CG Raigarh News: छत्तीसगढ़ में हृदयविदारक घटना, पिता ने छह साल के बच्चे को कुएं में डुबोकर मार डाला...
CG Raigarh News: छत्तीसगढ़ में एक पिता ने अपने ही बेटे की कुएं में डुबोकर हत्या कर दी। घटना रायगढ़ के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम जामढोंढी भदपारा की है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी को गिरफतार कर जेल भेज दिया है।

CG Raigarh News: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही 6 वर्षीय पुत्र की कुएं में डुबोकर हत्या कर दी। घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15, ग्राम जामढोंढी भदरापारा की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर 24 घंटे के भीतर जेल भेज दिया है।
जानिए घटना
घटना के संबंध में आरोपी के भाई मनोज महेश्वरी (उम्र 28 वर्ष) ने बताया कि वे तीन भाई हैं। तीनों एक साथ रहते है, जबकि विनोद अपने दो पुत्रों (उम्र 8 वर्ष एवं 6 वर्ष) के साथ बगल के घर में रहता था। वहीँ, पत्नी अलग रह रही थी, जिससे वह घरेलू विवाद के कारण तनाव में रहता था।
रविवार 8 फरवरी की शाम लगभग 6 बजे विनोद अपने छोटे बेटे के साथ घर के सामने खड़ा था। अगले दिन सुबह मनोज जब मकान के पीछे स्थित कुएं के पास टुल्लू पंप चालू करने गया, तो कुएं के भीतर से विनोद की आवाज आई कि मोटर बंद कर दो, वह भीतर है। आसपास के लोगों को बुलाकर पूछताछ करने पर विनोद ने बताया कि उसने अपने छोटे बेटे को हत्या की नियत से कुएं में फेंक दिया और स्वयं अंदर उतरकर पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी।
सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी व मृत बालक को कुएं से बाहर निकाला। घटना की रिपोर्ट पर थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 38/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी विनोद महेश्वरी पिता स्व. मोहनराम महेश्वरी (उम्र 30 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 15, ग्राम जामढोंढी भदरापारा थाना लैलूंगा को गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस मार्मिक घटना पर कहा है कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और झकझोर देने वाली है। किसी भी परिस्थिति में कानून हाथ में लेना या मासूम जीवन के साथ इस प्रकार की क्रूरता अस्वीकार्य है। घरेलू तनाव या पारिवारिक विवाद का समाधान हिंसा नहीं हो सकता। समाज और परिवार दोनों की जिम्मेदारी है कि ऐसे मानसिक तनाव के संकेतों को गंभीरता से लें। रायगढ़ पुलिस ऐसे जघन्य अपराधों पर त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई करती रहेगी। कानून से ऊपर कोई नहीं है।
