Begin typing your search above and press return to search.

CG Road Accident: सड़क दुर्घटना में दो की मौत: आटो की टक्कर से महिला की गयी जान, ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचला

CG Road Accident: छत्तीसगढ़ बिलासपुर में दो सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई है. आटो की टक्कर से महिला की मौत हो गई, ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया.

CG Road Accident
X

इमेज- इंटरनेट 

By Radhakishan Sharma

Bilaspur Road Accident: बिलासपुर, मस्तूरी क्षेत्र में आवारा मवेशियों के आतंक ने एक महिला की जिंदगी ही छीन ली। सड़क के पास खड़ी महिला को देख मवेशी ने हमला कर दिया। बचने के लिए सड़क की ओर भागी महिला को तेज रफ्तार आटो ने जोरदार टक्कर मार दी और आटो महिला के ऊपर ही पलट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया।

मस्तूरी थाना क्षेत्र के बूढ़ीखार निवासी शैल कुमारी देवार मंगलवार को सड़क के किनारे खड़ी थी। इसी दौरान एक मवेशी ने महिला को मारने के लिए दौड़ा दिया। मवेशी के हमले से खुद को बचाने के लिए शैल कुमारी घबराकर सड़क की दूसरी ओर भागी। इसी बीच मल्हार की ओर से आ रही तेज रफ्तार आटो ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनियंत्रित आटो महिला के ऊपर ही पलट गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायल महिला को आटो के नीचे से बाहर निकाला और संजीवनी 108 के माध्यम से मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मल्हार पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाकारी आटो को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आटो सवार यात्री व चालक गंभीर

हादसे के बाद आटो के पलटने से उसमें सवार चालक और यात्री भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आटो चालक की पहचान विक्रम के रूप में हुई है, जिसका उपचार जारी है। वहीं आटो में बैठे सवारी को भी गंभीर चोट लगी है। बेहोशी की हालत में होने की वजह से फिलहाल घायल यात्री का नाम और पता नहीं चल पाया है। पुलिस शिनाख्त की कोशिश कर रही है।

सड़कों पर घूम रहे मवेशी राहगीरों के लिए बड़ा खतरा बन गए हैं। मवेशियों की वजह से जिले में रोजना दुर्घटना हो रही है।

पचपेड़ी में ट्रेलर ने दो भाइयों को कुचला, एक की मौत

पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम बिनौरी में मंगलवार शाम एक और सड़क हादसा हुआ। गिट्टी लोड तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक चला रहे गुलशन मरावी (35) निवासी मानिकचौरी की मौके पर ही मौत हो गई, छोटा भाई संजू मरावी गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रेलर काफी रफ्तार में था जिससे गुलशन बाइक सहित ट्रेलर के नीचे फंसकर काफी दूर तक घसीटता चला गया। अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गया और आरोपित चालक मौके से फरार हो गया। पचपेड़ी पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

एएसपी ग्रामीण, मधुलिका सिंह ने बताया, मस्तूरी के बूढ़ीखार में मवेशी से बचने के दौरान महिला आटो की चपेट में आ गई थी, जिसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पचपेड़ी सड़क हादसे में भी एक युवक की जान गई है। दोनों मामलों में मर्ग कायम कर वाहनों को जब्त किया गया है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story