CG में अफीम की खेती, बीजेपी नेता निलंबित, पूर्व सीएम बोले-सांसद, विधायक, कलेक्टर के साथ आरोपी का उठना बैठना...
CG News: दुर्ग के समोदा-झेंजरी बाॅर्डर के फार्म हॉउस में अफीम की खेती मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकर को पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। दुर्ग के समोदा स्थित उनके फार्म हाउस में अफीम की खेती पकड़ाई थी। शुक्रवार की देर रात पुलिस और कलेक्टर मौके पर पहुंचे थे।

CG News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में अवैध अफीम की खेती का खुलासा हुआ है। अवैध अफीम की खेती की सूचना के बाद शुक्रवार की देर शाम कलेक्टर और दुर्ग पुलिस मौके पर पहुंचे थे। जांच में पता चला कि अफीम की अवैध खेती बीजेपी नेता विनायक ताम्रकर के फार्म हाउस में की जा रही थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए विनायक ताम्रकर को हिरासत में ले लिया है। बीजेपी नेता से अफीम की खेती के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
वहीं, पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। अफीम की खेती की शिकायत मिलने के बाद भूपेश बघेल मौके पर पहुंचे। इस दौरान भारी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे, जिन्हें रोकने की कोशिश पुलिस ने की। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने आरोपी लगाया हैं कि बीजेपी नेता विनायक ताम्रकर का सांसद, विधायक और कलेक्टर के साथ उठना बैठना है। उन्होंने ने कहा कि पहले अन्य राज्यों से नशा सप्लाई होता था, अब दुर्ग जिले में ही अफीम की खेती हो रही है।
भारतीय जनता पार्टी ने मामले में एक्शन लेते हुए विनायक ताम्रकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने निलंबन आदेश जारी करते हुए लिखा...
''प्रति, विनायक ताम्रकर
प्रदेश संयोजक राईस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प किसान मोर्चा, आपके आचरण वकृत्य से भारतीय जनता पार्टी की छवि धूमिल हुई है। आपका यह कृत्य पार्टी अनुशासनहीनता करने की श्रेणी में आता है।
अतः भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव जी ने आपको उपरोक्त कृत्य के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।''
जानिए पूरा मामला
घटना समोदा गांव की है। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नेता विनायक ताम्रकर के फार्म हाउस में अवैध अफीम की खेती का खुलासा शुक्रवार को हुआ था, जिसके बाद जिला के कलेक्टर और पुलिस मौके पर देर शाम को पहुंचे थे। पुलिस ने जब बीजेपी नेता से पूछताछ की तो उन्होंने कहा कि अफीम की खेती की उन्हें कोई जानकारी नहीं थी, खेत को अधिया पर दी गई थी। पुलिस ने बीजेपी नेता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
