Begin typing your search above and press return to search.

CG Housing Scam: मंत्री और सचिव के इस ’ढाई’ और ’तीन’ अक्षर के खेल से करोड़ों का हुआ नुकसान, PM मोदी के सपने को लगा झटका...

CG Housing Scam: छत्तीसगढ़ में कॉलोनाईजर नियम बदलने में तीन बड़े खेला किया गया। एक तो विधानसभा चुनाव से ठीक पहले चुपके से गरीबों के आवास नियम को बदल दिया गया। दूसरा, 15 परसेंट को नौ परसेंट किया गया। मगर इससे भी बड़ा खेला किया गया ’आकार और संख्या’ में। कालोनाईजरों को मालामाल करने नियमों में प्रोजेक्ट के कुल आकार की जगह संख्या कर दिया गया। याने पुराने नियम में प्रोजेक्ट के कुल आकार का 15 परसेंट लैंड गरीबों के लिए आरक्षित करना था। मगर इसकी जगह मकानों की कुल संख्या कर दिया गया। याने तीन अक्षर के आकार को बदलकर ढाई अक्षर की संख्या मात्र करने से 200 एकड़ के लैंड का नुकसान हुआ, उसमें 27 ईडब्लूएस हजार आवास बनते। अफसरों को लगा कि आकार और संख्या इतनी बारिक चीज है कि कोई पकड़ नहीं पाएगा। मगर एनपीजी न्यूज ने इसे एक्सपोज कर दिया। जाहिर है, आकार और संख्या के इस खेल से छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को बड़ा झटका दिया गया।

CG Housing Scam: मंत्री और सचिव के इस ’ढाई’ और ’तीन’ अक्षर के खेल
X

CG Housing Scam

By Gopal Rao

CG Housing Scam: रायपुर। छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन विभाग की महिला सिकरेट्री मार्च 2023 में विधानसभा में विधेयक पारित करने के बाद खेल को समझ गई। उन्होंने आदेश को रोक दिया। महिला सचिव जब टस-से-मस नहीं हुई तो उन्हें हटा दिया गया। हालांकि, इस चक्कर में छह महीने तक आदेश नहीं निकल सका। तब तक जोर-तोड़, प्रेशर और सौदेबाजी चलती रही।

आखिरकार, अक्टूबर 2023 में विधानसभा चुनाव का ऐलान हुआ और उससे पहले 13 सितंबर को नए नियम को राजपत्र में प्रकाशित कर दिया गया। समझिए ये तीन खेला कैसे किया गया।

1. पहला खेला

13 सितंबर 2023 से पहले नियम यह था कि कालोनाईजर कालोनी के कुल क्षेत्रफल का 15 परसेंट एरिया आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए और 10 प्रतिशत एरिया निम्न आय वर्ग के लिए रिजर्व करेंगे। नगरीय प्रशासन विभाग ने इसे चुपके से कमजोर वर्गों के लिए 15 की जगह नौ परसेंट और निम्न आय वर्ग के लिए 10 की जगह छह परसेंट कर दिया। याने लगभग आधा।


2. दूसरा खेला

इस प्वाइंट को ठीक से समझिएगा....पहले कालोनी के कुल एरिया का गरीबों के लिए 15 और निम्न आय वर्ग के लिए 10 परसेंट प्लाट रिजर्व रखने का प्रावधान था। मगर नए नियम में परसेंट तो बदला ही, कालोनाईजरों ने इसे कालोनी के कुल क्षेत्रफल की बजाए प्लाटां की कुल संख्या करा लिया। याने आदेश में आकार की जगह संख्या लिख अफसरों ने बिल्डरों की लाटरी निकाल दी।

पुराने नियम अनुसार अगर कोई बड़ा बिल्डर 100 एकड़ की कालोनी बना रहा है तो उसे 15 एकड़ गरीबों के आवासों के लिए छोड़ना होता था। मगर इस नियम से अब 100 एकड़ में जितने मकान बनाएगा, उन मकानों की संख्या का नौ परसेंट गरीबों के लिए रिजर्व करेगा।

