CG ACB Trap: महिला तहसीलदार और पटवारी गिरफ्तार, एसीबी ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों किया गिरफ्तार
CG ACB Trap: महिला तहसीलदार और पटवारी को धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी से 35 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने गिरफ्तार किया है.

इमेज सोर्स- NPG News
4 February 2026| जांजगीर। जांजगीर जिले के पामगढ़ तहसील में एंटी करप्शन ब्यूरो ने रेड मारकर अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव को 35 हजार रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों चोरभट्टी धान खरीदी केंद्र के प्रभारी से रिश्वत ले रहे थे। इसी दौरान एसीबी ने ट्रैप का आयोजन कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को एसीबी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वही पूरे तहसील कार्यालय परिसर में हड़कंप का माहौल है।
पामगढ़ तहसील में अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर पदस्थ हैं। इसी तहसील में पटवारी आयुष ध्रुव पदस्थ है। पामगढ़ ब्लॉक में चोरभट्टी धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी से दोनों रिश्वत मांग रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार धान खरीदी केंद्र के भौतिक सत्यापन और टोकन काटने की दोनों जांच कर रहे थे, जिसमें मन मुताबिक रिपोर्ट देने के लिए दोनों ने रिश्वत मांगी थी। रिश्वत मांगने की शिकायत उपार्जन केंद्र के प्रभारी ने एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर कार्यालय में की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करवाया। शिकायत सत्यापन होने के बाद ट्रैप का आयोजन किया।
जिसके बाद आज एसीबी की टीम पामगढ़ तहसील कार्यालय पहुंची। यहाँ जैसे ही अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव ने रिश्वत की रकम 35 हजार ली वैसे ही प्रार्थी के इशारा करने पर घात लगाई टीम ने रेड मारकर अतिरिक्त तहसीलदार और पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से वही नोट बरामद हुए जिस सीरीज के नोटों को एसीबी ने प्रार्थी को दिया था। इसके अलावा दोनों के नोट में लगे केमिकल से हाथ धुलवाने पर हाथ भी रंग गए।
बता दे रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने के बाद दोनों को हिरासत में ले पूछताछ की गई। पामगढ़ तहसील कार्यालय परिसर में ही एसडीएम कार्यालय और व्यवहार न्यायालय भी स्थित हैं। जिसकी वजह से वहां वकीलों और पक्षकारों की भीड़ लगी हुई थी। रेड कार्यवाही के बाद वहां हड़कंप मच गया और अफरा– तफरी का माहौल निर्मित हो गया। एसीबी दोनों को न्यायिक रिमांड के लिए अदालत में प्रस्तुत करने वाली है।
