CG Health Employees News: नेशनल हेल्थ मिशन कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी: 24 घंटे में ड्यूटी में नहीं लौटने पर सेवा समाप्ति का अल्टीमेटम...
CG Health Employees News: 10 सूत्रीय मांगों को लेकर नेशनल हेल्थ मिशन के कर्मचारी हड़ताल पर डटे हैं। सेवा समाप्ति की चेतावनी मिलने के बावजूद भी कर्मचारी पीछे नहीं है रहे हैं। अनाधिकृत अनुपस्थित और हड़ताल को लोकहित के खिलाफ मानते हुए आयुक्त सब मिशन संचालक ने प्रदेश अध्यक्ष और अन्य कर्मचारियों को अंतिम नोटिस जारी कर कहा है कि यदि कार्य पर वापसी नहीं होती तो सेवा समाप्ति की कार्यवाही की जाएगी।

CG Health Employees News: रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के हड़ताल कर रहे कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी जारी कर दी गई है। आदेश में कहा गया है कि यदि 24 घंटे के भीतर सभी कर्मचारी काम पर वापस नहीं लौटते, तो उनकी सेवा समाप्त कर दी जाएगी।
10 सूत्रीय मांगों को लेकर जारी है आंदोलन
एनएचएम के कर्मचारी नियमितीकरण सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। हड़ताल खत्म करने के लिए पहले ही सभी जिला चिकित्सा अधिकारियों ने नोटिस जारी किए थे, लेकिन कर्मचारियों ने ड्यूटी पर लौटने से इंकार कर दिया। इस हड़ताल की वजह से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।
आयुक्त सह मिशन संचालक ने भेजा नोटिस
आयुक्त सह मिशन संचालक, एनएचएम छत्तीसगढ़ ने प्रदेश अध्यक्ष और अन्य कर्मचारियों को नोटिस जारी करते हुए कहा है कि अनाधिकृत अनुपस्थिति और हड़ताल को लोकहित के खिलाफ माना गया है। कार्यकारिणी समिति की बैठक में इस पर सक्षम स्तर से निर्णय लेकर आदेश जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद हड़ताल जारी रखना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
आदेश में साफ उल्लेख है कि अंतिम पत्र जारी कर दिया गया है। यदि निर्धारित समय सीमा में कार्यस्थल पर वापसी नहीं होती, तो सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी।
आदेश के बावजूद हड़ताल पर डटे कर्मचारी
सेवा समाप्ति की चेतावनी मिलने के बाद भी कर्मचारी आंदोलन से पीछे नहीं हटे हैं। आदेश लागू होने की स्थिति में हजारों कर्मचारियों की नौकरी पर संकट गहराना तय है। अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि कर्मचारी अपने रुख में बदलाव करते हैं या सरकार निर्णायक कदम उठाती है।
