शराबी वाहन चालक सावधान! स्मेल डिटेक्शन से खुलेगी पोल, पुलिस करेगी एडवांस तकनीक का इस्तेमाल

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
बिलासपुर।12 अप्रैल 2026| सड़क पर नशे की हालत में ड्राइविंग पर सख्ती के साथ रोक लगाने के लिए छत्तीसगढ़ बिलासपुर पुलिस अब पूरी तरह हाईटेक मोड में आ गई है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए एडवांस्ड ब्रीथ एनालाइजर मशीनों का इस्तेमाल शुरू किया जा रहा है। खास बात यह है, अब ड्राइवर को फूंक मारने की जरूरत नहीं होगी, सिर्फ गंध से ही शराब की मात्रा का पता लगाया जा सकेगा।
पुलिस लाइन स्थित चेतना भवन में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में जिलेभर के थाना, चौकी और पुलिस सहायता केंद्र के अधिकारियों को इसका प्रशिक्षण दिया गया। यह पहल एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन और एएसपी (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में की गई।
तकनीक करेगी ट्रैफिक कंट्रोल को
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने बताया, एडवांस्ड एल्कोमीटर मशीनें ड्राइवर की सांस में मौजूद अल्कोहल की मात्रा को तुरंत मापकर डिजिटल डेटा तैयार करती हैं। इससे मौके पर ही केस बनाकर कोर्ट भेजना आसान हो जाता है। नई तकनीक में नो-ब्लो फीचर भी जोड़ा गया है, जिससे केवल स्मेल के आधार पर ही शराब की पहचान हो सकेगी। इससे कार्रवाई और तेज व प्रभावी बनेगी, खासकर उन मामलों में जहां ड्राइवर जांच से बचने की कोशिश करते हैं।
नो पार्किंग एरिया में गाड़ी पार्क किया तो , लगेगा ‘लॉक’
शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने बड़ी संख्या में व्हील लॉक खरीदा है। नो पार्किंग एरिया में वाहन खड़ा करने वालों के वाहनों को मौके पर ही लॉक कर ट्रैफिक नियमो के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उद्योगों व ट्रांसपोर्ट सेक्टर को अलर्ट
कार्यशाला में एनटीपीसी, एसईसीएल और ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को बुलाया गया था। पुलिस ने उन्हें सुझाव दिया है, अपने प्रतिष्ठानों में ब्रेथ एनालाइजर मशीन लगाकर ड्राइवरों की जांच अनिवार्य करें, ताकि सड़क पर निकलने से पहले नशे की स्थिति में ड्राइविंग रोकी जा सके।

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।
-
Home
-
Menu
