CG Political News: BJP में नाराजगी का वायरल वीडियो, मंच पर ही पूर्व मंत्री ने छोड़ा मोमेंटो, गमछा
CG Political News: सोशल मीडिया के अलग-अलग सभी प्लेटफार्म में एक वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में यूर्जस और फ्रेंड्स उसी अंदाज में कमेंट्स भी कर रहे हैं। सीएम हाउस में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान भाजपा के एक कद्दावर विधायक व पूर्व मंत्री खफा नजर आए। केसरिया गमछा और मोमेंटों दिग्गज नेताओं के सामने छोड़कर चले आए। विधायक की संगठन के एक बड़े पदाधिकारी से सवाल-जवाब भी होते दिखाई दे रहा है। हालांकि यह सुनाई नहीं दे रहा है कि दोनों के बीच क्या बातचीत हुई। विधायक के अंदाज से तो यही लग रहा है कि वे नाराज हैं।

CG Political News
CG Political News: रायपुर। राज्य की सत्ता में वापसी के बाद प्रदेश भाजपा ने सदस्या अभियान की शुरुआत की थी। नए सदस्य बनाने वालों के लिए प्रदेश संगठन की ओर से ऑफर था। सीएम सम्मान करेंगे और भोज में आमंत्रित भी करेंगे। राज्य की जनता से किए वायदे को पूरा करने वाली भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं से किया वायदा भी पूरा करने जोर लगा रही है। शनिवार को सीएम हाउस में 5 हजार, 10 हजार या इससे ज्यादा सदस्य बनाने वाले पदाधिकारी व नेताओं के सम्मान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। सम्मान समारोह के दौरान भाजपा के कद्दावर विधायक व पूर्व मंत्री की नाराजगी खुलकर सामने आ गई।
मंच पर मौजूद भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल व प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और विधायक के बीच सवाल-जवाब भी हुआ। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में यह सब साफ-साफ देखा जा सकता है। इसे लेकर अब छत्तीसगढ़ की राजनीति में चर्चा छिड़ गई है। सत्ताधारी दल के आम से लेकर खास के बीच तो चर्चा चल ही रही है, विपक्षी कांग्रेस ने इसे मुद्दा बनाने और भुनाने की कोशिश भी तेज कर दी है। बहरहाल यह वीडियो अब कांग्रेस कार्यकर्ता से लेकर आम लोगों के बीच तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल वीडियाें में मंच संचालन करने वाले की आवाज सुनाई देती है। मंच से ये कहा जा रहा है कि अब हमारे बीच विधायक अजय चंद्राकर आ रहे हैं। अतिथि उनका सम्मान करेंगे। मंच पर अजय चंद्राकर आते हैं। उनको आते देख डिप्टी सीएम अरुण साव केसरिया गमछा गले में डालने के लिए हाथ फैलाते हैं, विधायक अजय चंद्राकर उनको नजर अंदाज कर आगे बढ़ जाते हैं।
सामने टेबल पर रखा गमछा उठाते हैं और कतार में सबसे आखिरी में खड़े भाजपा के क्षेत्रिय संगठन महामंत्री अजय जामवाल के गले में गमछा डालते हैं, अजय जामवाल, विधायक का हाथ पकड़ लेते हैं और सहजता के साथ गमछा नहीं पहनाने की बात करते हैं। इसी बीच अजय चंद्राकर जामवाल के बाजू में खड़े प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष किरण सिंह देव के गले में गमछा डाल देते हैं। मोमेंटम वहीं छोड़कर पीछे पलटते हैं और मंच से लंबे-लंबे डग भरते नीचे उतर जाते हैं।
चंद मिनटों का यह संवाद, अब बना चर्चा का विषय-
वायरल वीडियो में जो कुछ दिखाई दे रहा है उसमें सम्मान समारोह के मंच पर विधायक अजय चंद्राकर, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के बीच बमुश्किल पांच मिनट ही आपस में बात हुई होगी। वीडियो में तीनों नेताओं के बीच क्या बात हुई, किसने क्या कहा, कुछ भी सुनाई नहीं दे रहा है पर जिस तरह तीनों का भाव भंगिमा और हावभाव दिखाई दे रहा है,यह तो साफ है कि जो भी हुआ ठीक नहीं था। अजय चंद्राकर की भाव भंगिमा बता रही है कि वे सहज नजर नहीं आ रहे हैं। असहज तो डिप्टी सीएम अरुण साव, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव व क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल भी नजर आ रहे हैं।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के फेसबुक वाल पर भी चल रहा वीडियो-
सम्मान समारोह के दौरान जो कुछ हुआ उसका वीडियो अब सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। ऐसे में सवाल यह भी है कि प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस भला कैसे पीछे रह सकती है। लिहाजा छत्तीसगढ़ कांग्रेस के फेसबुक वाल पर यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो पर चंद्राकर ने दिया बयान-
वायरल वीडियो को लेकर भाजपा के पूर्व मंत्री व वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में संगठन नाम की चीज नहीं होती हैं, इसलिए उन्हे संगठनात्मक काम की भावनाएं समझ नहीं आती। कांग्रेस को राजनीति के लिए मुद्दे की तलाश करनी चाहिए। कांग्रेस पूरे देश और प्रदेश में मुद्दाविहीन हो चुकी हैं ये कोर्ट से फटकार खाने वाली पार्टी हैं। इनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। मैं एक अनुशासित पार्टी का कार्यकर्ता हूँ। जो सबको साथ लेकर चलता है। परिवार के सेवक ना बोले तो ज़्यादा अच्छा हैं। वो मुझे उत्तेजित नहीं कर सकते हैं, मुद्दे से हटा नहीं सकते, जो मुझे कहना हैं वो मैं कहूँगा।
कांग्रेस ने अजय चंद्राकर के वायरल वीडियो में बैकग्राउंड पर दिल पे चलाई छुरिया गाने का किया इस्तेमाल किया है इस पर पूर्व मंत्री ने कहा कि मेरे दिल में कोई छुरी नहीं चल रही हैं। मुझे पार्टी ने छह बार टिकट दिया हैं। मेरा स्ट्राइक रेट जनता ने तय कर दिया है। कांग्रेस के कुछ बोलने से मुझे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता।