इसमें महत्वपूर्ण यह है कि कालोनी में कई साइज की प्लाटिंग की जाती है। बिल्डर अब इसमें क्या करेगा छोटे प्लाटों या छोटे मकानों की गिनती कर नौ और छह परसेंट की पूर्ति कर देगा। इसे आप ऐसे समझिए....10 एकड़ की कोई 100 प्लाटों की एक कालोनी है। उसमें 25 प्लाट 2400 फुट, 50 प्लाट 2000 फुट और 25 प्लाट 1200 फुट के हैं। चूकि नए नियम में अब कुल क्षेत्रफल के 15 परसेंट की बजाए कुल संख्या का नौ परसेंट किया गया है, लिहाजा कालोनाईजर सबसे छोटे वाले 1200 साइज के नौ प्लाट गरीबों के लिए रिजर्व कर मुक्ति पा लेगा। पुराने नियम के अनुसार बिल्डर को 10 एकड़ में से डेढ़ एकड़ गरीबों के लिए रिजर्व करना था। मगर अब आधा एकड़ से भी कम में उसका काम हो जाएगा। तभी इस नियम के बदलने से एक साल में 200 एकड़ जमीनों का नुकसान हो गया।

3. तीसरा सबसे बड़ा खेला

पहले के नियम में कालोनाईजरों को कालोनी के कुल एरिया का 15 प्रतिशत लैंड गरीबों के लिए आवास बनाने के लिए संबंधित नगर निगम या नगरपालिका को सौंपना पड़ता था। इसमें शर्त यह होती थी कि उक्त जमीन टाउन एंड कंट्री से स्वीकृत आवासीय एरिया हो। और कालोनी के 15 परसेंट एरिया के मूल्य के बराबर हो।

यानी ऐसा नहीं कि शंकर नगर में वीआईपी रोड में कालोनी हो और बिल्डर कहीं आउटर में सस्ती जमीन नगर निगम को टिका दें। नए नियम में नगरपालिक निगम और नगरपालिकाओं को लैंड देने के बजाए अब बिल्डरो और कालोनाईजरों पर छोड़ दिया गया कि वे जहां चाहे, खुद गरीबों के लिए नौ परसेंट और निम्न आय वर्ग के लिए छह परसेंट जमीन तय कर मकान बनाएं और उन्हें बेचें।

दोनों हाथों से लूटना

नए नियमों से छत्तीसगढ़ के बिल्डरों की स्थिति दोनों हाथ घी में और सिर कड़ाही में जैसी हो गई। याने गरीबों का रकबा भी कम किया गया, उपर से कुल आकार के बजाए संख्या कर दिया गया और तीसरा, वो जहां चाहे वहां प्लाटिंग कर आवास बनाए और खुद बेचें। याने गजब की अंधेरगर्दी।

सबसे बड़ा मजाक

नए नियमों में गरीबों और निम्न वर्ग के आवासों की बिक्री के लिए जो नियम बनाए गए, वो भी गले नहीं उतर रहा है। बिल्डर उसके लिए आवेदन आमंत्रित करेगा। लिस्ट को स्कूटनी करके याने जो गरीबी की शर्तें पूरा करते हों, उनकी लिस्ट बनाकर निगम या नगरपालिका के सक्षम अधिकारी को सौंपेगा। उसके बाद उन्हें बेचेगा। इसे पढ़कर आप भी चकित होंगे। पिछले एक साल में दर्जनों नई कालोनियों के लिए प्लाटिंग हुई है। आपने कहीं किसी बिल्डर का इश्तेहार देखा है, जिसमें वे गरीबों और निम्न आय वर्ग से आवेदन मंगाए हो।

कोई मानिटरिंग नहीं

कालोनाईजरों को जमीन रिजर्व करने और आवास बनाकर बेचने का प्रावधान तो किया गया मगर उसकी निगरानी कौन करेगा, नए नियमों में इसका कोई उल्लेख नहीं। याने कालोनाईजर ने गरीबो के लिए कालोनी के तीन किलोमीटर के दायरे में जमीन रिजर्व किया है या नहीं, आवासीय है या कृषि भूमि? निर्धारित साइज का आवास बना रहा या नहीं? नए नियम में इस पर कुछ भी नहीं कहा गया है। याने बिल्डरों को गरीबों को लूटने की खूली छूट दे दी गई।

चुनाव से महीने भर पहले क्यों?

