CG Teacher News: सोशल मीडिया में रील्स व VIDEO अपलोड किया तो खैर नहीं, DEO ने जारी किया आदेश
CG Teacher News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद पीएमश्री स्कूल की रील्सबाज शिक्षिकाओं का रील्स व वीडियो सामने आने के बाद, इस तह की घटना की पुनरावृत्ति ना हो, कोंडागांव के डीईओ ने इस पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाते हुए आदेश जारी किया है। पढ़ें डीईओ ने अपने आदेश में क्या लिखा है।

इमेज सोर्स- NPG News
13 February 2026|रायपुर। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद पीएमश्री स्कूल की रील्सबाज शिक्षिकाओं का रील्स व वीडियो सामने आने के बाद कोंडागांव के डीईओ ने इस पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाते हुए आदेश जारी किया है.
डीईओ ने आदेश में लिखा है, उपरोक्त विषयान्तर्गत लेख है कि, यह संज्ञान में आया है कि कुछ शासकीय कर्मचारी कार्यालय समय के दौरान अथवा शासकीय परिसर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (जैसे Instagram, Facebook, YouTube आदि) पर रील्स/वीडियो बनाकर प्रसारित कर रहे हैं। यह कृत्य शासकीय सेवा आचरण नियमों के विपरीत है. तथा इससे कार्यालय की गरिमा एवं अनुशासन प्रभावित होता है। शासकीय कर्मचारी का प्रथम दायित्व अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना है।
अतः निर्देशित किया जाता है कि कोई भी कर्मचारी कार्यालय समय में अथवा शासकीय परिसर में सोशल मीडिया हेतु रील्स/वीडियो का निर्माण एवं प्रसारण न करें। शासकीय वर्दी, दस्तावेज, कार्यालय सामग्री या परिसर का उपयोग निजी सोशल मीडिया सामग्री के लिए न किया जाए। किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि जिससे शासन/विभाग की छवि प्रभावित हो, से पूर्णतः परहेज किया जाए। यदि किसी कर्मचारी द्वारा उपरोक्त निर्देशों का उल्लंघन किया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध शासकीय सेवा आचरण नियमों के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
अतः सभी कर्मचारीगण से अपेक्षा की जाती है कि वे उक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। डीईओ ने आदेश के प्रभावी क्रियान्यवन के लिए जिले के प्राचार्य / प्रधान अध्यापक, शासकीय प्रा./मा./हाई/ हायर सेकेण्डरी स्कूल को जारी किया है।
आदेश से इनको कराया अवगत
- कलेक्टर, जिला कोण्डागांव।
- मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत जिला-कोण्डागांव।
- संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बस्तर जगदलपुर।
- सर्व विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी/विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक जिला कोण्डागांव।
- .सर्व संकुल स्त्रोत समन्वयक जिला कोण्डागांव।
