राज्यपाल रमेन डेका पहुंचे सोगड़ा के प्रसिद्ध अघोर पीठ, मां काली की पूजा के बाद बाबा संभवराम से लिया आर्शीवाद

इमेज सोर्स- NPG News
रायपुर।7 अप्रैल 2026| राज्यपाल रमेन डेका तीन दिन के जशपुर दौरे पर गए थे। उनके दौरे का दूसरा दिन आध्यात्मिक रहा। वे सोगड़ा के अघोर पीठ पहुंचे। मानव सेवा और पर्यावरण के क्षेत्र में काम करने वाले सर्वेश्वरी समूह की स्थापना प्रसिद्ध अघोर संत भगवान राम ने की थी। सर्वेश्वरी समूह के जशपुर में तीन आश्रम हैं। सोगड़ा, गम्हरिया और नारायणपुर।
सोगड़ा आश्रम पहुंचने के बाद राज्यपाल रमेन डेका ने भगवान राम की समाधि स्थल पर मत्था टेकने के बाद उसकी परिक्रमा की। इसके बाद उन्होंने मां काली की श्रद्धापूर्वक भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की।
राज्यपाल रमेन डेका ने इसके बाद गुरूपद बाबा संभव राम जी के दर्शन कर उनसे आर्शीवाद प्राप्त किया। बाबा संभव राम भगवानराम ट्रस्ट और सर्वेश्वरी समूह के प्रमुख हैं।
बता दें, सर्वेश्वरी समूह कुष्ठों की सेवा के लिए तब चर्चा में आया था, जब उसका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज हुआ था। सर्वेश्वरी समूह विगत तीन दशक से भी अधिक समय से कुष्ठों का अस्पताल संचालित कर रहा है। कुष्ठों जैसे दीन-दुखियों की सेवा के लिए सर्वेश्वरी समूह को छत्तीसगढ़ सरकार का पं0 रविशंकर शुक्ल सद्भावना पुरस्कार मिल चुका है।
बाबा संभव राम की अगुआई में सर्वेश्वरी समूह एवं भगवान राम ट्रस्ट कई राज्यों में स्थित अपने आश्रमों द्वारा मानवता की सेवा के लिए कई कार्यक्रम चला रहा है। इनमें मेडिकल कैंप, आंखों की रोशनी के लिए उसका उपचार के साथ निःशुल्क चश्मा वितरण तथा मिर्गी का गारंटेड इलाज शामिल है। सर्वेश्वरी समूह विशेष जड़ी-बूटी के माध्यम से आयुर्वेदिक पद्धति से कई साल से मिर्गी का इलाज कर रहा है।
बाबा संभव राम जी खराब हो रहे पर्यावरण को लेकर बड़े चिंतित रहते हैं। जलावन के लिए पेड़ों की कटाई रुके इसलिए वे आदिवासी बहुल इलाकों में सोलर चूल्हों का वितरण किया जाता है। भक्तों को आर्शीवचन में भी वे वृक्षों की कटाई और पर्यावरण को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हैं। बाबा संभवराम जी का चिंतन टूटते परिवार और समाज के साथ राष्ट्र की मजबूती पर भी रहता है। वे राष्ट्र को सर्वोपरि मानते हैं।
Tags
-
Home
-
Menu
