CG Janjgir news: पाकिस्तान और चीन से दो– दो हाथ करने वाले सेना के जवान की मौत, सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
CG Janjgir news: पाकिस्तान और चीन से दो–दो हाथ करने वाले सेना के जवान ने 84 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उन्हें अंतिम विदाई देने क्षेत्र के हजारों लोग पहुंचे। गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।

CG Janjgir news: जांजगीर। पाकिस्तान और चीन के साथ दो–दो हाथ करने वाले सेना के सेवानिवृत्त फौजी की मौत हो गई। उन्हें सैनिक सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी गई। उनके अंतिम संस्कार के दौरान माहौल गमगीन हो उठा। लोगों ने नाम आंखों से देश के वीर योद्धा को अंतिम विदाई दी।
जांजगीर जिले के पामगढ़ में रहने वाले 84 वर्षीय खोलबहरा यादव भारतीय थल सेना के वीर जवान थे। सेवा में रहते हुए उन्होंने 1965 के चीन युद्ध, 1965 के पाकिस्तान युद्ध और 1971 के बांग्लादेश युद्ध में भाग लेते हुए दुश्मनों के दांत खट्टे किए थे। सेना में रहकर देश की सेवा और रक्षा करने के बाद सेना से सेवानिवृत होकर जब वह छत्तीसगढ़ वापस आए तो उन्होंने एक्स सर्विसमैन के कोटे से राज्य सरकार की नौकरी ज्वाइन कर ली और वर्षों तक स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दी।
मिली जानकारी के अनुसार खोलबहरा यादव पिछले 9 माह से अस्वस्थ चल रहे थे और शारीरिक कारणों के चलते जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहे थे। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। कल सोमवार 27 अक्टूबर को उन्होंने अंतिम सांस ली। जब उनके निधन की खबर फैली तो पामगढ़ समेत आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। उनका पार्थिव शरीर आने से पहले ही उनके गांव और घर में लोगों की भीड़ जुटने लगी। कल सोमवार को जब जवान का पार्थिव शरीर जब तिरंगे में लिपटा गांव पहुंचा तो लोगों की आंख नम हो गई। आसपास के गांव और क्षेत्र से हजारों ग्रामीणों ने गांव पहुंचकर देश की सेवा करने वाले वीर को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
देश के सपूत को श्रद्धांजलि देने पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंस,सेना के सीओ, पामगढ़ थाना प्रभारी, कई भूतपूर्व सैनिक और प्रशासनिक तथा पुलिस के अधिकारी भी पहुंचे थे। सेना के जवानों ने उन्हें राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया। इसके साथ ही उनके पार्थिव शरीर में तिरंगा झंडा लपेटकर उन्हें सम्मान प्रदान किया गया। गार्ड ऑफ़ ऑनर के बाद पूरे सम्मान और भावनाओं के साथ गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम विदाई के वक्त परिजनों के अलावा वहां पहुंचे सेना के भूतपूर्व जवानों और गांव वालों की आंखें भी नम थी। भारत माता की जय के नारों से पूरा वातावरण गूंज रहा था। 9 माह तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने वाले खोलबहरा यादव जिंदगी से तो जंग हार गए पर देशवासियों के दिलों में हमेशा के लिए स्थान बना गए।
सेवानिवृत्ति फौजी के निधन पर जांजगीर एसपी विजय पांडे ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि देश के वीर जवान श्री खोलबहरा यादव का निधन हुआ है, उन्होंने न केवल 1962 और 65 में देश के लिए युद्ध लड़ा इसके अलावा 1971 का युद्ध भी लड़ा। पामगढ़ क्षेत्र के रहने वाले हैं, देश के लिए इतने युद्ध लड़ने वाले वीर जवान को हम अपने श्रद्धांजलि देते हैं।
वहीं कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि भारत माता के वीर सपूत ने देश की सेवा के लिए जान की बाजी लगाई थी। उनका इस तरह से जाना हम सबके लिए अपूर्णीय क्षति हैं। देश के लिए उन्होंने एक नहीं बल्कि तीन तीन लड़ाइयां लड़ी। जिला प्रशासन उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करता है।
