CG Cabinet Meeting: कैबिनेट की बैठक 30 को, 25 साल में दूसरा मौका जब कैबिनेट अपने सिकरेट्री को विदाई देगा
CG Cabinet Meeting: विष्णुदेव साय मंत्रिपरिषद की बैठक 30 जून को होने जा रही है। इसमें चीफ सिकरेट्री अमिताभ जैन को विदाई दी जाएगी। मुख्य सचिव कैबिनेट के सिकरेट्री होते हैं। राज्य बनने के बाद यह दूसरा मौका होगा, जब चीफ सिकरेट्री के रिटारमेंट के मौके पर कैबिनेट की बैठक बुलाई जा रही है।

CG Cabinet Meeting: रायपुर। मुख्य अमिताभ जैन को सम्मानपूर्वक विदाई देने 30 जून को दोपहर 12 बजे मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक आयोजित की जा रही है। हालांकि, कैबिनेट के लिए कई और एजेंडा भी रखा गया है। मगर मूलतः बैठक का उद्देश्य चीफ सिकरेट्री अमिताभ जैन को विदाई देना है।
दूसरा मौका
राज्य बनने के बाद यह दूसरा मौका होगा, जब किसी चीफ सिकरेट्री के रिटायर होने पर कैबिनेट की बैठक बुलाई जा रही है। इससे पहले 28 फरवरी 2014 को चीफ सिकरेट्री सुनिल कुमार को विदाई देने कैबिनेट की बैठक बुलाई गई थी। तब डॉ0 रमन सिंह समेत लगभग सभी मंत्रियों ने अपने उद्बोधन में सुनिल कुमार के कार्यों की तारीफ की थी।
रिकार्ड पारी
छत्तीसगढ़ के 12 मुख्य सचिवों में अमिताभ जैन का कार्यकाल सबसे लंबा रहा। वे चार साल सात महीने का रिकार्ड कार्यकाल पूरा कर 30 जून 2025 को रिटायर होंगे। छत्तीसगढ़ में अब तक किसी चीफ सिकरेट्री ने चार साल को भी क्रॉस नहीं किया। विवेक ढांड जरूर चार साल क्लब में दाखिल होने से 20 दिन से चूक गए।
दो सरकारों में सीएस
अमिताभ जैन छत्तीसगढ़ के ऐसे दूसरे मुख्य सचिव हैं, जिन्हें दो-दो सरकारों में काम करने का मौका मिला। नवंबर 2020 में भूपेश बघेल सरकार ने आरपी मंडल के रिटायर होने पर अमिताभ को मुख्य सचिव बनाया था। इसके बाद दिसंबर 2023 में बीजेपी की सरकार आने के बाद भी उन्होंने डेढ़ साल तक कंटीन्यू किया। अमिताभ से पहले सुयोग्य मिश्रा दो सरकारों में चीफ सिकरेट्री रहे। अजीत जोगी सरकार ने उन्हें 2002 में मुख्य सचिव बनाया था। इसके बाद नवंबर 2003 में बीजेपी की सरकार आई तो उसके बाद भी उन्हें नहीं बदला गया। वे रुटीन से 2004 में रिटायर हुए।
नए सीएस का आदेश
पता चला है, विष्णुदेव कैबिनेट में अमिताभ जैन की विदाई के बाद राज्य सरकार नए मुख्य सचिव का आदेश जारी कर देगी। जानकारों का कहना है कि कैबिनेट की बैठक से पहले सरकार नए प्रशासनिक मुखिया का ऐलान नहअीं करना चाहेगी।