Begin typing your search above and press return to search.

CG Mahtari Vandan: छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए इस बार तीजा बना खास, विष्णुदेव सरकार की महतारी वंदन योजना से महिलाएं बन रहीं सशक्त और आत्मनिर्भर

CG Mahtari Vandan: छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना से छत्तीसगढ़ की महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही बल्कि सशक्त भी हो रही हैं। इस बार तीजा उनके लिए खास रहा।

CG Mahtari Vandan: छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए इस बार तीजा बना खास, विष्णुदेव सरकार की महतारी वंदन योजना से महिलाएं बन रहीं सशक्त और आत्मनिर्भर
X
By Sandeep Kumar

CG Mahtari Vandan:रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार की महतारी वंदन योजना से उन्हें हर महीने सीधे खाते में आर्थिक सहायता मिल रही है, जिसके कारण वे आज महिलाएं आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। कबीरधाम जिले के ग्राम चिमरा की महिला सरोज साहू के जीवन में इस बार तीज का त्यौहार खास बन गया है। कुछ समय पहले तक सरोज को घर के छोटे-छोटे खर्चों के लिए भी अपने पति से पैसे मांगने पड़ते थे। गांव की यात्रा हो या बच्चों की पढ़ाई के लिए जरूरी खर्च, हर बार उन्हें इंतजार करना पड़ता था। लेकिन जब से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने महतारी वंदन योजना शुरू की, उनकी जिंदगी बदल गई। अब राशि सीधे उनके खाते में आती है, जिससे वे बिना किसी झिझक के अपनी जरूरतें पूरी कर पा रही हैं।

सरोज साहू इस तीज पर खास खुशी से झूम रही हैं। कुछ समय पहले तक तीज का त्यौहार उनके लिए केवल घर-परिवार तक सीमित था, लेकिन महतारी वंदन की राशि से इस बार उन्होंने तीज के अवसर पर अपने लिए श्रृंगार का सामान, मायके वालों के लिए मिठाई और बच्चों के लिए खाने की वस्तुएं खरीदी है। सरोज बताती हैं कि अब मैं न केवल मायके जा रही हूँ, बल्कि अपने परिवार के लिए कुछ खास ले जाने की खुशी भी है। यह मेरे लिए तीजा का सबसे बड़ा तोहफा है। सरोज के चेहरे की चमक और आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण है कि आज वे आर्थिक रूप से सक्षम हैं। तीज का त्यौहार अब उनके लिए केवल धार्मिक और पारंपरिक पर्व ही नहीं, बल्कि आर्थिक आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण का उत्सव बन गया है।

यह कहानी केवल सरोज तक सीमित नहीं है। महतारी वंदन योजना ने जिले और प्रदेश की हजारों ग्रामीण महिलाओं को तीज जैसे पारंपरिक त्यौहारों पर आत्मनिर्भरता का अहसास कराया है। महिलाएँ अब परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी में साझेदारी निभा रही हैं और अपने पैसों से अपने प्रियजनों के लिए कुछ कर पाने की गर्व भरी खुशी उनके जीवन में नए रंग भर रही है। तीज का यह पर्व महतारी वंदन योजना के कारण महिलाओं के आत्मसम्मान और स्वावलंबन का पर्व बन चुका है।

बीजापुर जिले में विशेष अभियान

विष्णु देव साय सरकार द्वारा प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने महतारी वंदन जैसी महत्वाकांक्षी योजना चलाई जा रही है। राज्य सरकार इस योजना के अंतर्गत प्रदेश की अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को लाभ दिलाना चाहती है। इसी कड़ी में बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में विशेष अभियान की शुरूआत की जा रही है, जिसमें नियद नेल्ला नार योजनांतर्गत आने वाले गांवों में महतारी वंदन योजना के लाभ से वंचित पात्र महिलाओं से आवेदन लिए जाएंगे। 15 से 31 अगस्त तक आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से यह आवेदन स्वीकृत होंगे। चरणबद्ध सत्यापन के बाद पात्र महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

