Begin typing your search above and press return to search.

CG Kondagaon News: MDM में लापरवाही: हेड मास्टर की सैलेरी ब्रेक, स्व सहायता समूह से छिना काम

CG Kondagaon News: कोंडागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने विभिन्न स्कूलों और छात्रावासों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि सरकारी स्कूल में मध्याह्न भोजन के समय बच्चों को केवल चावल और दाल परोसा गया था। सब्जी नहीं दी गई थी। प्रधान पाठक से पूछने पर वह कारण भी नहीं बता पाए। कलेक्टर ने प्रधान पाठक के एक माह का वेतन रोकने और स्व सहायता समूह को मध्याह्न भोजन के काम से पृथक करने के निर्देश दिए हैं।

CG Kondagaon News: MDM में लापरवाही: हेड मास्टर की सैलेरी ब्रेक, स्व सहायता समूह से छिना काम
X
By Radhakishan Sharma

CG Kondagaon News: कोंडागांव। मध्याह्न भोजन में लापरवाही बरतने का मामला लगातार सामने आ रहा है। सुकमा में फिनायल मिले खाने के बाद एक अन्य जिले में भी सिर्फ नमक के साथ खाना देने का मामला सामने आया था। अब कोंडागांव जिले में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के द्वारा स्कूल का औचक निरीक्षण करने पर ऐसा ही मामला सामने आया है। मध्याह्न भोजन के समय स्कूल पहुंचीं कलेक्टर को बच्चों की थाली में सिर्फ चावल और दाल मिला। उन्हें सब्जी नहीं दी गई थी। जिसका कारण पूछने पर प्रधान पाठक बंगले झांकने लगे। कलेक्टर ने प्रधान पाठक के एक माह का वेतन सजा बतौर रोकने के निर्देश जारी किए हैं।

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शुक्रवार को कोंडागांव विकासखंड के आश्रम, छात्रावासों और विद्यालयों का निरीक्षण किया और शैक्षणिक गतिविधियों सहित बच्चों के भोजन व आवासीय सुविधाओं को देखा। कलेक्टर ने बालक आश्रम कारसिंग में विभिन्न कक्षाओं में अध्ययनरत बच्चों से चर्चा कर पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने अधीक्षक और शिक्षकों को निर्देशित किया कि, बच्चों को साफ- सफाई की आदतें और अनुशासन सिखाएं। साथ ही बच्चे साफ सुथरे स्कूल ड्रेस और जूते पहन कर आएं यह सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्कूलों और आश्रमों में विद्युत व्यवस्था की जांच करें और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कराएं। कलेक्टर ने सभी विद्यालयों के साथ आश्रमों के रसोई को धुएं रहित बनाने के लिए गैस सिलेंडर की व्यवस्था के भी निर्देश दिए।

बिना सब्जी के खिलाया जा रहा था मध्याह्न भोजन

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शासकीय प्राथमिक शाला करियाकांटा का भी औचक निरीक्षण किया। यह एक रेजिडेंशियल स्कूल हैं। निरीक्षण के दौरान स्कूल में मध्याह्न भोजन चल रहा था। भोजन के दौरान बच्चों की थाली का अवलोकन करने पर कलेक्टर ने पाया कि बच्चों को सिर्फ चावल और डाल खिलाया जा रहा है उन्हें सब्जी नहीं परोसी गई है। बच्चों को दोपहर के भोजन में सब्जी नहीं मिलने पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने नाराजगी जताई और कहा कि ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने इस मामले में प्रधान पाठक तिलक कुमार मौर्य के एक महीने का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही मध्यान्ह भोजन बनाने वाले स्व सहायता समूह को भी हटाने को कहा।

कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मयूरडोंगर का भी निरीक्षण किया और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर करियाकांटा में स्वास्थ्य सुविधाओं को देखा। उन्होंने वहां प्रसव की सुविधा सहित आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली और ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया।

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story