जिस कालोनाईजर एक्ट को बदलवाने के लिए छत्तीसगढ़ के बिल्डर 13 सालों से प्रयासरत रहे, वह विधानसभा चुनाव 2023 से 15 दिन पहले क्यों किया गया...यह प्रश्न लाजिमी है। जाहिर है, रमन सरकार के दौरान भी बिल्डरों ने काफी प्रयास किया। मगर सरकार टस-से-मस नहीं हुई। कांग्रेस सरकार में भी चार साल तक बिल्डरों की दाल नहीं गली। अक्टूबर के फर्स्ट वीक में आचार संहिता संभावित थी। इससे पहले 13 सितंबर को कालोनाईजर एक्ट को बदल दिया गया।

1000 करोड का फटका

कालोनाईजर एक्ट में संशोधन से गरीबों के नाम पर बिल्डरों से मिलने वाली 15 फीसदी जमीनें मारी गई। पिछले एक साल में रेरा में 55.65 लाख वर्ग मीटर जमीनों की कालोनियों के लिए रजिस्ट्रेशन कराया गया है। 15 परसेंट के हिसाब से नगरपालिकाओं और नगर निगमों को एक साल में 200 एकड़ जमीनें मिलती और इसमें 300 वर्ग फुट की 27 हजार ईडब्लूएस आवास बनते। सोचिए, सिर्फ एक साल में गरीबों और सरकार का इतना बड़ा नुकसान हुआ, तो साल-दर-साल क्या होगा।

सिर्फ एक साल की बात करें तो शहरों में गिरे हालत में पांच करोड़ रुपए एकड़ जमीन होंगी तो 200 एकड़ का एक हजार करोड़ होता है। याने बिल्डरों को एक साल में एक हजार करोड का फायदा हुआ।

रेरा के अनुसार 13 सितंबर 2023 के बाद अब तक छत्तीसगढ़ में 217 नए प्रोजेक्ट की मंजूरी मिली है। इसके लिए 54,65756 वर्ग मीटर क्षेत्रफल की जमीन निर्धारित की गई है। इनमें 25170 प्लाट कटेंगे या आवास बनेंगे।

13 सितंबर 2023 से पहले के नियम के अनुसार 54.65 लाख वर्ग मीटर में से 15 परसेंट के हिसाब से कालोनाईजर गरीबों के लिए आवास के लिए नगरपालिकाओं या नगर निगमों को 200 एकड़ जमीन देते। इसमें गरीबों के लिए 300 वर्ग फुट के 27 हजार पक्के मकान बनते।

200 की बजाए अब 20 एकड़

नए नियम के अनुसार अब 200 एकड़ की जगह कालोनाईजर 20 एकड़ जमीन गरीबों के लिए सुरक्षित रख फुरसत पा जाएंगे। जबकि, 54.65 लाख वर्ग मीटर में से 15 परसेंट के हिसाब से उन्हें 200 एकड़ जमीन देना पड़ता। मगर 15 को घटाकर 9 परसेंट करने और क्षेत्रफल को संख्या में परिवर्तित करने के चतुराई भरे खेल से अब वे 20 एकड़ जमीन ही रिर्जव करेंगे। क्योंकि, सबसे छोटे साइज के 500 फुट के प्लाट की बात करें तो 9 परसेंट अनुसार 20 एकड़ होगा।

