Begin typing your search above and press return to search.

CG Bilaspur News: न्यायधानी के नजदीक पहुंचा हाथी, घर के आंगन में सो रही महिला को कुचल कर मारा, 12 साल का बेटा और एक अन्य ग्रामीण गंभीर

CG Bilaspur News: जंगल से सटे गांवों के अलावा अब हाथी न्यायधानी बिलासपुर से लगे गांव तक भी पहुंच गए हैं। आज तड़के गांव में घुसे जंगली हाथी ने घर के बाहर धान की रखवाली के लिए सो रही महिला को कुचल कर मार डाला। वही उसके साथ सोए 12 वर्षीय बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसके बाद पड़ोस के गांव में भी घुस एक ग्रामीण को हाथी ने नुकसान पहुंचाया है।

CG Bilaspur News: न्यायधानी के नजदीक पहुंचा हाथी, घर के आंगन में सो रही महिला को कुचल कर मारा, 12 साल का बेटा और एक अन्य ग्रामीण गंभीर
X
By Radhakishan Sharma

CG Bilaspur News: बिलासपुर। हाथियों का आतंक अब महानगर माने जाने वाले न्यायधानी बिलासपुर के पास भी देखने को मिला है। बिलासपुर शहर से सटे गांव में पहुंचे हाथी ने घर के आंगन में धान की फसल की रखवाली के लिए सो रही महिला को कुचल कर मार डाला। वहीं महिला के साथ सो रहा उसका 12 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। हाथी का आतंक यही नहीं रुका। उसने आगे बढ़कर पड़ोस के गांव में घुस एक अन्य व्यक्ति को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पूरा मामला आज तड़के शुक्रवार सुबह का है। सरकंडा थाना क्षेत्र के बैमा रोड स्थित खपराखोल गांव में आज हाथियों का आतंक देखने को मिला। गांव में जंगली हाथी के आ जाने से अफरा– तफरी मच गई। जंगली हाथी ने आंगन में सो रही महिला को कुचल कर मार डाला,जबकि उसके साथ सो रहा 12 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद जंगली हाथी ने धुरीपारा पौंसरा गांव में घुसकर एक व्यक्ति पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घायलों का उपचार जारी है,वही मृत महिला का शव पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

खपराखोल निवासी लेढ़वाराम यादव किसान हैं। गुरुवार को उन्होंने अपने खेत से धान की मिंजाई कराई थी, जिसे उन्होंने आंगन में ही रख दिया था। चारों ओर से खुले आंगन में रखे धान की देखरेख के लिए उनकी पत्नी कुमारी बाई (53) प्लास्टिक के टेंट जैसा आश्रय बनाकर बेटे दुर्गाप्रसाद (12) के साथ वहीं सो रही थी। आज शुक्रवार की सुबह करीब 5 बजे बैमा तालाब की ओर से हाथी गांव में दाखिल हुआ। पड़ोसी की नजर हाथी पर पड़ी तो उसने शोर मचाकर लोगों को सतर्क करने की कोशिश की, लेकिन तब तक हाथी कुमारी बाई के आंगन तक पहुंच चुका था। हाथी ने आंगन में सो रही कुमारी बाई और उसके बेटे को बेरहमी से रौंद दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद हाथी धुरीपारा पौंसरा की ओर बढ़ गया, जहां उसने एक और व्यक्ति पर हमला कर घायल कर दिया। सूचना के बाद भी वन विभाग की टीम करीब पांच घंटे बाद सुबह 10 बजे मौके पर पहुंची, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा लिया है और मामले की जांच जारी है। वह वन विभाग ने हाथी से सतर्क रहने और रात में घर के बाहर निकलने और घर के बाहर नहीं सोने की मुनादी ग्रामीणों को करवाई हैं। इसके साथ ही जंगली हाथी का लोकेशन ट्रैक करने के प्रयास में वन विभाग की टीम जुटी हुई है।

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story