Begin typing your search above and press return to search.

CG News: कृषि सेवा केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई, अनियमितता पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी...

CG News: सोमवार को कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न विकासखण्डों में कृषि सेवा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर 5 कृषि सेवा केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया

CG News:
X

CG News


By Sandeep Kumar

बलौदाबाजार-भाटापारा। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार जिले में कृषकों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने हेतु कृषि विभाग द्वारा निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न विकासखण्डों में कृषि सेवा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर 5 कृषि सेवा केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार विकासखण्ड अंतर्गत निरीक्षक लोकनाथ दीवान ने गुरुदेव कृषि केंद्र, रसेडा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विक्रय केंद्र में बिल बुक अद्यतन नहीं पाया गया तथा कीटनाशक एवं उर्वरक का स्रोत प्रमाण पत्र संधारित नहीं किया गया था। इस पर संबंधित विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

पलारी विकासखण्ड अंतर्गत निरीक्षक सुचिन वर्मा ने ग्राम दतान स्थित 4 विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में गुलशन कृषि सेवा केंद्र में कैश क्रेडिट मेमो अद्यतन नहीं था एवं कीटनाशकों का स्रोत प्रमाण पत्र संधारित नहीं किया गया था। किसान कृषि केंद्र एवं विवेक कृषि सेवा केंद्र में भी कैश क्रेडिट मेमो अद्यतन नहीं पाया गया। वेद कृषि सेवा केंद्र में उपलब्ध कीटनाशकों का स्रोत प्रमाण पत्र संधारित नहीं था। इन सभी 4 विक्रय केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

भाटापारा विकासखण्ड अंतर्गत उर्वरक निरीक्षक अवधेश कुमार उपाध्याय ने अतुल एंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कृषकों को शासन द्वारा निर्धारित दर पर टोकन प्रणाली के माध्यम से यूरिया का वितरण कराया गया। निरीक्षण में विक्रेताओं को शासन के नियमों का पालन करते हुए कृषि आदान विक्रय करने हेतु निर्देशित किया गया।

उप संचालक कृषि दीपक नायक ने जिले के सभी कृषि आदान विक्रय केंद्र संचालकों को निर्देशित किया है कि कृषकों को उर्वरक एवं अन्य कृषि आदान केवल निर्धारित दर पर ही विक्रय करें। कृषकों को प्रदाय की गई सामग्री का पक्का बिल अनिवार्य रूप से प्रदान करें तथा कृषक के हस्ताक्षरित प्रति विक्रय केंद्र में संधारित रखें।

औचक निरीक्षण में अनियमितता पाए जाने पर 3 कृषि

सक्ती जिले में कृषि विभाग द्वारा उर्वरकों की गुणवत्ता एवं उनके विक्रय पर निगरानी के लिए सतत औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखण्ड जैजैपुर अंतर्गत हसौद, झरप एवं देवरघटा में संचालित 3 कृषि विक्रय केंद्रों के निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उप संचालक कृषि के मार्गदर्शन में उर्वरक निरीक्षक सह वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मनोहर कुमार रात्रे द्वारा मेसर्स उदय ट्रेडर्स, हसौद, लहरे कृषि केन्द्र, झरप एवं भानू किसान समृद्धि केन्द्र, देवरघटा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पीओएस स्टॉक एवं भौतिक स्टॉक में अंतर, स्कंध पंजी का संधारण और प्रदर्शन बोर्ड का चस्पा नहीं पाए जाने जैसी अनियमितताएँ पाई गईं। इस पर तीनों विक्रय केंद्र संचालकों को उर्वरक (नियंत्रण) आदेश-1985 के अंतर्गत कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्राधिकार पत्र निलंबन की कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि किसानों को खरीफ फसल हेतु उचित मूल्य पर उच्च गुणवत्ता युक्त खाद एवं कीटनाशक उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। नकली खाद निर्माण, कालाबाजारी एवं अधिक मूल्य पर विक्रय करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। कृषि विभाग द्वारा जिले के सभी विकासखण्डों में उर्वरक निरीक्षक एवं कीटनाशी निरीक्षक द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद एवं कीटनाशक उपलब्ध हो सके।


Sandeep Kumar

संदीप कुमार कडुकार: रायपुर के छत्तीसगढ़ कॉलेज से बीकॉम और पंडित रवि शंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी से MA पॉलिटिकल साइंस में पीजी करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं। पिछले 10 सालों से विभिन्न रीजनल चैनल में काम करने के बाद पिछले सात सालों से NPG.NEWS में रिपोर्टिंग कर रहे हैं।

Read MoreRead Less

Next Story