गौरतलब है कि बस्तर संभाग के नियद नेल्लानार क्षेत्र में मार्च 2024 से संचालित इस योजना में कुछ पात्र महिला हितग्राही आवेदन नहीं कर पाने के कारण वंचित रह गई थीं। अब इन हितग्राहियों के लिए पुनः आवेदन की सुविधा प्रदान की गई है, ताकि वे भी योजना के तहत मिलने वाले लाभ का लाभान्वित हो सकें। जिला प्रशासन बीजापुर की ओर से की जा रही पहल में नियद नेल्ला नार क्षेत्र के अंतर्गत संचालित 53 शिविरों से जुड़े 511 आंगनबाड़ी केंद्रों एवं ग्रामों के पात्र हितग्राहियों से आवेदन आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 15 से 31 अगस्त 2025 तक प्राप्त किए जाएंगे। इसके पश्चात 01 से 04 सितम्बर 2025 तक प्राप्त आवेदनों का संबंधित सेक्टर पर्यवेक्षक द्वारा सत्यापन किया जाएगा। वहीं 05 सितम्बर 2025 को सेक्टर पर्यवेक्षक द्वारा सूची एवं आवेदन पत्र परियोजना कार्यालय में प्रस्तुत किया जाएगा। 06 से 08 सितम्बर 2025 तक बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा आवेदन पत्रों का परीक्षण एवं सत्यापन की प्रक्रिया होगी। 09 सितम्बर 2025 को परियोजना अधिकारी द्वारा सूची एवं आवेदन पत्र जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास विभाग) को प्रस्तुत किया जाएगा। फिर 10 से 12 सितम्बर 2025 तक जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा परीक्षण एवं सत्यापन करेंगे। वहीं 15 सितम्बर 2025 को जिला कलेक्टर की अनुमोदन उपरांत सूची एवं आवेदन पत्र संचालनालय को प्रेषित किए जाएंगे। अंत में 16 से 25 सितम्बर 2025 तक संचालनालय द्वारा प्राप्त आवेदन पत्रों का वेब पोर्टल में अपलोड करने की प्रक्रिया होगी।

इस संबंध में जिला प्रशासन ने सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि में आवश्यक दस्तावेजों के साथ निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र में अपना आवेदन अवश्य जमा करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अवसर केवल छूटे हुए पात्र हितग्राहियों के लिए है और समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

सुशासन में महिलाएं बन रहीं सशक्त

प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत सुधार और परिवार में उनकी निर्णायक भूमिका को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा महतारी वंदन योजना लागू की गई है। इस योजना के अंतर्गत पात्र विवाहित, विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में यह योजना प्रदेश में महिलाओं के प्रति व्याप्त भेदभाव और असमानता को कम करने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर कर रही है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ की 69.19 लाख से अधिक महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। केवल नारायणपुर जिले में ही हर महीने 27 हजार से अधिक महिलाओं के खातों में 2 करोड़ 78 लाख रुपये से अधिक की राशि स्थानांतरित की जा रही है, जिसमें विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की 3,687 महिलाएं भी शामिल हैं।

1000 में घर की जरूरतें पूरी

नारायणपुर जिले के ग्राम कोलियारी निवासी हिरामनी नाग बताती हैं कि पहले उनके घर की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, लेकिन महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाले 1,000 रुपये से अब घर की जरूरतों और बच्चों की पढ़ाई का खर्च आसानी से पूरा हो रहा है। इस राशि से उनके घर के खानपान में भी सुधार आया है और अब उन्हें किसी से उधार नहीं लेना पड़ता।

ग्राम बेनूर की भुनेश्वरी बघेल, जो एक गृहिणी और किराना दुकान संचालक हैं, कहती हैं कि इस योजना से उन्हें बच्चों की शिक्षा, स्कूल ड्रेस, घर के आवश्यक सामान और दुकान के लिए सामग्री खरीदने में मदद मिलती है। साथ ही उन्होंने अपनी बेटी के भविष्य के लिए सुकन्या योजना में खाता खोलकर नियमित जमा करना शुरू किया है।

इन दोनों महिलाओं की कहानी यह साबित करती है कि सही दिशा और थोड़े से सहयोग से महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी होकर परिवार की आर्थिक रीढ़ बन सकती हैं। महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाओं के जीवन में खुशहाली और आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रही है।

शासन द्वारा आम नागरिकों के लिए कई जनहितैषी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, इनमें राशन, पेंशन, महतारी वंदन सहित विभिन्न विभागों के कई योजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने मुंगेली कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार संबंधित विभागों द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। वहीं पात्र व्यक्तियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इनमें से एक काली माई वार्ड मुंगेली की श्रीमती पूर्णिमा बंजारा हैं, जो महतारी वंदन योजनांतर्गत प्रतिमाह मिलने वाले एक हजार रूपए से अपने बच्चों के सुरिक्षत भविष्य की नींव रख रही है। इसके साथ ही वे शासन की खाद्य सुरक्षा योजनांतर्गत निःशुल्क राशन का भी लाभ ले रही हैं।

पूर्णिमा ने बताया कि शासन द्वारा महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह एक हजार रूपए उनके खाते में आ जाते है। इस राशि को वे खर्च न कर अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए बैंक में आरडी खाता खुलवाकर जमा कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके दो बच्चे हैं, दोनों निजी स्कूलों में पढ़ाई करते हैं। छोटा लड़का शासन की निःशुल्क शिक्षा का अधिकार योजना के तहत निजी स्कूल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहा है। उन्होंने इन सभी जनहितैषी योजनाओं के संचालन के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरूण साव सहित शासन-प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया है।

Sandeep Kumar

संदीप कुमार कडुकार: रायपुर के छत्तीसगढ़ कॉलेज से बीकॉम और पंडित रवि शंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी से MA पॉलिटिकल साइंस में पीजी करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं। पिछले 10 सालों से विभिन्न रीजनल चैनल में काम करने के बाद पिछले सात सालों से NPG.NEWS में रिपोर्टिंग कर रहे हैं।

Read MoreRead Less

Next Story