CG News: परीक्षा दिलाने आई छात्रा से शिक्षक ने की छेड़छाड़, कलेक्टर ने स्कूल की मान्यता की रद्द
पूरक परीक्षा दिलाने आई छात्रा से शिक्षक द्वारा छेड़छाड़ की शिकायत मिलने पर सिमगा ब्लॉक के सबसे बड़े प्राइवेट स्कूल शाश्वत लिटिल स्टार सुहेला की मान्यता कलेक्टर दीपक सोनी ने निरस्त कर दी है। स्कूल का संचालन स्व. डीआर वर्मा स्मृति शिक्षण संस्थान द्वारा किया जाता है। इसी संस्थान के द्वारा चार अन्य स्कूलों का भी संचालन किया जाता है। चार स्कूलों को भी नोटिस भेजा है।

CG News
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के सिमगा ब्लॉक के सुहेला क्षेत्र के सबसे बड़े निजी शाश्वत लिटिल स्टार स्कूल पर कलेक्टर दीपक सोनी ने बड़ी कार्यवाही करते हुए स्कूल की मान्यता निरस्त कर दी है। स्कूल में 11वीं कक्षा की नाबालिक छात्रा से छेड़छाड़ की शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने यह कार्यवाही की है। कलेक्टर ने इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी को आदेश देकर स्व डीआर वर्मा स्मृति शिक्षण संस्थान झीपन के द्वारा संचालित शाश्वत लिटिल स्टार स्कूल और इसी संस्थान के अन्य चार स्कूलों की जांच करवाई थी। 6 साल के मामले मे शाश्वत लिटिल स्टार स्कूल की मान्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त करते हुए चार अन्य स्कूलों को खामियों पर नोटिस दिया गया है।
शाश्वत लिटिल स्टार स्कूल में 9 जून को 11वीं कक्षा की पूरक परीक्षा थी। इस दौरान नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। शैलेश वर्मा शिक्षक है। और वह आए दिन स्कूल आता था। दरअसल स्कूल उसके परिवार की है जिसकी वजह से उसे कोई रोकता नहीं था। प्राचार्य का पूरा परिवार भी उसी मकान में रहता है। आवास और स्कूल दोनों एक ही परिसर में संचालित है। इसी के चलते शिक्षक शैलेश वर्मा रिश्तेदार के घर आने के बहाने स्कूल आता था।
9 जून को 11वीं की पूरक परीक्षा के दौरान शैलेश वर्मा ने स्कूल में परीक्षा दिलाने आई छात्र के साथ छेड़छाड़ की। छात्रा ने इसकी जानकारी घर जाकर अपने परिजनों को दी।थाने में परिजनों ने छात्रा को ले जाकर रिपोर्ट दर्ज करवाई और पुलिस ने आरोपी शिक्षक शैलेश वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। स्कूल का संचालन स्वर्गीय डीआर वर्मा स्मृति शिक्षण संस्थान झीपन के द्वारा किया जाता है। इस संस्थान के द्वारा शांति देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुहेला, शांति देवी लिटिल स्टार स्कूल सुहेला, शांति देवी स्कूल रावन, शांति देवी स्कूल दतान एवं शाश्वत लिटिल स्टार स्कूल का संचालन भी किया जाता है। इन स्कूलों में 1500 के लगभग बच्चे पढ़ते है। मामला सामने आने के बाद 14 गांवों के सरपंचों और साहू समाज सुहेला में धरना दिया था। इसके अलावा स्कूल के सामने भी धरना देकर स्कूल की मान्यता निरस्त करने की मांग की थी।
कलेक्टर दीपक सोनी को शिकायत मिलने पर उन्होंने उक्त संस्थान के अंतर्गत संचालित पांच स्कूलों की जांच हेतु छह सदस्यीय समिति गठित की थी। जांच प्रतिवेदन के आधार पर स्व डीआर वर्मा स्मृति शिक्षण संस्थान झीपन के द्वारा शाश्वत लिटिल स्टार स्कूल सुहेला की मान्यता तत्काल समाप्त कर दी गई। निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए आरोपीय शैलेश वर्मा पर परिसर के आवास में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
चार अन्य स्कूलों को नोटिस-
शांति देवी लिटिल स्टार स्कूल सुहेला, शांति देवी स्कूल रावन, शांति देवी स्कूल दतान और शांति देवी उमा शाला सुहेला में संसाधनों और मानकों की कमी पाए जाने पर नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत नोटिस जारी किया गया है।
चार स्कूलों में 46 बिना डिग्रीधारी शिक्षक-
संस्थान द्वारा संचालित चार स्कूलों में 58 शिक्षक हैं। इनमें 46 के पास बीएड की डिग्री नहीं है। केवल 12 ही बीएड डिग्री धारी है। बाकी शिक्षकों के पास पढ़ने की योग्यता नहीं है। जिसके चलते शिक्षा की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए जा रहे है। कलेक्टर ने 15 दिवस के भीतर न्यूनतम अर्हता प्रशिक्षित शिक्षकों की व्यवस्था करने हेतु निर्देशित किया है। ऐसा नहीं करने पर स्कूलों की मान्यता समाप्त करने की चेतावनी दी है।