छत्तीसगढ़ की IAS निधि छिब्बर को मिला नीति आयोग की CEO का प्रभार, सुब्रमणियम हुए रिटायर
CG IAS Nidhi Chibber: बीवीआर सुब्रह्मण्यम का तीन साल का कार्यकाल मंगलवार को पूरा होने के बाद सरकार ने निधि छिब्बर को नीति आयोग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का अतिरिक्त प्रभार दिया है।

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
CG IAS Nidhi Chibber: बीवीआर सुब्रह्मण्यम का तीन साल का कार्यकाल मंगलवार को पूरा होने के बाद सरकार ने निधि छिब्बर को नीति आयोग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का अतिरिक्त प्रभार दिया है।
छिब्बर वर्तमान में नीति आयोग के विकास निगरानी एवं मूल्यांकन कार्यालय (डीएमईओ) की महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं। मौजूदा समय में वह केंद्र सरकार की कई प्रमुख योजनाओं की निगरानी और मूल्यांकन करके उनके प्रदर्शन और प्रभाव का आकलन करने के लिए जिम्मेदार हैं। छत्तीसगढ़ कैडर की 1994 बैच की आईएएस अधिकारी छिब्बर ने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
इससे पहले वे केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की अध्यक्ष रह चुकी हैं, जहां उन्होंने प्रमुख सुधारों और परीक्षा प्रक्रियाओं की देखरेख की। उनके पास इतिहास में स्नातकोत्तर और विधि स्नातक (एलएलबी) की डिग्री है, और उनकी अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं पर अच्छी पकड़ है।
नीति आयोग के सीईओ के रूप में बीवीआर सुब्रह्मण्यम का कार्यकाल पूरा होने के बाद उन्होंने यह अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाली है। सुब्रह्मण्यम छत्तीसगढ़ कैडर के 1987 बैच के आईएएस अधिकारी हैं* और उनका तीन दशकों से अधिक का लंबा प्रशासनिक करियर रहा है। अपनी सेवा के दौरान, सुब्रह्मण्यम ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और जम्मू-कश्मीर में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
उन्होंने कुछ समय के लिए विश्व बैंक में भी काम किया। केंद्र में, उन्होंने वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में सचिव के रूप में कार्य किया और प्रधानमंत्री कार्यालय में भी सेवाएं दी हैं। जम्मू और कश्मीर में उन्होंने मुख्य सचिव के रूप में कार्य किया, जबकि छत्तीसगढ़ में वह प्रधान सचिव रहीं।
अपनी वर्तमान भूमिका में, सुब्रह्मण्यम की मुख्य भूमिका नीतिगत सुधारों को आगे बढ़ाना है, जिसमें राज्य स्तरीय शासन और भारत के 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने के विजन (विकसित भारत @2047) के लिए डिजिटल परिवर्तन पर ध्यान केंद्रित करना शामिल है। नीति आयोग सरकार का प्रमुख नीतिगत विचार-मंथन निकाय है, जिसने "सहकारी संघवाद" को बढ़ावा देने के लिए योजना आयोग का स्थान लिया है।
1 जनवरी, 2015 को स्थापित यह निकाय जमीनी स्तर से विकास के दृष्टिकोण को बढ़ावा देता है और राष्ट्रीय लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए नीति निर्माण में राज्य सरकारों को शामिल करता है।
जानिए IAS निधि छिब्बर के बारे में
निधि छिब्बर छत्तीसगढ़ कैडर की तेजतर्रार आईएएस हैं। वे 1994 बैच की आईएएस है। उनके पति विकासशील भी छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस है। निधि छिब्बर नीति आयोग की सलाहकार के पद पर थीं जिसके बाद IAS निधि छिब्बर को नीति आयोग की CEO का प्रभार मिला। आइए जानते हैं उनके बारे में...
जन्म और शिक्षा
आईएएस निधि छिब्बर छत्तीसगढ़ कैडर की 1994 बैच की आईएएस अफसर हैं। वे मूलतः हरियाणा की रहने वाली है। उनका जन्म 24 जून सन 1969 को हुआ था। उन्होंने एमए इतिहास की डिग्री लेने के बाद एलएलबी भी की है। उनके पास इंटेलेलेक्चुअल प्रापर्टी राइट्स में पीजी डिप्लोमा भी है।
निधि छिब्बर का प्रोफ़ेशनल कैरियर
निधि छिब्बर ने 4 सितंबर 1994 को आईएएस की सर्विस ज्वॉइन की हैं। वे छत्तीसगढ़ में जांजगीर चांपा जिले की पांच माह तक कलेक्टर रहीं थीं। इसके अलावा निधि छिब्बर सामान्य प्रशासन विभाग की सचिव और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भी रहीं है।
निधि छिब्बर 2017 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गईं थीं। इससे पहले भी केंद्र सरकार के रक्षा मंत्रालय में उन्हें संयुक्त सचिव बनाया गया था। पर राज्य सरकार के द्वारा रिलीव नहीं करने के चलते केंद्र ने उन्हें 5 सालों तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति हेतु डिबार कर दिया था। इस निर्णय को उन्होंने केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण में चुनौती दी थी। कैट का निर्णय उनके पक्ष में आने पर उन्होंने दोबारा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन लगाया था। दूसरी बार भी निधि को केंद्र सरकार के रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव बनाया गया।
निधि छिब्बर भारी उद्योग मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव भी रहीं। उन्हें सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन का 13 मई 2022 को अध्यक्ष बनाया गया था। उनकी नियुक्ति के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका लगाई गई थी। याचिका में हवाला दिया गया था कि शिक्षा के क्षेत्र में 3 वर्षों तक काम करने का पर्याप्त अनुभव निधि के पास नहीं है। जिसमें जवाब पेश करते हुए बताया गया कि उन्होंने निदेशक के कैडर में शिक्षा विभाग में 48 महीने तक काम किया है। मार्च 2024 में उन्हें नीति आयोग का एडवाइजर बनाया गया।
निधि छिब्बर के जीवन साथी
निधि छिब्बर का विवाह छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस विकासशील से हुआ है। उनके पति विकासशील भी 1994 बैच के अफसर हैं। वर्तमान में छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव हैं.
