Begin typing your search above and press return to search.

CG News: प्रेम विवाह से शुरू हुआ विवाद, पूर्व उप सरपंच की दुश्मनी में हुआ बलवा, महिलाओं ने भी जमकर भांजी लाठियां, पुलिस ने 11 लोगों को किया गिरफ्तार

CG News: गांव में प्रेम विवाह से शुरू हुआ विवाद चुनावी रंजिश में बदल गया। पहले प्रेम विवाह में साथ नहीं देने पर नाराज दो लोगों ने बाप–बेटी पर हमला किया। फिर जब पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया तो उनसे चुनावी रंजिश रखने वाले गांव के पूर्व उप सरपंच ने गांव वालों को भड़का कर उन पर हमला करने की कोशिश की। पुलिस की मौजूदगी के चलते ऐसा नहीं हो पाया। गांव वालों को साथ लेकर पूर्व उप सरपंच ने दोनों लोगों के घरों पर धावा बोल दिया और मौजूद लोगों को लाठी–डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने भी लाठियां भांजी। सूचना पर एसपी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बलवाइयों को गिरफ्तार कर पुलिस थाने लेकर पहुंची।

CG News: प्रेम विवाह से शुरू हुआ विवाद, पूर्व उप सरपंच की दुश्मनी में हुआ बलवा, महिलाओं ने भी जमकर भांजी लाठियां, पुलिस ने 11 लोगों को किया गिरफ्तार
X

CG News


By Radhakishan Sharma

CG News: खैरागढ़। प्रेम विवाह से शुरू हुआ विवाद चुनावी रंजिश में तब्दील हो गई। महिलाओं ने भी विवाद में साथ दिया और जमकर लाठियां भांजी। गांव में तनाव बढ़ता देख पुलिस अधीक्षक खुद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति नियंत्रित की। मामले में अभी 11 बलवाइयों को गिरफ्तार किया गया है। पांच की तलाश जारी है। मामला खैरागढ़ थाना क्षेत्र का है।

ग्राम कोड़े नवागांव में बवाल के चलते बीती रात माहौल तनावपूर्ण हो गया। कोड़े नवागांव निवासी जितेंद्र साहू और नरेंद्र साहू पिता स्व परदेशी साहू ने प्रेम विवाह के मामले में नाराज होकर दुलारु साहू और उनकी बेटी अंजलि साहू पर हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों जितेंद्र साहू और नरेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया।

इसी बीच गांव का ही युवक रिकेश नेताम मौके पर पहुंचा। यह पूर्व में उप सरपंच रह चुका है। चुनावी रंजिश के चलते जितेंद्र साहू और नरेंद्र साहू से इसकी दुश्मनी चली आ रही है। रिकेश नेताम नशे में धुत था। उसने पुरानी रंजिश के चलते ग्रामीणों को भड़काया और पुलिस हिरासत में लिए गए जितेंद्र और नरेंद्र पर हमला करने की कोशिश की। पुलिस की मौजूदगी के चलते ऐसा नहीं हो पाया और स्थिति बिगड़ने से बच गई।

दोनों पर हमला नहीं कर पाने से क्षुब्ध होकर रिकेश ने कुछ अन्य ग्रामीणों को भड़काकर अपनी निजी दुश्मनी निकालने के लिए जितेंद्र साहू और नरेंद्र साहू के घर पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान महिलाएं भी दोनों का घर तोड़ने लाठियां लेकर पहुंच गई। स्थिति तनावपूर्ण होते देख, पुलिस बल मौके पर बुलवाया गया। एसपी लक्ष्य शर्मा देर रात गांव पहुंच गए। थोड़ी देर में पुलिस बनने की स्थिति नियंत्रित कर ली गई तथा बलवा करने वाले 11 लोगों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में दो अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। कुल 17 नामजद आरोपी बनाए गए हैं,जिनमें से 11 गिरफ्तार किए गए। सभी को थाने लाया गया। पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्यवाही से गांव में कोई बड़ी अनहोनी टल गई। वही आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही करवाने एसपी लक्ष्य शर्मा खुद आधी रात तक थाने में डटे रहे। इस दौरान थाने पहुंचे मीडिया कर्मियों को एसपी ने बताया कि प्रेम विवाह के मामले में दुलारु साहू द्वारा समाज में साथ नहीं दिए जाने से नाराज होकर जितेंद्र और नरेंद्र ने दुलारु साहू और उनकी बेटी पर हमला कर दिया था। उन्हें जब पुलिस ने गिरफ्तार किया तो निजी दुश्मनी में रिकेश नेताम ने ग्रामीणों को भड़का कर उन पर हमला करने की कोशिश की और गांव में बवाल करवाया। पुलिस ने इसमें कार्यवाही करते हुए दो अपराध दर्ज किए हैं और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गांव में शांति व्यवस्था बहाल कर ली गई है।



Next Story