Begin typing your search above and press return to search.

कबाड़ माफिया पर प्रशासन का कहर, तीन एकड़ पर मिला कब्जा, यार्ड पर चला बुलडोजर

CG News: छत्तीसगढ़ के एक जिले में कबाड़ माफिया पर प्रशासन और पुलिस ने सख्त एक्शन करते हुए बुलडोजर चला दिया है। कबाडि़यों को इस कार्रवाई से चेतावनी देते हुए बाज आने को कहा गया है।

कबाड़ माफिया पर प्रशासन का कहर, तीन एकड़ पर मिला कब्जा, यार्ड पर चला बुलडोजर
X

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News

By Anjali Vaishnav

कोरबा। 16 मार्च 2026|जिले में अवैध कबाड़ कारोबारियों पर गाज गिर गई है। यहां कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की टीम ने संयुक्त रूप से अवैध कबाडि़यों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया। कोरबा शहर से विभिन्न स्थानों पर तीन एकड़ से अधिक जमीन पर अवैध कब्जा कर संचालित किये जा रहे कबाड़ व्यवसाय और वहॉं पर निर्मित कबाड़ के यार्डो को नेस्तनाबूद कर दिया। प्रशासन ने अवैध कारोबारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में अवैध कारोबार अतिक्रमण व अवैध कब्जा, किसी में सूरत में स्वीकार्य नहीं होगा, प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप है।

कोरबा शहर में शासकीय जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा कर वहॉं कबाड़ का कारोबार करने वाले अवैध कबाड़ व्यवसायियों पर प्रशासन द्वारा आज कड़ी कार्रवाई की गई है। कोरबा शहर के राताखार क्षेत्र में मुकेश साहू कबाड़ कारोबारी के द्वारा लगभग 70 डिसमिल शासकीय जमीन में कब्जा कर अवैध रूप से 02 कबाड़ यार्ड का निर्माण कराया गया था तथा भारी मात्रा में कबाड़ का संग्रह किया गया था, जिस पर जिला, पुलिस व निगम प्रशासन ने संयुक्त कार्यवाही कर उक्त कबाड़ यार्ड को बुलडोजर चलाकर का ध्वस्त कर दिया। वहीं उक्त कबाड़ व्यवसायी के द्वारा बाउण्ड्रीयुक्त 03 मंजिला मकान भी वहीं पर बनाया गया है, अतिक्रमण दस्ते ने उक्त मकान के बाउण्ड्रीवाल को भी जेसीबी के माध्यम से तोड़कर हटा दिया गया, वहीं 03 मंजिला मकान के संबंध में कल तक का समय संबंधित को दिया गया है, कि वह मकान से अपना समान हटा लें, तत्पश्चात शासकीय जमीन में अवैध रूप से निर्मित उक्त मकान को तोड़ने की कार्यवाही भी प्रशासन द्वारा की जाएगी।

मुड़ापार रामनगर में यार्ड ध्वस्त

इसी प्रकार मुड़ापार रामनगर क्षेत्र में कबाड़ व्यवसायी तनवीर के द्वारा लगभग दो एकड़ सरकारी जमीन में अवैध कब्जा कर 02 कबाड़ यार्ड बना लिये गये थे, जहॉं पर कबाड़ का अवैध व्यवसाय किया जा रहा था। इस पर भी प्रशासन ने सख्त कार्यवाही की तथा वहॉं पर निर्मित दोनों कबाड़ यार्ड को बुलडोजर चलाकर नेस्तनाबूद कर दिया।

झगरहा में भी अवैध कब्जा

झगरहा बस्ती क्षेत्र में कबाड़ व्यवसायी सियाराम और मदनलाल के द्वारा लगभग 50 डिसमिल जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर 02 कबाड़ यार्ड बना लिया गया था। वहां बाकायदा अवैध कबाड़ व्यवसाय किया जा रहा था। प्रशासन की संयुक्त टीम झगरहा पहुंची तथा वहॉं पर भी सख्त कार्यवाही करते हुये दोनों कबाड़ यार्डो को बुलडोजर के माध्यम से ध्वस्त कर दिया।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

शहर में शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण कर बिना अनुमति अवैध रूप से संचालित कबाड़ यार्डो की पहचान कर प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। आज की कार्रवाई से अवैध कारोबार करने वाले तथा शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण व अवैध कब्जा करने वालों को कड़ा संदेश गया है कि शहर में अवैध कारोबार व अवैध कब्जे किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होंगे।

Anjali Vaishnav

अंजली वैष्णव मैंने छत्तीसगढ़ के कल्याण कॉलेज भिलाई से बैचलर ऑफ जर्नलिज्म करने के बाद रायपुर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में M.sc Electronic Media की पढ़ाई की. इस दौरान मैने 2021 से TCP News, फिर TV 24 MPCG में बतौर कंटेट राइटर और बुलेटिन प्रोड्यूसर का कार्य किया, वर्तमान में मैं NPG.NEWS में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं, कंटेंट राइटिंग के साथ मुझे रिपोर्टिंग करना पसंद है.

Read MoreRead Less

Next Story