CG Crime News: नशे की कमाई से बनाया आलीशान बंगला: सफेमा कोर्ट से फ्रीज करने आया आदेश, पुलिस ने कुर्क की थी संपत्ति..
CG Crime News: बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। नशे के धंधे में शामिल लोगों के अलावा पैडलर पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। नशे की कमाई से बनाई गई संपत्ति को अटैच करने का काम छत्तीसगढ़ में सबसे पहले बिलासपुर से शुरू हुआ है। संपत्ति कुर्क करने के बाद फ्रीज करने के लिए मुंबई सफेमा कोर्ट में मामला पेश किया जा रहा है। इसी कड़ी में सफेमा कोर्ट ने नशे के सौदागरों द्वारा नशे का सामान बेचकर बनाए गए आलीशान बंगला को फ्रीज करने का निर्देश दिया है। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस अब इन बंगलों और संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई करेगी।

CG Crime News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी और सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में NDPS की कार्रवाई के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की थी। तीनों प्रकरणों को पुलिस ने मुंबई सफेमा कोर्ट में पेश किया था। मामले में दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने पूरी संपत्ति को अवैध घोषित कर दिया है। संपत्ति को अवैध घोषित करने के साथ ही इसे फ्रीज करने का निर्देश कोर्ट ने बिलासपुर पुलिस को दिया है। बता दें कि संपत्ति फ्रीज करने के मामले में बिलासपुर पुलिस छत्तीसगढ़ में टॉप पर है।
NDPS एक्ट की धारा 68-एफ के तहत संपत्ति कुर्क करने के बाद पुलिस ने संपत्तियों को फ्रीज करने अनुमति के लिए प्रकरण सफेमा कोर्ट में पेश किया था। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गांजा तस्कर अजय चक्रवर्ती की संपत्ति कुर्क की थी। उसने नशे के अवैध कारोबार से 1.20 करोड़ रुपये खर्च कर दो आलीशान मकान बनाया है। सकरी पुलिस ने चोरभट्ठी से गांजा बेचने वाली क्रांति पांडेय और गांजा सप्लायर दीपक गंडा का 15 लाख का मकान और 21 लाख का प्लाट कुर्क किया है। दोनों मामले में संपत्तियों को फ्रीज करने व जरुरी कार्रवाई के संबंध में अनुमति के लिए मुंबई सफेमा कोर्ट में मामला पेश किया था। मामले की सुनवाई के बाद सफेमा कोर्ट ने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति को फ्रीज करने का आदेश पुलिस को दिया है।
सकरी पुलिस ने गांजे का कारोबार करने वाली चोरभट्ठी खुर्द निवासी क्रांति पांडेय व सप्लायर दीपक गंडा को लेनदेन करते हुए पकड़ा था। कार्रवाई के बाद जब संपत्ति की जांच की गई तो 15 लाख का मकान व 21 लाख रुपए कीमत का प्लॉट के दस्तावेज पुलिस को मिला था। दीपक से गांजा सप्लाई करने के बाद प्राप्त की गई ढाई लाख रुपए कैश जब्त किया था।
सिरगिट्टी पुलिस ने गांजा तस्कर अजय चक्रवर्ती को गांजा परिवहन के मामले में पकड़ा था। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश के जबलपुर में भी एनडीपीएस के अपराध दर्ज है। संपत्ति की जांच मे पुलिस को पत्नी और प्रेमिका के नाम सिरगिट्टी आवास पारा व टिकरापारा में 1.20 करोड़ की संपत्ति मिलीञ इन संपत्तियों को जब्त करने के बाद फ्रीज करने के संबंध में अनुमति लेने मामला सफेमा कोर्ट में पेश किया था।
7 केस में 20 आरोपियों की 7.50 करोड़ की संपत्ति जब्त
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि बिलासपुर पुलिस ने अब तक जिले में गांजा व नशीली दवा के कारोबार व तस्करी से जुड़े 7 मामलों में 20 आरोपियों की संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की है। सफेमा कोर्ट के आदेश के बाद नशे के सौदागरों से नशे का समान बेचकर बनाई गई 7.50 करोड़ रुपए की संपत्ति को फ्रीज किया गया है। बता दें कि संपत्ति फ्रीज करने के मामले में बिलासपुर पुलिस छत्तीसगढ़ में टॉप पर है।
विवेचकों को एसएसपी ने दिया कैश रिवार्ड
सकरी थाना के एएसआई सुरेंद्र तिवारी और सिरगिट्टी थाना के हवलदार प्रभाकर सिंह ने विवेचना की थी। दोनों मामलों में उत्कृष्ट व सटीक विवेचना के कारण सफेमा कोर्ट ने पुलिस की पूरी कार्रवाई को वैद्य मानते हुए संपत्तियों को फ्रीज करने का आदेश जारी किया है। दोनों विवेचकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी रजनेश सिंह ने उन्हें 500-500 रुपए कैश रिवार्ड दिया है।
