Begin typing your search above and press return to search.

CG Congress: नया सियासी प्रयोगः छत्तीसगढ़ में कांग्रेस बनाएगी अब पंचायत अध्यक्ष, जल्द होगी नियुक्तियां, विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारी

CG Congress: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव 2028 को ध्यान में रख कर नए फार्मूले पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी पहली बार संगठन में पंचायत अध्यक्ष बनाने जा रही है और इसकी जल्द नियुक्ति के आदेश सभी जिला अध्यक्षों को दे दिए गए हैं।

CG Congress: नया सियासी प्रयोगः छत्तीसगढ़ में कांग्रेस बनाएगी अब पंचायत अध्यक्ष, जल्द होगी नियुक्तियां, विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारी
X

इमेज सोर्स- NPG News

By Radhakishan Sharma

17 February 2026|रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के तय नए फार्मूले को लागू करने का सिलसिला शुरू कर दिया है। पार्टी ने नवनियुक्त सभी जिला अध्यक्षों को आदेश दिया है कि वे जल्द ही अपने जिलों में पंचायत अध्यक्षों की नियुक्ति कर लें। प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में एक- एक पंचायत अध्यक्ष बनाए जाएंगे। पार्टी का मानना है कि इससे संगठन निचले स्तर पर मजबूत होगा और आगामी सभी चुनावों में इससे काफी मदद मिलेगी। इस पंचायत अध्यक्ष के अधीन ही पंचायत के सभी बूथ अध्यक्ष रहेंगे। इस तरह से पंचायत अध्यक्ष का पद पावरफुल रहेगा और भविष्य में सरपंच या जनपद के प्रमुख पदों के दावेदार के रूप में भी उभर सकते हैं।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि शहरों में संगठन का ढांचा यथावत रहेगा। शहर में हर वार्ड में एक अध्यक्ष बनाया गया है और इसी वार्ड अध्यक्ष के अधीन सभी बूथ अध्यक्ष रहेंगे। संगठन के सृजन कार्यक्रम में फैसला लेते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। पंचायत में वार्ड स्तर भी पदाधिकारी रहेंगे, मगर इससे ऊपर पंचायत स्तर पर पंचायत अध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया गया है। माना जा रहा है कि ग्रामीण इलाकों की कांग्रेस की राजनीति भविष्य में पंचायत अध्यक्षों पर काफी निर्भर हो जाएगी। लोकसभा, विधानसभा से लेकर पंचायत स्तर तक के चुनाव में इन पंचायत अध्यक्षों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

जांगिड़ ने ली पहली रिपोर्ट-

लोकसभा प्रभारी बनाए गए विजय जांगिड़ ने सोमवार को रायपुर में बैठक लेकर रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर और जांजगीर लोकसभा क्षेत्र की रिपोर्ट ली। इसमें इन लोकसभा क्षेत्रों के सभी जिला अध्यक्ष मौजूद थे। ये जिला अध्यक्ष सृजन कार्यक्रम के तहत नए बनाए गए हैं और इसके बाद यह पहली बैठक थी। बताया जाता है कि जिला अध्यक्षों को पंचायत अध्यक्ष की नियुक्ति का काम यथाशीघ्र पूरा करने को कहा गया है।इस नए पद के लिए ग्राम पंचायतों में होड़ लगने की संभावना है, क्योंकि ग्रामीण इलाके में पंचायत अध्यक्ष की पूछपरख ज्यादा होगी।

पहली बार समयसीमा तय-

कांग्रेस ने पहली बार संगठनात्मक नियुक्तियों के लिए समयसीमा तय कर दी है। इससे पहले तक जिलों में जिला अध्यक्ष को हर स्तर पर नियुक्तियों का आदेश होता था, मगर कोई समयसीमा नहीं होने से इसमें विलंब हो जाता था। नए जिला अध्यक्षों को बने लगभग 60 दिन होने जा रहे हैं, ऐसे में लोकसभा प्रभारी जांगिड़ ने अपेक्षा की है कि सभी जिलों में नियुक्तियों का काम समयसीमा के भीतर हो जाना चाहिए। जिला कार्यकारिणी बनाने के लिए 20 दिनों का समय दिया गया था और ज्यादातर जिलों में कार्यकारिणी का विस्तार हो चुका है। इसी तरह ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए 30 दिनों का समय तय है और इसका भी पालन हो चुका है। अब बूथ स्तर पर बूथ अध्यक्ष बनाने के लिए 60 दिन की समयसीमा है। इसी समयसीमा के भीतर ग्राम पंचायत अध्यक्ष बनाए जाने हैं, इससे संभावना है कि इसकी नियुक्ति तेजी से की जाएगी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि इसके लिए सभी जिला अध्यक्षों को अधिकार दे दिया गया है। उन्हें पंचायत अध्यक्ष तय कर सूची प्रदेश कांग्रेस कमेटी को अनुमोदन के लिए भेजना है और माना जा रही है कि यही सूची फाइनल कर दी जाएगी। शहरों में भी वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति का काम लगभग हो चुका है।

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story