धान घोटाला: CG के इस जिले में 25 करोड़ का धान घोटाला, मार्कफेड की रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा
CG Paddy Scam: समर्थन मूल्य पर धान खरीदी समिति प्रभारियों, कोचियों और इससे जुड़े लोगों के लिए कमाई का बड़ा जरिया बन गया है। कवर्धा में धान गड़बड़ी का मामला अभी ठंडा भी नहीं हो पाया है कि छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में बड़ा घोटाला फूट गया है।

इमेज सोर्स- NPG News
जांजगीर।20 फरवरी 2026| समर्थन मूल्य पर धान खरीदी समिति प्रभारियों, कोचियों और इससे जुड़े लोगों के लिए कमाई का बड़ा जरिया बन गया है। कवर्धा में धान गड़बड़ी का मामला अभी ठंडा भी नहीं हो पाया है कि छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में बड़ा घोटाला फूट गया है। 25 करोड़ के धान घोटाला का अनुमान लगाया जा रहा है। तीन संग्रहण केंद्रों से रहस्यमय ढंग से 66,680 क्विंटल धान गायब हो गया है। मार्कफेड की रिपोर्ट में यह चाैंकाने वाला खुलासा हुआ है।
छत्तीसगढ़ सक्ती जिले के तीन धान संग्रहण केंद्रों में वर्ष 2024-25 के दौरान करोड़ों के धान शॉर्टेज का मामला सामने आया है। मार्कफेड की रिपोर्ट पर गौर करें तो जिले के तीन संग्रहण केंद्रों डभरा, बोड़ासागर और सक्ती से 66,680 क्विंटल धान गायब हो गया है। धान की अनुमानित कीमत तकरीबन 21 करोड़ रुपये बताई जा रही है। खरीदी केंद्रों से संग्रहण केंद्रों में हुए धान का परिवहन, बारदाना, सुतली, हमाली और सुरक्षा इंतजाम पर हुए खर्च को जोड़ कर हिसाब लगाने पर सरकारी खजाने को को तकरीबन 25 करोड़ रुपये की क्षति पहुंचाने का अनुमान लगाया जा रहा है।
कब का है यह मामला?
वर्ष 2024-25 में डभरा, बोड़ासागर और सक्ती संग्रहण केंद्रों में आसपास के खरीदी केंद्रों से 1,70,743 मीट्रिक टन धान का संग्रहण किया गया था। समितियों से धान उठाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब मिलान किया गया, अफसर ये देखकर सन्न रह गए कि इतनी बड़ी मात्रा में धान का शार्टेज हुआ या फिर रास्ते से ही परिवहन के दौरान धान गायब कर दिए गए। बहरहाल अफसर इस बात की जांच कर रहे हैं कि गड़बड़ी किस स्तर पर की गई है। परिवहन के दौरान धान गायब कर दिए गए या फिर संग्रहण केंद्र में धान स्टोरेज के बाद गड़बड़ी की गई है।
कवर्धा में चूहे-दीमक खा गए थे करोड़ों का धान
कवर्धा में चूहे व दीमक करोड़ों के धान खा गए थे। देखने वाली बात है, छत्तीसगढ़ के सक्ती में 25 करोड़ के इस धान घोटाले का ठिकरा अफसर किस पर फोड़ते हैं। बहरहाल इस फर्जीवाड़े की जांच जारी है।
जिला विपणन अधिकारी डीएमओ शोभना तिवारी का कहना है, धान के शार्टेज को लेकर जांच की जा रही है। किस स्तर पर लापरवाही हुई और गड़बड़ी कहां की गई,इस संबंध में जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
