार कोशिश है कि इस तरह की कोई नौबत न आए।


Gopal Rao

गोपाल राव: रायपुर में ग्रेजुएशन करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। विभिन्न मीडिया संस्थानों में डेस्क रिपोर्टिंग करने के बाद पिछले 8 सालों से NPG.NEWS से जुड़े हुए हैं। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं।

Read MoreRead Less

Next Story