Begin typing your search above and press return to search.

पुलिस-पार्टी पर हमला: कॉन्स्टेबल की वर्दी फाड़ी, महिला आरक्षक से किया धक्का-मुक्की, एक्सीडेंटल कार जब्त करने पर हुआ जमकर विवाद

CG Crime News: छत्तीसगढ़ बिलासपुर में होली के दिन ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। कांस्टेबल की वर्दी फाड़ दी, महिला आरक्षक के साथ धक्का मुक्की की।

CG Crime News
X
इमेज- इंटरनेट 
By Radhakishan Sharma

बिलासपुर। 6 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ बिलासपुर में होली के दिन पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। कार से एक्सीडेंट करने वाले युवक को पकड़ने और गाड़ी जब्त करने को लेकर बदमाशों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया। गाली-गलौज करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की।। एक कॉन्स्टेबल घायल हो गया। दूसरे कॉन्स्टेबल की बदमाशों ने वर्दी फाड़ दी गई।

टीआई की कलाई पर भी चोट आई है। बदमाशों ने महिला कॉन्स्टेबल के साथ धक्का-मुक्की की। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस का कहना है कि कार सवार ने दोस्तों को बुलाकर टीम के साथ मारपीट की और सरकारी काम में बाधा डाला। 8 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जिसकी तलाश की जा रही है। मामला बिल्हा थाना क्षेत्र का है।

क्या है पूरा मामला ?

4 मार्च को होली ड्यूटी के दौरान पेंडरवा निवासी जलेश्वर साहू शिकायत लेकर थाने पहुंचा था। इसी दौरान उनकी बेटी ने सूचना दी कि कुछ लोग शराब के नशे में उनके घर के सामने गाली-गलौज कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अवनीश पासवान पेट्रोलिंग टीम के साथ ग्राम पेंडरवा के लिए रवाना हुए। रास्ते में ग्राम निपनिया पीपल चौक के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार CG 10 N 2288 डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।

पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से कार को सड़क से हटवाया। इसके बाद ड्राइवर और गाड़ी को थाने ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान जावेद, अजिम, कार्तिक श्रीवास और पप्पू वहां पहुंचे और पुलिसकर्मियों से विवाद करने लगे।

पुलिस टीम को घेरा

विवाद के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों श्याम बंसल, राहुल बंसल और यश बंसल को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर पुलिसकर्मियों से बदतमीजी की, अश्लील गाली-गलौज की और सरकारी काम में बाधा डालते हुए मारपीट शुरू कर दी।

टीआई को घेरा, झूमाझटकी की

बदमाशों की संख्या अधिक होने के कारण टीआई अवनीश पासवान उन्हें समझाकर शांत कराने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन शराब के नशे में आरोपियों ने उन्हें भी घेर लिया और झूमाझटकी शुरू कर दी। जिससे उनकी कलाई में चोट आ गई।

कॉन्स्टेबल की वर्दी फाड़ी, महिला कॉन्स्टेबल से धक्का-मुक्की

हंगामे के दौरान आरोपियों ने कॉन्स्टेबल मौसम साहू की वर्दी फाड़ दी। महिला कॉन्स्टेबल चंदा यादव के साथ धक्का-मुक्की की। मारपीट में कॉन्स्टेबल संतोष मरकाम घायल हो गए। बाद में किसी तरह पुलिस टीम मौके से निकल पाई।

8 आरोपियों के खिलाफ FIR

थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि जावेद, अजिम, श्याम बंसल, राहुल बंसल, यश बंसल, कार्तिक श्रीवास और पप्पू सहित अन्य साथियों के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 121(1), 132, 191(2), 221, 296 और 351 (3) के तहत एफआईआर दर्ज किया है। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश कर रही है।

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story