मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में फूटा घोटाला: घोटालेबाज अफसर को अभयदान, सिस्टम में भर्राशाही को लेकर उठने लगे सवाल....

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में फूटा घोटाला: घोटालेबाज अफसर को अभयदान, सिस्टम में भर्राशाही को लेकर उठने लगे सवाल....
X

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News

CG News: उत्तर छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में बड़ा घोटाला फूटा है। घोटालेबाज कोई और नहीं विभाग का अधिकारी ही निकला। अचरज की बात ये, कलेक्टर द्वारा जांच रिपोर्ट राज्य शासन को भेजे जाने के चार महीने बाद भी अब तक फर्जीवाड़ा करने वाले अफसर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है।

रायपुर। 08 अप्रैल 2026| एमसीबी जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 21 लाख रुपये की सामग्री क्रय एवं व्यय में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद अब मामले ने तूल पकड़ लिया है। बता दें, भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो द्वारा की गई शिकायत की तीन सदस्यीय जांच कमेटी द्वारा जांच कराई गई थी। जांच कमेटी ने शिकायत को सही पाते हुए फर्जीवाड़े की पुष्टि की है।

कार्यालय कलेक्टर (महिला एवं बाल विकास शाखा), जिला एमसीबी द्वारा इस मामले में जांच समिति का गठन किया गया था। समिति ने अपनी रिपोर्ट में साफ लिखा है, वित्तीय वर्ष 2024-25 में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आयोजित कार्यक्रम के दौरान नियमों का उल्लंघन करते हुए सामग्री खरीदी गई और राशि खर्च की गई। जांच में यह भी सामने आया है, तत्कालीन जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी शुभम बंसल को जांच कमेटी ने इस मामले में दोषी ठहराया है। कमेटी की जांच रिपोर्ट शासन को भेजा गया। शासन को रिपोर्ट भेजे चार महीने से अधिक का समय हो रहा है। अचरज की बात ये है, अब तक शासन सतर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अब तो इस बात की भी चर्चा होने लगी है, कलेक्टर द्वारा भेजी गई कमेटी की जांच रिपोर्ट को आला अधिकारियों ने रद्दी की टोकरी में डाल दिया है। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा, उनकी शिकायत पर कलेक्टर ने जांच कराई, जांच रिपोर्ट में शिकायत सही पाई गई है। कलेक्टर द्वारा चार महीने पहले राज्य शासन को कार्यवाही के लिए पत्र लिखा जा चुका हैं इसके बावजूद अब तक संबंधित अधिकारी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

ये है कलेक्टर एमसीबी द्वारा भेजी गई जांच रिपोर्ट

संचालक, संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग को कलेक्टर द्वारा भेजी गई रिपोर्ट में लिखा है, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह में 21.00 लाख की नियम विरूद्ध सामग्री क्रय एवं राशि व्यय की जांच के संबंध में पूर्व विधायक भरतपुर-सोनहत गुलाब कमरो जी के व्दारा की गई लिखित शिकायत का जांच प्रतिवेदन का प्रेषण।



उपरोक्त संदर्भित विषयान्तर्गत लेख है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के संबंध में शुभम बसंल, तत्कालीन जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी जिला-एमसीबी के विरूद्ध पूर्व विधायक विधानसभा भरतपुर-सोनहत गुलाब कमरो के व्दारा विवाह आयोजन में वित्तीय अनियमितता की शिकायत की गई है।

तत्संबंध में जांच समिति का गठन किया जाकर उक्त शिकायत की जांच करायी गई। जांच समिति व्दारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन अनुसार प्रथम दृष्टया शिकायत सही पायी गई है। वर्तमान में शुभम बंसल प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी के पद पर जिला-सूरजपुर में पदस्थ है।

Tags

Next Story