CG Naxal News: जारी है विजय का शंखनाद, खत्म हो रहा नक्सलवाद, CM विष्णुदेव ने जवानों को दी बधाई, 'X' पोस्ट कर कहा-कुख्यात नक्सल लीडर मारा गया...
CG Naxal News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नक्सलियों के खिलाफ जारी अभियान में मिली सफलता पर जवानों को बधाई दी हैं। साथ ही उनकी वीरता को नमन किया हैं।

CG Naxal News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ जंगल में चल रहे ऑपरेशन में जवानों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में नक्सली लीडर सहित 27 माओवादियों को मार गिराया है। सुरक्षाबलों को मिली सफलता पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पोस्ट कर बधाई दी है। सीएम ने लिखा...
''जारी है विजय का शंखनाद, खत्म हो रहा नक्सलवाद
यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में एवं माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के मार्च 2026 तक देश-प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए सुरक्षाबल के जवान निरंतर सफलता हासिल कर लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
नारायणपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस की डीआरजी यूनिट के द्वारा कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों के बावजूद, वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ इस निर्णायक अभियान को पूरी प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प के साथ पूरा किया जा रहा है। इसका परिणाम है कि अब तक 27 नक्सली मारे गए हैं, जिनमें कुख्यात नक्सल लीडर नंबाला केशव राव और अलियास बसवराजू के खात्मे की भी पुष्टि हुई है।
जवानों को मिली यह कामयाबी सराहनीय है, उनकी वीरता को नमन करता हूँ।
ऑपरेशन के दौरान DRG के एक जवान के वीरगति को प्राप्त होने और कुछ जवानों के घायल होने की दु:खद सूचना प्राप्त हुई है।
घायल जवानों के त्वरित इलाज के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से शहीद जवान की आत्मा की शांति और घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।''
बताया जा रहा है कि बसवा राजू नक्सली संगठन को हथियार सप्लाई करने, नक्सल रणनीति बनाने में माहिर था। बताया जाता है कि उसकी तलाश में कई राज्यों की पुलिस लगी हुई थी। नक्सली गणपति के बाद वह नक्सल संगठन की कमान संभाल रहा था।
दरअसल, नक्सलियों के माड़ डिवीजन के बड़े कैडर के माओवादियों के होने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर डीआरजी नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव के सुरक्षाबल अबूझमाड़ में ऑपरेशन के लिए निकले थे। आज सुबह जवानों को जंगल में आते देख माओवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी नक्सलियों को करारा जवाब दिया। दोनों तरफ से रूक-रूककर फायरिंग हो रही है।
बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में 27 माओवादी मारे गये है। मारे गये माओवादियों में बसवा राजू के अलावा बड़े कैडर के कुछ और नक्सली भी शामिल है। जवानों ने मौके से एके-47 सहित कई हाईटेक हथियार बरामद किये है।
फिलहाल मारे गए माओवादियों की पहचान की जा रही है। मुठभेड़ खत्म होने के बाद इसकी जानकारी पुलिस द्वारा दी जाएगी।
