Begin typing your search above and press return to search.

CG Paddy News: चार कर्मचारी बर्खास्त: धान खरीदी में अनियमितता और टोकन काटने में मनमानी पर चार कर्मचारी हुए बर्खास्त

CG Paddy News: धान खरीदी में अनियमितता,तौल करने में गड़बड़ी,टोकन काटने में मनमानी,अवैध धान खपाने की कोशिशों पर कार्यवाही की गई है। पिछले दिनों कलेक्टर– एसपी के संयुक्त निरीक्षण में इस प्रकार की गड़बड़ियां सामने आने पर धान खरीदी कार्य में लगे चार कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है।

CG Paddy News: चार कर्मचारी बर्खास्त: धान खरीदी में अनियमितता और टोकन काटने में मनमानी पर चार कर्मचारी हुए बर्खास्त
X

Rojgar Sahayak Barkhast

By Radhakishan Sharma

CG Paddy News: जांजगीर। धान खरीदी में अनियमितता करने पर कार्यवाही की गई है। टोकन काटने में मनमानी और अवैध धान मिलने पर पिछले तीन दिनों में चार कर्मचारियों को बर्खास्त करने की कार्यवाही की गई है। पिछले दिनों कलेक्टर जन्मेजय महोबे और एसपी विजय पांडे ने धान खरीदी केंद्रों का जायजा लिया था। इस दौरान बोड़सरा और कोसमंदा धान खरीदी केंद्र में टोकन काटने की मनमानी और फर्जी धान खपाने की तैयारी थी। जिस पर चार कर्मचारियों के बर्खास्तगी की कार्यवाही की गई है।

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से की गई है। जो 31 जनवरी तक चलेगी। जांजगीर जिले में धान खरीदी के लिए 129 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए पंजीकृत एक लाख 25 हजार किसानों से धान खरीदी की जा रही है। शुरुआत में धान खरीदी की आवक काफी धीमी रही और लगभग एक पखवाड़े तक नहीं के बराबर धान समितियों में आया। कुछ समितियों में तो बोहनी तक नहीं हो सकी थी। दिसंबर माह की शुरुआत के साथ धान खरीदी के कार्य में गति आई। तेजी से धान खरीदी होने और धान खरीदी की रफ्तार बढ़ने के साथ ही धान खरीदी में गड़बड़ी सामने आने लगी है।

कहीं समितियों में अधिक तौल की शिकायत मिल रही है तो कहीं तो कही टोकन काटने में मनमानी की जा रही है। वहीं कुछ जगह पर बाहरी और फर्जी धान खपाने की शिकायत भी सामने आई है। जिसके चलते पिछले दिनों कलेक्टर जन्मेजय महोबे और एसपी विजय पांडे ने संयुक्त रूप से धान खरीदी केंद्रों का संयुक्त रूप से दौरा किया था। जिसमें गड़बड़ियां सामने आई।

गुरूवार 25 दिसंबर को कलेक्टर जन्मेजय महोबे व एसपी विजय पाण्डेय ने केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बोड़सरा धान खरीदी केन्द्र में 98 बोरी में रखा अवैध धान मिला। इस धान की ना तो किसी प्रकार की एंट्री थी और ना ही टोकन कटा था। कलेक्टर ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर विभाग ने केन्द्र प्रभारी और कम्प्यूटर ऑपरेटर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। मामले में केन्द्र प्रभारी श्रीहरि यादव और कम्प्यूटर ऑपरेटर अमित कुमार तिवारी के साथ ही समिति में अवैध धान लाने वाले चौकीदार निरंजन साहू को पद से पृथक करने की कार्रवाई की है। इसी तरह धान खरीदी केन्द्र कोसमंदा में मनमाने तरीके से कम्प्यूटर ऑपरेटर द्वारा टोकन काटने की शिकायत हुई थी। शिकायत की जांच के बाद कम्प्यूटर ऑपरेटर छबिलाल मन्नेवार की मनमानी और टोकन काटने में गड़बड़ी पाए जाने पर बर्खास्त करने की कार्यवाही की गई है।

अवैध धान पर कार्यवाही

राजस्व विभाग एवं सहकारिता विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम कटौद में अवैध धान भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने पहारु ट्रेडर्स के परिसर से 50 कट्टी तथा कश्यप ट्रेडर्स से 60 कट्टी, कुल 110 कट्टी धान का अवैध भंडारण पाए जाने पर मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई की गई है। धान खरीदी में तेजी आते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रकार के अवैध मेडारण, कोचिया -बिचौलिया गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को सतत निगरानी, आकस्मिक निरीक्षण तथा कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story