CG News: मजदूर शहर में बढ़ाते रहे नक्सली नेटवर्क, नौ संदिग्ध नक्सलियों के खिलाफ एनआईए कोर्ट में चालान पेश

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
बिलासपुर। 18 मार्च 2026|रायपुर पुलिस को वर्ष 2025 में बड़ी सफलता हासिल हुई थी, जब नक्सलियों का शहरी नेटवर्क तोड़ दिया गया था। पुलिस ने मुखबिरों की मदद से ऐसे नौ लोगों की पहचान की थी, जो लगातार जंगल के नक्सलियों की मदद कर रहे थे। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से रायपुर पुलिस ने सभी नौ लोगों को गिरफ्तार किया तो बड़े खुलासे हुए थे। इनके पास से बड़ी मात्रा में नक्सली साहित्य के अलावा सोने के बिस्किट और नकदी बरामद की गई थी। एनआईए कोर्ट में चालान पेश होने के बाद अगली सुनवाई की तारीख 20 मार्च तय की गई है।
रायपुर पुलिस को पुलिस मुख्यालय के जरिए जानकारी मिली थी कि शहरी नेटवर्क तगड़ा करने के लिए कुछ संदेही सक्रिय हैं। एसआईटी पुलिस मुख्यालय को यह सूचना मुखबिर से मिली थी। ये संदेही नक्सली न केवल नेटवर्क बढ़ा रहे थे, बल्कि उनका संपर्क जंगल के नक्सलियों से भी था। शहर से गाडि़यों के जरिए रसद और चिकित्सा सामग्री की भी आपूर्ति जंगल में लगातार की जा रही थी। पुलिस ने इन पर निगाह रखना शुरू किया तो सूचना की पुष्टि हो गई। रायपुर पुलिस को पहली सफलता तब मिली जब 25 सितंबर 2025 को सावनार थाना गंगालूर जिला बीजापुर निवासी जग्जू कुरसाम को उसकी पत्नी कमला करसाम के साथ गिरफ्तार किया गया। जग्जू खुद नक्सलियों की डिविजनल कमेटी का मेंबर निकला, जबकि उसकी पत्नी कमला एरिया कमेटी का मेंबर थी। पुलिस ने इनसे लगातार पूछताछ की तो शहरी नक्सली नेटवर्क में शामिल सदस्यों की संख्या बढ़ती चली गई। इससे पता चला कि नेटवर्क के सदस्य प्रदेशभर में फैले हुए हैं और रोजी- मजदूरी की आड़ में अपना मूल काम कर रहे हैं। मजदूरी करते हुए ये लोग दूसरों को शहरी नेटवर्क से जोड़ते जा रहे थे। जांच पूरी होने के बाद रायपुर पुलिस ने बीजापुर जिले के थाना मीरतूर के ग्राम इमलीडुगू रामईचाम को कोरबा से गिरफ्तार किया। इसी तरह बालोद निवासी पवन उर्फ आकाश को बिलासपुर के इमलीपारा, नारायणपुर निवासी धनसिंह गावडे को नारायणपुर तथा संदेव पोडयामी, गिरधर नाग, सुकारुराम और शंकर कोरसा को बीजापुर इलाके से गिरफ्तार कर लाया गया।
इन सभी आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में डीडी नगर थाना रायपुर में अपराध पंजीबद्ध कर एनआई कोर्ट बिलासपुर में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। इनकी गिरफ्तारियां अलग- अलग तारीखों में की गई थी।

अंजली वैष्णव मैंने छत्तीसगढ़ के कल्याण कॉलेज भिलाई से बैचलर ऑफ जर्नलिज्म करने के बाद रायपुर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में M.sc Electronic Media की पढ़ाई की. इस दौरान मैने 2021 से TCP News, फिर TV 24 MPCG में बतौर कंटेट राइटर और बुलेटिन प्रोड्यूसर का कार्य किया, वर्तमान में मैं NPG.NEWS में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं, कंटेंट राइटिंग के साथ मुझे रिपोर्टिंग करना पसंद है.
Tags
-
Home
-
Menu