नगरनिगमों को जीरो

नए नियमों के गरीबों के लिए आरक्षित की जाने वाली जमीनें 15 से घटकर 9 परसेंट तो किया ही गया, उसे भी नगरपालिकाओं और नगर निगमों को नहीं दिया जाएगा। कालोनाईजर खुद ही अपने हिसाब से जमीनें आरक्षित करेंगे और खुद ही बनाकर बेच देंगे। मतलब नगरपालिकाओं और नगर निगमों के हाथ में अब कुछ भी नहीं रहेगा। इस नियम से हर साल नगरपालिकाओं को लैंड बैंक बनता जा रहा था। इसी जमीनों पर शहरों के भीतर गरीबों के लिए पक्का आवास बनाया जा रहा था।

देश में छत्तीसगढ़ का यूएसपी

गरीबों के लिए शहरों के भीतर अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट बनाने के लिए देश में छत्तीसगढ़ को नजीर के रूप में पेश किया जा रहा था। क्योंकि, दूसरे राज्यों में ये नियम नहीं है। बाकी सभी राज्यों में शहरों के भीतर जमीन बची नहीं। लिहाजा, उन्हें शहरों के 30-40 किलोमीटर बाहर गरीबों के लिए आवास बनाया जाता है। भारत सरकार में होने वाली मीटिंगों में छत्तीसगढ़ को इसके लिए खूब वाहवाही मिलती थी कि देश का अकेला राज्य जहां गरीबों को शहरों के भीतर व्यवस्थान की व्यवस्था की जाती है।

छत्तीसगढ़ में पिछले विधानसभा चुनाव के पहले बिल्डरों ने गरीबों के हक पर डाका डालने का काम किया, उसके लिए वे पिछले 23 साल से प्रयासरत थे। पहले अजीत जोगी सरकार में नियम बदलवाने की कोशिश की। उसके बाद रमन सिंह सरकार के 15 बरसों तक लगातार दबाव डालते रहे कि किसी भी तरह नियम बदल जाए, जिससे उन्हें दोनों हाथ से मलाई खाने का मौका मिल जाए।

रमन सिंह सरकार में आवास और पर्यावरण विभाग तथा नगरीय प्रशासन में लंबे समय तक डायरेक्टर रहे एक अफसर ने एनपीजी न्यूज को बताया कि रमन सिंह की दूसरी और तीसरी पारी में कालोनाईजरों का बडा प्रेशर था कि गरीबों और कमजोर आय वर्ग के लिए जमीन छोड़ने का नियम बदल दिया जाए। खासकर, 2018 में विधानसभा चुनाव से पहले सारे कालोनाईजर एकजुट हो गए थे। मगर सरकार टस-से-मस नहीं हुई।

दरअसल, छत्तीसगढ़ देश का पहला नजीर पेश किया था, जो कालोनाईजरों से जमीन लेकर गरीबों के लिए शहरों में फ्लैट बनाकर दे रहा था। बिल्डर चाहते थे कि जमीन नगरपालिक और नगर निगम को देने की बजाए उन्हें अधिकार दे दिया जाए....वे खुद बनाकर बेचेंगे।

पिछली सरकार में विधानसभा चुनाव से महीना भर पहले सितंबर में वे इसमें कामयाब हो गए। नगरीय प्रशासन विभाग ने कालोनाईजरों की मिलीभगत से गरीबों के हकों की कटौती करने वाला आदेश 13 सितंबर 2023 को राजपत्र में प्रकाशित कर दिया। कालोनाईजर नियमों में ऐसे समय बदलाव किया गया, जब पूरा तंत्र चुनाव में लगा था। याने छत्तीसगढ़ के कालोनाईजर 23वें साल में गरीबों का हक मारने में कामयाब हो गए।

Gopal Rao

गोपाल राव रायपुर में ग्रेजुएशन करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। विभिन्न मीडिया संस्थानों में डेस्क रिपोर्टिंग करने के बाद पिछले 8 सालों से NPG.NEWS से जुड़े हुए हैं। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं।

Read MoreRead Less

Next Story