CG Crime News: खुद को अविवाहित बताकर युवती का किया शोषण, पीड़िता का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले असिस्टेंट डायरेक्टर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Dhamtari Crime News
जांजगीर। खुद को अविवाहित बताकर शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करने वाले अफसर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी जिला पंचायत जांजगीर में असिस्टेंट डायरेक्टर के पद पर पदस्थ है और वह पूर्व से विवाहित है। पर उसने युवती को फोन से बात कर अपने प्रेम जाल में फंसाया और खुद को अविवाहित बता शादी का झांसा देकर 3 सालों से शारीरिक संबंध बनाता रहा। युवती को जब सच्चाई पता चली तो उसने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने अपराध कायम कर चंद घंटों के अंदर आरोपी असिस्टेंट डायरेक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी दिग्विजय दास महंत (37) निवासी कृषि उपज मंडी रोड मोहलाईनभाठा थाना कटघोरा जिला कोरबा का रहने वाला है। वह जिला पंचायत जांजगीर में असिस्टेंट डायरेक्टर के पद पर पदस्थ है। उसने एक युवती से जान पहचान बना कर मोबाइल से बातचीत करने लगा और पहले दोस्ती की। दोस्ती करने के बाद धीरे-धीरे बात करते हुए उसे अपने प्यार के जाल में फंसाया। आरोपी असिस्टेंट डायरेक्टर दिग्विजय दास महंत ने खुद को अविवाहित बता युवती को शादी करने का भरोसा दिलाया। फिर शादी करने का आश्वासन दे पिछले 3 सालों से उसका यौन शोषण कर रहा था।
युवती के द्वारा बार-बार शादी की बात करने पर वह किसी न किसी बहाने टाल देता था। जब युवती ने अपने स्तर पर पता किया तो पता चला कि असिस्टेंट डायरेक्टर पूर्व से ही शादीशुदा है और उसे झूठे सपने दिखाकर उसका शारीरिक शोषण कर रहा है। युवती के द्वारा इस संबंध में बात करने पर आरोपी असिस्टेंट डायरेक्टर ने बताया कि संबंध बनाने के दौरान उसने पीड़िता का अश्लील वीडियो बना रखा है और कहीं भी मुंह खोलने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देता था और चुपचाप जैसा चल रहा है वैसा चलने देने की बात कहता था। पीड़िता को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बुलाकर उसे संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता था ।
परेशान होकर पीड़िता ने कोतवाली थाने पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज करवाई। थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी ने उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त कर एफआईआर दर्ज की और एफआईआर होने के चंद घंटों में ही आरोपी दिग्विजय दास महंत जो जिला पंचायत जांजगीर में असिस्टेंट डायरेक्टर के पद पर पदस्थ है उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया है।

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।
-
Home
-
Menu
